गुल्लक सीरीज का पांचवां सीजन Sony Liv पर रिलीज हो चुका है। इस सीरीज का पहला सीजन 2019 में रिलीज हुआ था। इन सात सालों में गुल्लक हमारे दिलों का हिस्सा बन चुका है। इस सीजन में हर किरदार की कहानी आगे बढ़ती नजर आई है। जहां एक तरफ संतोष मिश्रा ने घर में वाई-फाई लगवाकर पूरे घर को अपडेट कर दिया है, वहीं दूसरी तरफ उनका बड़ा बेटा अन्नू अपने करियर के लिए पूरी मेहनत करता नजर आ रहा है। इसके अलावा छोटा बेटा अमन और बिट्टू की मम्मी उर्फ शालिनी भी एक अलग अंदाज में दिखी हैं, जिन्हें देखकर दर्शक हैरान हो सकते हैं।
जमील खान गुल्लक में संतोष मिश्रा का किरदार निभा रहे हैं। संतोष मिश्रा के बड़े बेटे अन्नू का पात्र अनंत जोशी निभा रहे हैं। अन्नू के छोटे भाई अमन की भूमिका अभिनेता हर्ष मायर ने निभाई है। वहीं शालिनी का किरदार अभिनेत्री गीतांजलि कुलकर्णी ने निभाया है। आइए जानते हैं कि इस सीजन में क्या खास है।
यह भी पढ़ें: क्या 'पेड्डी' फिल्म में जाह्नवी कपूर को किया गया ऑब्जेक्टिफाई? फैंस ने उठाए सवाल
इस सीजन में क्या है खास?
इस सीजन की शुरुआत में संतोष मिश्रा घर में पेंटिंग करवाते नजर आते हैं और साथ ही वाई-फाई भी लगवा देते हैं। इस सीन के जरिए निर्देशक ने यह दिखाने की कोशिश की है कि मिश्रा परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर हो गई है। घर की पेंटिंग के दौरान परिवार के बीच कई ऐसी बातचीत होती हैं, जिन्हें देखकर दर्शकों का हंसना तय है।
इस सीजन में लव स्टोरी का भी तड़का देखने को मिलेगा। अन्नू मिश्रा और डॉ. प्रीति के बीच बढ़ता लव कनेक्शन कहानी को नया मोड़ देता है। दोनों की प्रेम कहानी आगे बढ़ती नजर आती है और इसमें एक विलेन की भी एंट्री होती है। हालांकि हर एपिसोड में इमोशन्स, नोकझोंक और कॉमेडी का भरपूर डोज देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ें: कांस में ऐश्वर्या राय का लुक वायरल क्यों? ड्रेस की हर बात जानिए
बिट्टू की मम्मी का अलग अंदाज
इस सीजन में बिट्टू की मम्मी उर्फ शालिनी सिर्फ एक गृहिणी के रूप में ही नजर नहीं आएंगी, बल्कि वह अब एक ब्लॉगर बन चुकी हैं। साथ ही वह महिला समूह की चेयरपर्सन भी बन गई हैं। शालिनी की ब्लॉगिंग से पूरा परिवार चिंतित और परेशान हो जाता है।
संतोष मिश्रा के छोटे बेटे अमन मिश्रा स्कूल से पासआउट होकर कॉलेज की पढ़ाई के लिए दूसरे शहर में रहने लगते हैं। वह इस सीजन में ऐसा कारनामा कर दिखाते हैं, जिसकी उम्मीद आपने शायद नहीं की होगी। अमन का यह कदम इस सीजन का सबसे बड़ा ट्विस्ट साबित होता है।
यह भी पढ़ें: क्या 'पेड्डी' फिल्म में जाह्नवी कपूर को किया गया ऑब्जेक्टिफाई? फैंस ने उठाए सवाल
गुल्लक 5 देखें या नहीं?
अगर आपने गुल्लक सीरीज के अब तक के सभी सीजन देखे हैं, तो आपको यह सीजन जरूर देखना चाहिए। इस सीजन में भी कॉमेडी का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा। हालांकि, सीजन 4 के मुकाबले यह सीजन थोड़ा कम एंटरटेनिंग लगता है लेकिन मिश्रा परिवार की शानदार एक्टिंग और भावनात्मक कहानी इसे देखने लायक बनाती है।
