दुनियाभर में ट्यूबरकुलोसिस के खिलाफ लड़ाई में सुधार हुआ है लेकिन अब भी यह बीमारी लोगों के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ग्लोबल ट्यूबरकुलोसिस रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, साल 2025 में दुनियाभर में करीब 1.06 करोड़ लोग टीबी की चपेट में आए। इनमें से लगभग एक चौथाई मरीज अकेले भारत में थे। इस तरह भारत दुनिया में टीबी के सबसे ज्यादा मरीजों वाला देश बना हुआ है।

 

हालांकि, राहत की बात यह है कि टीबी से होने वाली मौतों को कम करने के मामले में भारत ने एक अहम उपलब्धि हासिल की है। देश में 2015 के मुकाबले 2025 में टीबी से होने वाली मौतों में 35 फीसदी की कमी दर्ज की गई, जो दुनिया भर में हुई 35 फीसदी की कमी से बेहतर है। वहीं इलाज में सफलता दर 94 फीसदी रहा। भारत की बात करें तो 48.64 लाख नए TB केस पहचाने गए, जिनमें 14.97 लाख बिना लक्षण वाले केस शामिल हैं। 

 

लगभग 15 लाख बिना लक्षण वाले केस का पता चलना खास तौर पर जरूरी है, जो उन लोगों की पहचान करने में प्रोएक्टिव स्क्रीनिंग के असर को दिखाता है जिनका शायद पता ही न चल पाता। ऐसे में एक बड़ा सवाल यह भी उठता है कि कुछ टीबी मरीजों में लक्षण क्यों नहीं दिखते? ऐसे मरीजों की पहचान कैसे होती है और क्या उनसे भी संक्रमण फैल सकता है? आंकड़ों से समझिए भारत में टीबी की तस्वीर। 

 

यह भी पढ़ें: पेसमेकर से सिरिंज तक, मेडिकल उपकरणों से नुकसान के मामले 6 साल में 3 गुना बढ़े

बिना लक्षण वाले केस के बारे में क्या है डॉक्टर की राय? 

डॉ. तुषार गोयल, कंसल्टेंट फिजिशियन, कैलाश हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा के मुताबिक, बहुत सारे लोग पूछते हैं कि टीबी के लक्षण क्या हैं और हमें कैसे पता चलेगा कि टीबी है या नहीं? कई लोग कहते हैं कि हमें तो कोई लक्षण नहीं है, लेकिन डॉक्टर ने हमें टीबी बता दी है। क्या ऐसा हो सकता है? आमतौर पर हम जिस टीबी के बारे में जानते हैं, वह फेफड़ों की टीबी यानी पल्मोनरी ट्यूबरक्लोसिस होती है। इसमें मरीज को खांसी आना, खांसी में खून आना, भूख न लगना और बार-बार बुखार आने जैसी समस्याएं होती हैं। ये टीबी के सबसे आम लक्षण हैं। इसकी जांच के लिए एक्स-रे और बलगम का टेस्ट किया जाता है। अगर जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, तो मरीज में टीबी की पुष्टि होती है।

हालांकि कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जिनकी इम्युनिटी बहुत कमजोर होती है। जैसे अनकंट्रोल्ड शुगर के मरीज, किडनी के मरीज या एचआईवी से संक्रमित लोग। इन लोगों में टीबी के सामान्य लक्षण दिखाई नहीं देते। इनमें सिर्फ कमजोरी रहना, हल्का बुखार आना, धीरे-धीरे वजन कम होना और थकान बने रहना जैसे लक्षण हो सकते हैं। कई बार लोग इन्हें सामान्य कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। 98 से 99 डिग्री तक बुखार रहना या धीरे-धीरे वजन कम होना भी टीबी की ओर इशारा कर सकता है। डॉ. तुषार गोयल 

डॉ. तुषार ने आगे बताया कि टीबी सिर्फ फेफड़ों में ही नहीं, बल्कि पेट और गर्दन की गांठों में भी हो सकती है। ऐसे मामलों में खांसी-जुकाम जैसे सामान्य लक्षण नहीं दिखाई देते। पेट की टीबी में मरीज को पेट दर्द और कब्जियत हो सकती है। वहीं, अगर गांठ में टीबी है, तो कई बार कोई खास लक्षण नहीं मिलता। सिर्फ बुखार आना या लगातार कमजोरी बने रहना जैसी परेशानी हो सकती है। इसका पता अल्ट्रासाउंड या सीटी स्कैन जैसी जांचों से चलता है।

 

उन्होंने आगे कहा कि बहुत सारे लोग पूछते हैं कि हम तो बिल्कुल ठीक हैं, फिर भी जांच में टीबी आई है। क्या हमें टीबी की दवा खानी चाहिए? बिल्कुल, अगर जांच में टीबी की पुष्टि हुई है, तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार टीबी की दवा का पूरा 6 महीने का कोर्स करें। दवा लेने में एक दिन की भी लापरवाही करने से टीबी दोबारा होने की आशंका काफी बढ़ सकती है। 

भारत में क्या है टीबी की स्थिति? 

WHO की ग्लोबल ट्यूबरकुलोसिस रिपोर्ट 2026 के मुताबिक, भारत में 2015 के मुकाबले 2025 में टीबी से होने वाली मौतों में 38 फीसदी की कमी आई है। वहीं, दुनियाभर में यह गिरावट 35 फीसदी रही। भारत में सामान्य टीबी के मरीजों के इलाज की सफलता दर 94% तक पहुंच गई है। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बड़े स्तर पर स्क्रीनिंग हुई। 7 दिसंबर 2024 से 8 नवंबर 2026 के बीच अभियान के तहत 25 करोड़ से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग की गई।

 

इसमें 11 करोड़ से ज्यादा चेस्ट एक्स-रे हुए। 3 करोड़ से ज्यादा मॉलिक्यूलर टेस्ट किए गए। 48.64 लाख नए टीबी मरीजों की पहचान हुई। इनमें 14.97 लाख मरीज ऐसे थे, जिनमें बीमारी के लक्षण नहीं थे। 2025 में 67,933 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया। WHO की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में टीबी से होने वाली मौतों की अनुमानित दर 2015 में प्रति एक लाख आबादी पर 28 थी, जो 2025 में घटकर 18 रह गई। यानी इसमें 38 फीसदी की कमी आई।

 

भारत सरकार टीबी खत्म करने के लिए AI तकनीक से लैस एक्स-रे मशीनों से जांच, तेजी से टीबी की पहचान के लिए मॉलिक्यूलर टेस्ट, निक्षय पोषण योजना के तहत मरीजों को आर्थिक सहायता, निक्षय मित्र पहल के जरिए पोषण और दूसरी मदद, JOSH Teams के जरिए युवाओं को अभियान से जोड़ने जैसे कदम उठा रही है।  

दुनिया के कुल टीबी मामलों में किन देशों की कितनी हिस्सेदारी?

WHO की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में दुनिया के कुल टीबी मामलों में अलग-अलग देशों की हिस्सेदारी देखें तो भारत में 25 फीसदी, इंडोनेशिया में 10 फीसदी, फिलीपींस में 6.8 फीसदी, चीन में 6.5 फीसदी, पाकिस्तान में 6.4 फीसदी, नाइजीरिया में 4.9 फीसदी, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में 3.9 फीसदी, बांग्लादेश में 3.7 फीसदी है। 

 

भारत उन चार देशों में शामिल है, जहां 2025 में दुनिया के आधे से ज्यादा मल्टीड्रग-रेजिस्टेंट टीबी (MDR-TB) के मामले सामने आए। यह टीबी का ऐसा प्रकार है, जिसमें मरीज पर टीबी की कुछ प्रमुख दवाओं का असर नहीं होता। हालांकि, WHO और भारत सरकार के मुताबिक, देश में MDR-TB के मामलों की दर में धीरे-धीरे कमी आ रही है।

2027 में अपडेट होंगे भारत के टीबी आंकड़े

फिलहाल भारत के लिए 2025 के आंकड़े उपलब्ध हैं। WHO के मुताबिक, भारत में टीबी की स्थिति और इसके आंकड़ों की समीक्षा की जा रही है। इसके लिए जिला स्तर पर किए जा रहे सेंटिनल सर्विलांस (DLSS) के आंकड़ों का विश्लेषण किया जाएगा। इस काम में WHO, भारत के केंद्रीय टीबी प्रभाग और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के साथ मिलकर काम कर रहा है।

 

इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद 2027 की शुरुआत में भारत में टीबी संक्रमण के रुझानों के नए अनुमान जारी किए जाने की उम्मीद है। इसके बाद WHO भारत की संशोधित टीबी देश प्रोफाइल भी जारी करेगा।