केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में हर साल लाखों छात्र बैठते हैं। छात्रों और शिक्षकों को बोर्ड परीक्षा के बारे में सारी डिटेल्स समझाने के लिए सीबीएसई ने एक अहम फैसला लिया है। बोर्ड परीक्षा 2026 को लेकर बोर्ड ने सभी स्कूलों के लिए एक जरूरी लाइव वेबकास्ट आयोजित करने का फैसला किया है। यह वेबकास्ट परीक्षा की नई व्यवस्था, गाइडलाइंस और मूल्यांकन प्रक्रिया को समझाने के लिए किया जाएगा। सभी स्कूलों को इस कार्यक्रम में शामिल होना जरूरी होगा।
सीबीएसई हर साल इस तरह का आयोजन करता है। बोर्ड परीक्षाओं के बड़े स्तर को देखते हुए इस कार्यक्रम को काफी अहम माना जाता है। इस साल बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं और परीक्षाओं से ठीक पहले इस वेबकास्ट में बच्चों और शिक्षकों को अहम जानकारी दी जाएगी। यह वेबकास्ट आज , 13 फरवरी को 11 बजे से लाइव देखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: क्लाउड कंप्यूटिंग में होता क्या है, जिसमें लगातार बढ़ रहा है करियर का स्कोप?
कहां देख सकेंगे?
इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए सीबीएसई ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी पोस्ट शेयर किया। सीबीएसई ने पोस्ट में बताया कि इस वेबकास्ट को आप लाइव यूट्यूब पर देख सकते हैं। इसके लिए पोस्ट में लिंक भी दिया गया है। इसके साथ ही अगर आपको लिंक से लाइव नहीं मिलता तो आप यूट्यूब के सर्च टैब में जाकर BoardExams@CBSE सर्च कर सकते हैं। इससे आपके सामने लाइव वेबकास्ट ओपन हो जाएगा।
वेबकास्ट क्यों आयोजित किया जा रहा है?
परीक्षाओं से ठीक पहले यह वेबकास्ट आयोजित किया जा रहा है। इस बारे में बोर्ड ने कहा कि यह वेबकास्ट इसलिए आयोजित किया जा रहा है ताकि परीक्षा के बारे में किसी को कोई सवाल ना रहे और हर जगह समान रूप से परीक्षा आयोजित की जा सके। बोर्ड ने बताया कि बड़ी संख्या में परीक्षा में छात्र शामिल होते हैं इसलिए परीक्षा से पहले इसके बारे में सारी जानकारी एक समान रूप से देना जरूरी हो जाता है।
यह भी पढ़ें: ऑन-स्क्रीन मार्किंग से चेक होंगी CBSE 12वीं क्लास की कॉपियां, क्या है खासियत?
14 फरवरी तक अपलोड करने होंगे नंबर
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने देशभर के स्कूलों को नोटिस जारी कर बता दिया है कि 10वीं और 12वीं के प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट के नंबर भरने के लिए 14 फरवरी, 2026 तक का समय है। बोर्ड ने साफ निर्देश दिया है कि इस तारीख के बाद किसी भी हाल में समय नहीं बढ़ाया जाएगा। स्कूलों को सुनिश्चित करना होगा कि वे छात्रों के नंबर बोर्ड के पोर्टल पर बिल्कुल सही-सही भरें। जानकारों का मानना है कि इस साल बोर्ड काफी एक्टिव नजर आ रहा है, जिसके चलते बोर्ड परीक्षा के नतीजे 2025 की तुलना में जल्दी घोषित किए जा सकते हैं।
