तुर्की के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन (COP31) 22 नवंबर को बिना किसी अंतिम समझौते के खत्म हो गया। आपको बता दें कि 20 नवंबर को खत्म होने वाली यह बैठक तय समय से कहीं ज्यादा लंबी चली लेकिन फिर भी बड़े फैसले पर सभी देशों की राय नहीं बन सकी। 2009 के बाद यह पहला मौका है जब जलवायु सम्मेलन इस तरह बिना किसी बड़े नतीजे के अटका है। यूरोपीय संघ (EU), नॉर्वे और पनामा सहित कुछ देशों और समूहों ने अंतिम समझौते पर कड़ी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि इसमें जीवाश्म ईंधन (फॉसिल फ्यूल) से दूर जाने की कोई स्पष्ट बात ही नहीं कही गई। वहीं, कई अन्य देशों ने इसे सिर्फ खोखले वित्तीय वादों वाला समझौता बताकर आलोचना की।  


आखिरी मसौदे को लेकर कई देशों ने खुलकर नाराजगी जताई। खास बात यह रही कि इस सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करने वाले तुर्किये और ऑस्ट्रेलिया, दोनों ही जीवाश्म ईंधन का उत्पादन करने वाले देश हैं।

 

यह भी पढ़ें: इजरायल में सरकार बनाने को लेकर नेतन्याहू-आइजेनकोट के बीच बातचीत फिर रही बेनतीजा

भारत और चीन का रुख

विकासशील देशों के समूह (LMDC) की तरफ से बोलते हुए भारत ने विकसित देशों की जिम्मेदारी और कर्तव्यों को कमजोर किए जाने पर चिंता जताई। हालांकि, भारत ने इसे पूरी तरह खारिज करने के बजाय बहुपक्षीय सहयोग और बातचीत जारी रखने की इच्छा जताई। पर्यावरण मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव और भारत की तरफ से प्रतिनिधि अमनदीप गर्ग ने कहा कि सभी ने कड़ी मेहनत की है और कुछ बिंदुओं पर असहमति के बावजूद भारत आगे बढ़ने और बातचीत जारी रखने को तैयार है। उन्होंने आम सहमति के सिद्धांत पर कायम रहते हुए बाकी देशों को भी साथ आने का न्योता दिया।

 

आखिरी सत्र में चीन ने भी भारत की बातों से सहमति जताई लेकिन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए अंतिम मसौदे को स्वीकार करने का रास्ता चुना। वहीं, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस नतीजे पर निराशा जताई और कहा कि जो लोग उम्मीद कर रहे थे कि सरकारें जलवायु संकट की गंभीरता के हिसाब से कदम उठाएंगी, उनकी निराशा को वह समझते हैं।

इतिहास और अहम फैसले

इससे पहले 2009 के कोपेनहेगन सम्मेलन (COP15) और उससे भी पहले 2000 में हेग के COP6 में ऐसे बड़े गतिरोध देखे गए थे। हालांकि, कोपेनहेगन सम्मेलन को बड़ी उम्मीदों और तैयारियों के बावजूद कानूनी रूप से बाध्यकारी समझौता न हो पाने के कारण इतिहास की सबसे बड़ी निराशाओं में गिना जाता है।

 

COP31 में कुछ फैसले जरूर माने गए और '35 बाय 35' टारगेट को भी बरकरार रखा गया। इसके तहत 2035 तक दुनिया की कुल अंतिम ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी 35 % तक पहुंचाने का लक्ष्य है जो अभी 23 % है। इसमें मजबूत ग्रिड, स्टोरेज और बेहतर ऊर्जा पहुंच की बात तो कही गई है लेकिन इसके लिए कोई ठोस फंडिंग का वादा नहीं किया गया। साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा से बिजली बनाने की पक्की प्रतिबद्धता भी नहीं दिखती। भारत में फिलहाल कुल अंतिम ऊर्जा खपत में बिजली की हिस्सेदारी करीब 22 % है और बाकी हिस्सा तेल, कोयला व प्राकृतिक गैस का है। हालांकि भारत ने नवीकरणीय ऊर्जा बढ़ाने में कई विकासशील देशों से तेज कदम उठाए हैं।

फंडिंग और CCUS पर विवाद

इस सम्मेलन में जलवायु अनुकूलन या एडैप्टेशन के लिए जरूरी फंड की कमी भी दूर नहीं हो सकी। इससे विकासशील देश काफी निराश हुए। अमनदीप गर्ग ने सेशन में कहा कि कई बैठकों में साझेदार देशों ने जलवायु वित्त पर बात करने से ही मना कर दिया और यहां तक कहा गया कि विकासशील देशों को इस मुद्दे पर विकसित देशों से बातचीत की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए।

 

दूसरी ओर, 2035 तक कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज (CCUS) यानी कार्बन हटाने की तकनीकों को बढ़ावा देने के कदम पर भी कई देशों ने सवाल उठाए। विशेषज्ञों का मानना है कि युद्ध, भू-राजनीतिक तनाव, आर्थिक अनिश्चितता और बढ़ते जलवायु जोखिमों के बीच यह सम्मेलन एक बड़ी राजनीतिक नाकामी साबित हुआ। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में पेरिस समझौते से बाहर होने के बाद यूरोपीय संघ भी नेतृत्व की भूमिका निभाने में कमजोर दिखा। जहां एक ओर यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और जापान जैसे विकसित देशों ने ठोस फंडिंग से बचने की कोशिश की, वहीं सऊदी अरब और रूस जैसे बड़े फॉसिल फ्यूल उत्पादक देशों ने तेल, गैस और कोयले से हटने की मांग पर विरोध जताया।

 

यह भी पढ़ें: हूती विद्रोहियों के साथ सऊदी अरब की जंग की इतनी चर्चा क्यों नहीं?

 

क्लाइमेट ट्रेंड्स की निदेशक आरती खोसला ने कहा कि COP31 के नतीजों में राजनीतिक इच्छाशक्ति और जवाबदेही की भारी कमी दिखती है। उनके मुताबिक, बातचीत इतनी लंबी  चलने के बावजूद फॉसिल फ्यूल छोड़ने या जलवायु सुरक्षा पर कोई ठोस वादा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि CCUS जैसी कम परखी गई तकनीक पर जरूरत से ज्यादा जोर दिया गया। इसका असर जंगलों और फुड सिक्योरिटी पर पड़ सकता है।