पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव 2026 की वोट गिनती से पहले बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी 200 से ज्यादा सीटें जीतने जा रही है। ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल के उन अनुमानों को खारिज कर दिया जिनमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) को TMC से ज्यादा सीटें मिलती दिखाई गई थीं। 

ममता बनर्जी यह मानने को तैयार नहीं हैं कि पश्चिम बंगाल की सत्ता उनके हाथों से पिघल सकती है। कई एग्जिट पोल्स में यह दावा किया गया है कि ममता बनर्जी, पश्चिम बंगाल की सत्ता गंवा रही हैं, भारतीय जनता पार्टी, इस बार पश्चिम बंगाल में सरकार बना सकती है। बंगाल के संदर्भ में पहले भी एग्जिट पोल के नतीजे गलत साबित हुए हैं। ममता बनर्जी को भरोसा है कि वही सत्ता में दोबारा चुनावी जाएंगी। 

यह भी पढ़ें: 'ये गलत है, TMC की याचिका खारिज नहीं हुई', मेनस्ट्रीम मीडिया पर भड़के सिब्बल

ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल:-
ये एग्जिट पोल बेकार हैं। ये सिर्फ शेयर मार्केट को प्रभावित करने के लिए किए जाते हैं।

क्यों ममता को इस बात का यकीन है?

ममता बनर्जी ने कहा कि 2021 और 2024 के चुनावों में भी एग्जिट पोल पूरी तरह गलत साबित हुए थे। ममता बनर्जी को यकीन है कि इस बार भी नतीजे, बीते चुनाव की तरह ही होंगे। उन्होंने पार्टी के काउंटिंग एजेंट्स से अपील की कि भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगियों की प्रचारबाजी पर ध्यान न दें। 

ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं से क्या कहा है?

गिनती से दो दिन पहले ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी ने सभी TMC गिनती एजेंट्स की बैठक बुलाई थी। ममता ने एजेंट्स को बताया कि अगर कोई TMC उम्मीदवार 200-300 वोटों से हारे तो फिर से गिनती की मांग जरूर करें। पूरी गिनती खत्म होने तक कोई भी गिनती केंद्र से न हटे। केंद्र के अंदर कोई भी असामान्य गतिविधि नजर आए तो तुरंत पार्टी की ऊपरी नेतृत्व को बताएं।

यह भी पढ़ें: नतीजों से पहले चुनावी साजिश? स्ट्रॉन्ग रूम खोलने पर TMC-BJP में बवाल

नंदीग्राम से सबक ले रही TMC?

अभिषेक बनर्जी ने 2021 के नंदीग्राम जैसे घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी अनियमितता की तुरंत सूचना दें। नंदीग्राम वही विधानसभा है, जहां मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, अपने ही पूर्व सहयोगी सुवेंदु अधिकारी से चुनाव हार गईं थीं। 

पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद कैसे हालात हैं?

गिनती से ठीक पहले कोलकाता के दो गणना केंद्रों पर हंगामा बरपा है। TMC नेताओं ने आरोप लगाया कि जहां EVM मशीनों को रखा गया है, वहां पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। स्ट्रॉन्ग रूम में धांधली हो सकती है। 15 बूथों पर दोबारा मतदान भी कराना पड़ा है। 29 अप्रैल को हुए मतदान के बाद 4 मई को वोटों की गिनती होगी। ममता बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे पूरी शांति और सतर्कता के साथ गिनती प्रक्रिया पूरी करें।