मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा इन दिनों नए पचड़े में फंस गए हैं। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के एक कॉलेज के प्रोग्राम में मंच से सरेआम गाली बकने के मामले में उनके खिलाफ केस भी दर्ज हुआ है और महिला आयोग ने भी उनसे जवाब मांगा है। अब इसी मामले पर मासूम शर्मा ने माफी मांगते हुए कहा है कि उनके दिमाग में बहुत कुछ चल रहा था और तनाव में उन्होंने ऐसा कह दिया। मासूम शर्मा ने यह भी कहा है कि कुछ लोग उनके परिवार को धमकाते हैं जिसके चलते उन्हें कभी-कभी लगते हैं कि आखिर कब तक डरकर जीते रहेंगे।

 

इससे पहले मासूम शर्मा ने माफी मांगते हुए कहा था कि मंच से उन्हें ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए थी और वह महिलाओं की इज्जत करते हैं। मासूम शर्मा ने हरियाणा महिला आयोग के नोटिस के मामले पर कहा है कि व्यस्तता के चलते वह आयोग के सामने तो नहीं पेश हो पाएंगे लेकिन अपना जवाब उन्होंने भेज दिया है। बता दें कि देहरादून के डीएवी कॉलेज में आयोजित छात्र संघ समारोह में मासूम शर्मा ने स्टेज से गालियां दी थीं। बाद में हरियाणा के एक वकील ने उनके खिलाफ केस दर्ज करवा दिया था।

 

यह भी पढ़ें: 'बाप-बेटा दोनों जलील, अमेरिका और इजरायल', धूम मचा रहा ये गाना किसने लिखा?

क्या सफाई दे रहे मासूम शर्मा?

मासूम शर्मा ने इस मामले में अब कहा है, 'मैंने कई बार बता दिया कि मामला ऐसा है कि कुछ लोग अपने आप को बदमाश करते हैं। वे कई बार परेशान करते हैं, उनने घर वालों को परेशान किया। चाचा के लड़के के पास फोन करके उल्टी-सीधी बात कह दी थी कि इनको मार देंगे, देहरादून से बाहर नहीं निकलने देंगे। उस चीज से मैं परेशान था। कुछ तो एक आदमी का डर होता कि तेरे तीन बालक हैं, बीवी हैं, बच्चे हैं। कई बार यह भी होता है कि डर-डरकर कब तक जिएंगे।'

 

उन्होंने आगे कहा, 'कई चीजों का मिक्सअप जब दिमाग में हो जाता है तो दिमाग पजल हो जाता है। उस टाइम इरिटेशन बढ़ जाती है। एक तरफ परिवार दिखता है। एक तरफ यह भी दिखता है कि हो सकता है कि बिना बात के कोई छिछोरा आदमी कुछ उल्टी-सीधी हरकत करवा दे। किसी को पैसे देकर ही कुछ करवा दे। पब्लिक में इधर से, उधर से कहीं से गोली आ जाए।'

 

यह भी पढ़ें: सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ सरकारी गवाह बनेंगी जैकलिन? कोर्ट ने कही यह बात

 

https://x.com/ANI/status/2045110628499837076

 

गाली देने के मामले पर मासूम शर्मा ने कहा, 'कई चीजें जब एक साथ चलती हैं तो स्ट्रेस होता है। ऐसे ही मेंटली चीजें मेरे काबू में नहीं रहीं और अग्रेसन में मैं बोल गया। जो मुझे गलत लगा उस पर मैंने माफी भी मांग ली। बाकी महिला आयोग ने जो नोटिस भेजा है, उस पर मैंने अपना जवाब भी दे दिया है।'