पांच राज्यों के एग्जिट पोल में बीजेपी को भारी बढ़त मिलती दिख रही है। अधिकांश एग्जिट पोल्स में असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन की सरकार बनते दिख रही है। एक एग्जिट पोल को छोड़कर अधिकांश में तमिलनाडु में डीएमके की वापसी का अनुमान जताया गया है। केरल में 10 साल बाद बड़ा उलटफेर होते दिख रहा है। यहां यूडीएफ की वापसी हो सकती है।
असम में बीजेपी की प्रचंड जीत का अनुमान
एक्सिस माई इंडिया के मुताबिक असम में बीजेपी को 88-100 सीटें और कांग्रेस को 24 से 36 सीटें मिल सकती हैं। जेवीसी के सर्वे के मुताबिक 88-101 सीट पर बीजेपी की जीत का अनुमान है। कांग्रेस 23-33 सीटों पर सिमट सकती है। एआईयूडीएफ को 0-2 सीटें और अन्य को तीन सीटें मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: असम-बंगाल में BJP, केरल-तमिलनाडु में किसकी सरकार? Exit Polls के नतीजे समझिए
People's Pulse के मुताबिक बीजेपी गठबंधन को 68-72 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस और उसके सहयोगियों खाते में 22-26 सीटें आ सकती हैं। मैटराइज के सर्वे के अनुसार एनडीए 85 से 95 सीटों पर जीत हासिल कर सकता है। कांग्रेस गठबंधन को 25-32 सीटें पर जीत का अनुमान है। बता दें कि असम विधानसभा में कुल 126 सीटें हैं। बहुमत का आंकड़ा 64 है।
2021 में असम में एनडीए को 75 सीटों पर जीत मिली थी। 60 सीटों पर जीतकर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। वहीं कांग्रेस ने 29 और अखिल भारतीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा ने 16 सीटों पर जीत हासिल की थी।
केरल में पिनाराई की विदाई, कांग्रेस गठंबधन को बहुमत
केरल में कई सर्वे में सीएम पिनाराई विजयन की सरकार जाने का अनुमान जताया गया है। एक्सिस माई इंडिया के मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ को सबसे अधिक 78-90 सीटों पर जीत मिल सकती है। सत्तारूढ़ एलडीएफ 49-62 सीट पर सिमट सकता है। बीजेपी गठबंधन को 0-3 सीटें मिलने का अनुमान है। People's Pulse के सर्वे में भी यूडीएफ की वापसी का अनुमान है। यूडीएफ को 75-85 सीटें, एलडीएफ को 55-65 सीटें और एनडीए को 0-3 सीटें मिल सकती हैं।
मैटराइज के सर्वे में भी यूडीएफ की सरकार बनती दिख रही है। उसे 70-75 सीट और एलडीएफ को 60 से 65 सीट मिलने का अनुमान है। बीजेपी गठंबधन के खाते में 3 से पांच सीटें आ सकती हैं। बता दें कि केरल में विधानसभा की कुल 140 सीटें हैं। यहां बहुमत का आंकड़ा 71 है।
बंगाल में बीजेपी को बढ़त, टीएमसी को झटका
एग्जिट पोल के मुताबिक पश्चिम बंगाल में डेढ़ दशक बाद ममता बनर्जी को बड़ा झटका लगता है। लगभग हर सर्वे में यहां बीजेपी को बढ़त मिलते दिखाया गया है। मैटराइज के सर्वे के मुताबिक बीजेपी को 146-161 सीटें मिल सकती हैं। सत्तारूढ़ टीएमसी के खाते में 125-140 सीटें आने का अनुमान है। पी-मार्क ने बीजेपी को 150-175 सीटें दी हैं। टीएमसी को 118-138 सीटों का अनुमान है। बता दें कि बंगाल में 294 कुल विधानसभा सीटें हैं। यहां बहुमत का आंकड़ा 148 है।
तमिलनाडु में क्या खेल बिगाड़ेंगे विजय?
तमिलनाडु में एक्सिस माई इंडिया के सर्वे को छोड़कर बाकी सभी एग्जिट पोल्स में डीएमके सरकार की वापसी का अनुमान जताया गया है। People's Pulse के मुताबिक डीएमके गठबंधन को 125-145 सीटें मिल सकती हैं। वहीं एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन को 65-80 सीटें मिलने का अनुमान है। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को 18-24 सीटें मिल सकती हैं।
मैटराइज के सर्वे के मुताबिक डीएमके गठबंधन को 122 से 132 और एनडीए को 87 से 100 सीटें मिल सकती हैं। विजय की पार्टी अपने पहले चुनाव में 10-12 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है।
यह भी पढ़ें: Live: बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर बंपर वोटिंग, TMC पर भारी पड़ेगी BJP?
इस सर्वे में बन रही विजय की सरकार
एक्सिस माई इंडिया के सर्वे के मुताबिक तमिलनाडु में विजय की पार्टी खेला कर सकता है। सर्वे में उसे 98 से 120 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। वहीं डीएमके को 92 से 110 सीटें मिल सकती हैं। वहीं एआईएडीएमके को 22 से 32 सीटें मिलने का अनुमान है। विजय की पार्टी एग्जिट पोल में सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही है। बता दें कि तमिलनाडु में कुल 234 सीटें हैं। बहुमत का आंकड़ा 118 है।
पुडुचेरी में क्या होगी कांटे की टक्कर?
पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों पर एनडीए को बढ़त मिलने का अनुमान है। एक्सिस माई इंडिया के मुताबिक एनडीए को 16-20 सीटों और डीएमके-कांग्रेस को 6-8 सीटों पर जीत मिल सकती है। विजय की पार्टी 2-4 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। कामाख्या एनालिटिक्स के मुताबिक पुडुचेरी में डीएमके गठबंधन की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। उसे 17-24 सीटों पर जीत मिल सकती है। एनडीए 4-7 और 1-3 सीटों पर अन्य जीत सकते हैं।
