पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग से ठीक पहले मंगलवार रात को सुवेंदु अधिकारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। भवानीपुर सीट से उम्मीदवार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाए हैं कि फर्जी वोटिंग कराने के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं ने आर्टिफिशियल अंगुलियां खरीदी हैं। सुवेंदु अधिकारी ने अपने फोन पर ऐसी अंगुलियों की तस्वीरें भी दिखाईं जो ई-कॉमर्स पोर्टल्स पर उपलब्ध हैं। सुवेंदु का आरोप है कि भवानीपुर में फर्जी वोटिंग करने के लिए टीएमसी के नेताओं ने कम से कम 700 नकली अंगुलियां खरीदी हैं।
बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी अभी नंदीग्राम से विधायक हैं लेकिन इस बार भी वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। मीडिया को संबोधित करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि चुनाव को मैनिपुलेट करने की तैयारी है लेकिन ये सब होने नहीं दिया जाएगा। सुवेंदु अधिकारी ने अपनी बात साबित करने के लिए अपने फोन पर ऐसी ही एक नकली अंगुलि का फोटो भी दिखाया।
किस पर लगाए आरोप?
सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी की पार्षद देवलीना बिस्वास का नाम लेकर कहा है कि उन्होंने 750 नकली अंगुलियां खरीदी हैं। सुवेंदु अधिकारी ने बताया, 'इन नकली अंगुलियों को लोग अपनी असली अंगुली पर लगाकर आएंगे, वोट डालेंगे, स्याही लगवाएंगे और बाहर जाकर इसे नकली अंगुली को निकाल देंगे और दूसरी नकली अंगुली लाकर फिर से वो डालने आ जाएंगे।'
यह भी पढ़ें: 'हमें पैदल भेजा, धूप में चक्कर आ गया', PM मोदी की सभा में गई छात्राओं की शिकायत
सुवेंदु ने यह भी कहा है कि 3810 वोटरों की पर्चियां ऐसी हैं जो बूथ लेवल के अधिकारियों ने बांटी थीं लेकिन वे वापस आ गई हैं। उनका कहना है कि ऐसे वोटरों की लिस्ट बनाई गई है और इस पर नजर रखी जाएगी। सुवेंदु अधिकारी ने नकली अंगुलियों का एक सैंपल चुनाव आयोग के अधिकारियों को भी दिया है। वहीं, टीएमसी के नेता अरुप चक्रवर्ती ने सुवेंदु अधिकारी के इन आरोपों को झूठा बताया है।
यह भी पढ़ें: 'चार्ल्स पर फिदा थीं मेरी मां...', ब्रिटेन के राजा से मिल ट्रंप को क्या याद आया?
अरुप चक्रवर्ती ने कहा है, 'क्या किसी लोकतंत्र में यह संभव है? ऐसी चीजें ना तो संभव हैं और ना ही कोई इन्हें करता है। ये आरोप फर्जी हैं और इनका जवाब देने लायक भी नहीं हैं।'
