ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर बंगाल की खाड़ी में पनामा के झंडे वाला एक जहाज डूब गया। इस जहाज पर चालक दल के 24 सदस्य सवार थे। शनिवार को अधिकारियों ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने बचाव के लिए अपने 3 जहाज भेज दिए हैं।
भारतीय तटरक्षक ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि डूबे हुए जहाज का नाम 'एमवी ओशन विनर' है। इसमें 20 चीनी, तीन म्यांमार के और एक बांग्लादेशी नागरिक सवार थे। भारतीय तटरक्षक और भारतीय नौसेना ने मिलकर बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
तटरक्षक के समुद्री बचाव केंद्र ने पास में मौजूद एक दूसरे वाणिज्यिक जहाज 'एमटी ऐसोपोस' को तलाश और मदद के लिए भेजा। रात करीब 8 बजे दो लोगों को बचा लिया गया। खोज और बचाव के लिए तटरक्षक के जहाज 'वरद' और 'अनमोल' को तैनात किया गया है। अभियान में श्री विजय पुरम से 'विजित' जहाज भी भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: यमन और सोमालिया के पास 2 जहाजों पर समुद्री लुटेरों ने किया कब्जा, 22 भारतीय फंसे
जहाज में क्या था?
कार्गो जहाज, लौह अयस्क लेकर पारादीप बंदरगाह से चीन जा रहा था। तट से करीब 200 समुद्री मील दूर संपर्क टूटने के बाद लापता हो गया। भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। यह जहाज 20 अगस्त को रात करीब 10:30 बजे पारादीप से रवाना हुआ था। इसमें 1,700 टन लौह अयस्क फाइन लदा था। पारादीप पोर्ट अथॉरिटी के सूत्रों के अनुसार, जहाज जब बंदरगाह से लगभग 200 समुद्री मील दूर था, तब उसका संपर्क टूट गया।
यह भी पढ़ें: 'हर जहाज पर हमले के बदले में पुल और पावर प्लांट तबाह करेंगे', ट्रंप की धमकी
जहाज में कितने लोग थे?
जहाज का नाम, आईएमओ नंबर, चालक दल की सटीक संख्या और संपर्क टूटने की परिस्थितियां क्या रहीं, अभी तक पता नहीं चला है। भारतीय तटरक्षक बल के पारादीप इकाई के उप महानिरीक्षक संजय नेगी ने बताया कि खोज और बचाव अभियान अंडमान और निकोबार यूनिट चला रही है। बचाव दल रविवार सुबह तक पहुंच जाएंगे। आसपास के इलाके में चल रहे अन्य जहाजों को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि वे जहाज का पता लगाने और चालक दल को बचाने में मदद कर सकें।
