असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा पर कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आरोप लगाए कि रिनिकी के पास भारत के अलावा तीन और देशों के पासपोर्ट हैं। पवन खेड़ा का आरोप था कि रिनिकी के नाम पर दुबई में प्रॉपर्टी और अमेरिका के व्योमिंग में एक कंपनी है लेकिन इसका जिक्र चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया है। इसी के जवाब में हिमंता बिस्व सरमा ने एक ट्वीट करके कहा है कि उन्होंने व्योमिंग में 'GauravElizabeth786' नाम की एक कंपनी रजिस्टर करवा दी है। उन्होंने तंज कसा है कि टेक्नॉलजी का इस्तेमाल सिर्फ कांग्रेस ही नहीं कर सकती है।

 

रविवार को कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद रिनिकी भुइयां सरमा ने कहा था कि कांग्रेस ने एडिटिंग करके ये फर्जी पासपोर्ट दिखाए हैं जो उनके नहीं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि उन्हें उम्मीद थी कि एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रवक्ता थोड़ी सावधानी बरतेंगे। हिमंता ने सारे आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि वह और उनकी पत्नी 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और सिविल मानहानि के मुकदमे दर्ज कराएंगे। 

 

यह भी पढ़ें: तीन पासपोर्ट मामले में हिमंता ने पवन खेड़ा पर किया पलटवार, कहा- केस करेंगे

हिमंता ने अब क्या दिखाया?

 

अपने X पोस्ट में हिमंता बिस्वा सरमा लिखते हैं, 'हमने उसी टूलकिट का इस्तेमाल किया है, जिसका इस्तेमाल करके कांग्रेस ने मेरी पत्नी के नाम एक फर्जी कंपनी बनाई। हमने भी व्योमिंग में एक LLP रजिस्टर करवाई है। टेक्नॉलजी सिर्फ कांग्रेस के ही पास नहीं है, हमारे पास भी है। 'GauravElizabeth786' को हेलो बोलिए।' इस पोस्ट के साथ हिमंता ने व्योमिंग की सरकार की आधिकारिक वेबसाइट का लिंक भी दिया गया है। इस वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, कंपनी को रविवार यानी 5 अप्रैल को ही रजिस्टर कराया गया है।

 

हिमंता ने यह भी लिखा है, 'इसी तरह से कांग्रेस ने 199 डॉलर खर्च करके एक फर्जी व्योमिंग LLC बना डाली। एक तो उन्होंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भी बनाई। हमने भी GauravElizabeth786 नाम से एक LLC व्योमिंग में बना डाली है। ये रहा इसे बनाने का तरीका।' हिमंता ने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें वह बता रहे हैं कि किस तरह से व्योमिंग में कोई भी शख्स अपने घर पर बैठे-बैठे ही फर्जी कंपनी भी रजिस्टर कर सकता है। उनका कहना है कि कांग्रेस ने ही इस तरह से उनकी पत्नी रिनिकी के नाम पर फर्जी कंपनियां बना डालीं। 

 

यह भी पढ़ें: 'हाथ जोड़ेगा, माफी मांगेगा, जेल जाएगा...', CM हिमंता पर राहुल गांधी का पलटवार

क्या-क्या बोले हिमंता बिस्वा सरमा?

मुख्यमंत्री हिमंता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी के खिलाफ जो दस्तावेज इस्तेमाल किए, वे ‘पाकिस्तानीज इन अजमान’ नाम के एक सोशल मीडिया ग्रुप से लिए गए थे और उनकी तस्वीर को किसी पाकिस्तानी व्यक्ति के खोए हुए पासपोर्ट पर छेड़छाड़ कर लगाया गया था। उन्होंने कहा, 'मुझे चिंता है कि उन्होंने पाकिस्तान की मदद ली। यह कोई साधारण धोखाधड़ी का मामला नहीं, बल्कि राष्ट्र के खिलाफ अपराध है। पाकिस्तान का पहलू स्पष्ट हो गया है और कानून प्रवर्तन एजेंसियां ​​जांच करते समय इसे ध्यान में रखेंगी।’ हिमंता ने दावा किया कि पाकिस्तान असम चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।

 

विदेश में कंपनियां होने के आरोपों का खंडन करते हुए हिमंता ने दावा किया कि कोई भी व्यक्ति अंतरराष्ट्रीय लेनदेन वाले क्रेडिट कार्ड के जरिए किसी वेबसाइट पर जाकर अमेरिका के व्योमिंग राज्य में कंपनी बना सकता है। उन्होंने कहा, ‘हमने भी गौरव गोगोई और उनकी पत्नी के नाम पर एक कंपनी बनाई है, जो फर्जी है।