भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना में काम करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी NHSRCL ने 224 पदों पर भर्ती निकाली है। यह भर्ती मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए की जा रही है। इसी प्रोजेक्ट के तहत देश की पहली बुलेट ट्रेन चलाई जानी है। बुलेट ट्रेन के साथ-साथ आपका नौकरी का सपना भी पूरा हो सकता है।
इस भर्ती के जरिए तकनीकी, ऑपरेशन, आईटी, सुरक्षा और मैनेजर स्तर के पदों पर उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी। NHSRCL को इस प्रोजेक्ट के निर्माण, संचालन और रखरखाव के लिए अनुभवी कर्मचारियों की जरूरत है। इसके लिए आधिकारिक तौर पर नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: CUET UG 2026 का रिजल्ट जारी, इस लिंक से अभी डाउनलोड करें स्कोरकार्ड
कितने पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती में कुल 224 पद हैं। इनमें 209 नॉन-एग्जीक्यूटिव और 15 एग्जीक्यूटिव पद शामिल हैं। नॉन-एग्जीक्यूटिव पदों में जूनियर इंजीनियर, स्टेशन, ट्रेन मैनेजर, डिपो या ऑपरेशन कंट्रोलर जैसे पद रखे गए हैं। जूनियर इंजीनियर की भर्ती कई विभागों में होगी। इसमें सिविल या ट्रैक, इलेक्ट्रिकल, सिग्नलिंग एंड टेलीकॉम, रोलिंग स्टॉक और ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन यानी AFC सिस्टम से जुड़े पद शामिल हैं।
कौन कर सकता है अप्लाई?
आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, इस भर्ती के लिए अप्लाई करने के लिए 31 मई 2026 तक अधिकतम उम्र 45 साल तक होनी चाहिए। इसके साथ ही रेलवे, मेट्रो या RRTS में ऑपरेशन और मेंटेनेंस का कम से कम 3 साल का अनुभव होना चाहिए। इसके लिए आपके पास कम से कम संबंधित क्षेत्र में 3 साल का डिप्लोमा या डिग्री होनी चाहिए।
किस पद पर कितनी वैकेंसी?
नॉन-एग्जीक्यूटिव पदों में जूनियर इंजीनियर सिविल या ट्रैक के 31 पद, जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रिकल के 47 पद, जूनियर इंजीनियर सिग्नलिंग एंड टेलीकॉम के 20 पद, जूनियर इंजीनियर रोलिंग स्टॉक इलेक्ट्रिकल के 14 पद और जूनियर इंजीनियर रोलिंग स्टॉक मैकेनिकल के 3 पद हैं।
इसके अलावा ट्रेन मैनेजर, स्टेशन मैनेजर, डिपो कंट्रोलर, ऑपरेशन कंट्रोलर और जूनियर इंजीनियर सेफ्टी ऑपरेशन के लिए 55 पद हैं। जूनियर इंजीनियर AFC सिस्टम के लिए 5 पद रखे गए हैं। एग्जीक्यूटिव पदों में आईटी, AFC सिस्टम, डेटा एनालिटिक्स, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और सेफ्टी से जुड़े पद शामिल हैं। इनमें DGM, सीनियर मैनेजर, असिस्टेंट मैनेजर और AGM/JGM स्तर के पद हैं।
आवेदन कैसे करें?
इस भर्ती के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। उम्मीदवारों को NHSRCL की आधिकारिक वेबसाइट www.nhsrcl.in पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को नोटिफिकेशन में दी गई योग्यता, अनुभव, उम्र सीमा और पदों की जानकारी ध्यान से पढ़नी चाहिए। एग्जीक्यूटिव पदों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 9 जुलाई 2026 है। नॉन-एग्जीक्यूटिव पदों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 14 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक है।
यह भी पढ़ें: 'समय बचता और कुछ जिंदगी भी...', NEET की परीक्षा देने आए छात्र क्या कह रहे हैं?
चयन कैसे होगा?
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। इसके लिए सबसे पहले कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट यानी CBT होगा। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा। आखिरी चरण में मेडिकल एग्जामिनेशन होगा। जो उम्मीदवार इन सभी चरणों को पास करेंगे, उन्हें अंतिम नियुक्ति के लिए योग्य माना जाएगा और मेरिट के आधार पर नियुक्ति दी जाएगी। मेडिकल फिटनेस भी नियुक्ति के लिए जरूरी होगी।
मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर देश का पहला बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट है। यह भारत की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी रेल परियोजनाओं में से एक है। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय करीब दो घंटे तक रह जाने की उम्मीद है। सरकार इस प्रोजेक्ट को 15 अगस्त 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। ऐसे में यह भर्ती युवाओं के लिए एक बेहतरीन मौका हो सकती है।


