कनाडा पुलिस ने एक भारतीय मूल की महिला को किराये पर घर उपलब्ध कराने के नाम पर की गई धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिला के खिलाफ 38 मामले मिले हैं। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय सवरीत कौर के रूप में हुई है।
पील क्षेत्र- 22 डिवीजन क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (CIB) के मुताबिक महिला ने मई 2025 से फरवरी 2026 के मध्य अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किराये पर घर उपलब्ध कराने के विज्ञापन चलाए। इन विज्ञापनों को देखने के बाद लोगों ने एग्रीमेंट पर साइन किए और पहले व आखिरी महीने का किराया भी जमा किया। मगर जब पीड़ित मौके पर पहुंचे तो उन्हें वहां कोई घर नहीं मिला।
यह भी पढ़ें: कनॉट प्लेस-इंटरनेट बंद, राहुल गांधी के घर की सुरक्षा बढ़ी; कुछ बड़ा होने वाला?
क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने बताया कि जांच में 17 मामलों की पुष्टि हुई। 60,000 डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ। किसी भी शख्स को न घर मिला और न ही उनकी धनराशि लौटाई गई। कनाडा पुलिस ने आरोपी सवरीत कौर को 13 जुलाई को गिरफ्तार किया। उस पर पुलिस के काम में बाधा डालने और 5,000 डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी (38 मामले) का आरोप लगाया गया।
यह भी पढ़ें: जेनेरिक दवाओं पर 2 साल जीरो टैक्स फिर 200%, ट्रंप के ऐलान से भारत क्यों परेशान?
पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
कनाडा पुलिस ने आम लोगों को एक सलाह भी जारी की। इसमें कहा गया कि वे सोशल मीडिया के जरिए किराए के घर ढूंढते समय सावधानी बरतें। धोखाधड़ी से बचने की खातिर कैनेडियन एंटी-फ्रॉड सेंटर की वेबसाइट देखें। अगर किसी के पास इस जांच से जुड़ी कोई जानकारी है तो उनसे अनुरोध है कि वे 22 डिवीन सीआईबी के जांचकर्ताओं से 905-453-2121, एक्सटेंशन 2233 पर संपर्क करें।
