प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर संसद में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित होने से रोककर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगले विधानसभा चुनावों में महिलाएं सत्तारूढ़ दल को सजा देंगी। पीएम मोदी रविवार को बांकुड़ा जिले के बिष्णुपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया है कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल ने कांग्रेस के साथ मिलकर उस विधेयक को पारित होने से रोका, जिसका उद्देश्य संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना था क्योंकि वह महिला सशक्तीकरण के खिलाफ हैं।
यह भी पढ़ें: 'विपक्ष ने भ्रूण हत्या की, इसकी सजा जरूर मिलेगी', महिला आरक्षण पर बोले PM मोदी
नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री:-
हमने देखा कि संसद में तृणमूल ने महिलाओं के साथ किस तरह विश्वासघात किया। तृणमूल ने कांग्रेस के साथ मिलकर इस विधेयक को रोकने की साजिश रची, क्योंकि वह महिला सशक्तीकरण के खिलाफ हैं।
'बहनों और बेटियों के साथ TMC ने विश्वासघात किया है'
प्रधानमंत्री ने कहा, 'दूसरी ओर बीजेपी की पहचान महिला सशक्तीकरण, उनकी सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी है। यही कारण है कि देशभर की महिलाएं भारतीय जनता पार्टी को आशीर्वाद देती हैं। हम चाहते हैं कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका बढ़े और अधिक से अधिक महिलाएं राजनीति में आएं। लेकिन पश्चिम बंगाल ने एक बार फिर देखा है कि तृणमूल ने राज्य की बहनों और बेटियों के साथ विश्वासघात किया।'
पीएम नरेंद्र मोदी:-
तृणमूल महिला सशक्तीकरण और आरक्षण नहीं चाहती। पश्चिम बंगाल की महिलाएं उसे सजा देंगी। यही तृणमूल घुसपैठियों को लाभ पहुंचाने के लिए हर कानून और हर नियम तोड़ती है, लेकिन महिला सशक्तीकरण का विरोध करती है।
यह भी पढ़ें: 'विपक्ष एकजुट तो मोदी हारेंगे', महिला आरक्षण को 'साजिश' बता गईं प्रियंका गांधी
'TMC धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहती है'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'यही तृणमूल धर्म के आधार पर आरक्षण देने में लगी है। यह संविधान की भावना का गला घोंट रही है। अगर पश्चिम बंगाल में बीजेपी सत्ता में आती है तो महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने के लिए 1.5 लाख रुपये तक दिए जाएंगे।'
पीएम नरेंद्र मोदी:-
आदिवासी विरोधी तृणमूल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया। तृणमूल और कांग्रेस दोनों आदिवासी विरोधी हैं। यही कारण है कि उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ उम्मीदवार उतारा था।
'बीजेपी को मिलेगा भरोसे का जनादेश'
प्रधानमंत्री ने कहा, 'इस साल पश्चिम बंगाल के चुनाव ऐतिहासिक होंगे, क्योंकि जनता तृणमूल के भय को समाप्त कर बीजेपी के भरोसे को जनादेश देगी।'
यह भी पढ़ें: देश के नाम संबोधन, पीछे तिरंगा, मकसद चुनावी, PM को किन बातों पर घेर रहा विपक्ष?
प्रधानमंत्री मोदी:-
मैं तृणमूल के गुंडों को आखिरी मौका देता हूं कि वे चुनाव से पहले पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दें, क्योंकि 4 मई को नतीजे आने के बाद किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
ससंद में क्या हुआ था?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पारित कराने में फेल होने के बाद ये बातें कही हैं। यह विधेयक 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कराकर 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से संबंधित था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुद्दे पर देश के नाम संबोधन किया था और डीएमके, टीएमसी और कांग्रेस जैसे दलों को घेरा था।
