नितेश तिवारी की 'रामायण' में अभिनेता रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म से रणबीर का फर्स्ट लुक सामने आ चुका है जिस पर लोगों की मिली जुली प्रतिक्रिया थी। कुछ लोगों को कहना था कि रणबीर राम के किरदार में बिल्कुल फिट बैठ रहे हैं तो कुछ को आपत्ति थी। अब इस मामले पर रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने अपना रिएक्शन दिया है। उनका कहना है कि उनके पुराने कैरेक्टर्स को देखते हुए उन्हें यह रोल नहीं मिलना चाहिए।
शिव सागर मशहूर फिल्ममेकर रामानंद सागर के पोते हैं जिन्होंने 1989 में 'रामायण' और उसके बाद 'लव कुश' का निर्माण किया था। उनके पोते शिव सागर ने अब भगवान राम के रोल के लिए रणबीर कपूर को कास्ट करने पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि रणबीर ने 'एनिमल' में हिंसक आदमी का किरदार निभाया था।
यह भी पढ़ें: दशकों बाद बदलेगा नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का ठिकाना, गुजरात में होगा समारोह
रणबीर को नहीं मान सकते राम
ANI को दिए इंटरव्यू में शिव ने कहा, 'रामायण में उस एक कास्टिंग को छोड़कर, मुझे बाकी सभी लोग पसंद है। व्यक्तिगत रूप से मैं रणबीर को राम के तौर पर स्वीकार नहीं सकता क्योंकि उन्हें एनिमल के बाद राम के रूप में नहीं देख सकता। मुझे लगता है कि राम के किरदार में नए चेहरे को लेना चाहिए था।'
उन्होंने आगे कहा, 'हमने रणबीर को अलग-अलग रोल निभाते हुए देखा है। वह कमाल के ऐक्टर हैं। व्यक्तिगत रूप से मुझे उनसे कोई दिक्कत नहीं है। मुझे लगता है कि उन्हें इस प्रोजेक्ट में इसलिए लिया होगा जिससे मार्केटिंग को बढ़ावा मिले। अगर वे रणबीर को नहीं लेते तो इतनी अच्छी मार्केटिंग नहीं हो पाती तो यह भी सोचने वाली बात है। मेरा यह मानना है कि राम के किरदार के लिए एक नए चेहरे को लेना चाहिए था।'
यह भी पढ़ें: कौन हैं सुरभि वंजारा? समय रैना को किया रोस्ट, इमरान हाशमी संग कर चुकी हैं काम
'एनिमल' की वजह से रणबीर नहीं बन सकते राम
निर्देशक प्रोड्यूसर शिव सागर ने आगे कहा, 'यश रावण के रोल में कमाल के लग रहे हैं। सीता के रोल में साई पल्लवी बहुत खूबसूरत लग रही हैं। इनके ऊपर कोई हिंसक किरदार करने का बोझ नहीं है। वहीं रणबीर ने ऐसी फिल्मों में काम किया है जिसकी वजह से उन्हें राम नहीं स्वीकार कर सकते हैं। हालांकि यह मेरी निजी राय है। उन्होंने आगे कि पब्लिक ही असली किंग है और जब फिल्म रिलीज होगी तब जनता का फैसला आएगा।' 'रामायण[ को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा। इस साल दिवाली पर फिल्म का पहला पार्ट रिलीज होगी। फिल्म का दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली पर आएगी।
