बुधवार सुबह मिनियोपोलिस के एक कैथोलिक स्कूल में भयानक गोलीबारी हो गई। इस घटना में कम से कम दो बच्चे मारे गए और 17 अन्य लोग घायल हो गए। यह हमला एननसिएशन चर्च में हुआ, जहां स्कूल भी चलता है। पुलिस के मुताबिक हमलावर गोलीबारी के बाद खुद को गोली मार ली।

 

यह घटना स्कूल के पहले हफ्ते में हुई, जब बच्चे प्रार्थना के लिए एक साथ बैठे थे। मिनियोपॉलिस पुलिस चीफ ब्रायन ओ'हारा ने बताया कि हमलावर 20 साल के आसपास का था। उसके पास राइफल, शॉटगन और पिस्तौल थी। वह स्कूल के बाहर से आया और चर्च की खिड़कियों के जरिए बच्चों पर गोलियां चलाई। दो बच्चे, उम्र 8 और 10 साल, सीट पर ही मारे गए। घायलों में 14 बच्चे हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। एक अस्पताल अधिकारी ने कहा कि 7 गंभीर रूप से घायल हैं।

 

यह भी पढ़ें-- सूरत से मुंबई और कपड़े-जूते तक; ट्रंप के 50% टैरिफ से कितना नुकसान?

बाहर से चलाई राइफल

पुलिस चीफ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'हमलावर ने बाहर से राइफल चलाई और खिड़कियों से बच्चों और पूजा करने वालों पर निशाना साधा।' उन्होंने इसे 'बच्चों पर क्रूर हमला' बताया। हमलावर का आपराधिक इतिहास ज्यादा नहीं था। जांच में पता चला कि उसने दरवाजों को लकड़ी से बंद करने की कोशिश की थी।

 

पास में रहने वाले बिल बिएनेमैन ने बताया कि उन्होंने दर्जनों गोलियों के चलने की आवाज सुनी।  उन्होंने कहा, 'मैं हैरान था। लगा कि ये गोली नहीं हो सकती। बहुत सारी थीं, बीच-बीच में चल रही थीं।'

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'मैं मिनेसोटा की इस गोलीबारी के बारे में पूरी जानकारी ले चुका हूं। एफबीआई तुरंत पहुंच गई। व्हाइट हाउस इस भयानक स्थिति पर नजर रखेगा। कृपया सभी प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करें!' एफबीआई डायरेक्टर कश पाटेल ने एक्स पर कहा, 'हम मिनेसोटा के कैथोलिक स्कूल में गोलीबारी की रिपोर्ट जानते हैं। सभी संभावित पीड़ितों के लिए प्रार्थना करें। हम अपडेट देंगे।'

बच्चे प्रार्थना कर रहे थे

मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने एक्स पर लिखा, 'मैं एननसिएशन कैथोलिक स्कूल की गोलीबारी के बारे में जानकारी ले चुका हूं। बीसीए और स्टेट पैट्रोल मौके पर हैं। हमारे बच्चों और शिक्षकों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं, जिनका स्कूल का पहला हफ्ता इस हिंसा से खराब हो गया।'

 

मिनियोपॉलिस मेयर जैकब फ्रे ने कहा, 'ये बच्चे प्रार्थना कर रहे थे, फिर भी ऐसा हुआ। अब सिर्फ विचार और प्रार्थना की बात न करें। बच्चे स्कूल और चर्च में सुरक्षित रहें, ये उनका हक है।' सीनेटर एमी क्लोबुचर ने कहा कि एक पूर्व कर्मचारी की बेटी ने अपने दोस्तों को गोली लगते देखा।

 

यह भी पढ़ें-- सबसे बड़ी इकॉनमी कैसे बनी इतनी कर्जदार? US पर बढ़ते कर्ज की कहानी

पहले भी हुई घटना

यह मिनियोपॉलिस में हाल की गोलीबारी की ताजा घटना है। एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, मंगलवार को एक हाई स्कूल के बाहर एक व्यक्ति मारा गया और 6 घायल हुए। उसके बाद शहर में दो अन्य गोलीबारी में दो लोग मारे गए। एफबीआई, एटीएफ और अन्य एजेंसियां जांच कर रही हैं।

 

घटना के बाद माता-पिता घबराए हुए थे। कई बच्चे खून से सने दिखे। अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मेयर ने कहा कि ये हमला 'अकल्पनीय क्रूरता' है। पूरा समुदाय सदमे में है। जांच जारी है।