अमेरिका और ईरान के बीच हुए सीजफायर समझौते के बाद भी 'होर्मुज स्ट्रेट' दुनियाभर के लिए हॉट मुद्दा बना हुआ है। इसके लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से फीस लेने के खिलाफ चेतावनी दी है। ट्रंप ने यह चेतावनी ऐसे समय में दी है, जब 10 अप्रैल को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता होने जा रही है। ईरान और अमेरिका दो हफ्ते के लिए सीजफायर पर सहमत हुए हैं। 

 

उन्होंने ईरान से यह भी कहा कि अगर ऐसी फीस लेने की खबरें सच हैं तो वह ऐसा करना बंद कर दे। ईरान अच्छा काम नहीं कर रहा है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, 'ऐसी खबरें हैं कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले टैंकरों से फीस ले रहा है। बेहतर होगा कि वे ऐसा न करें और अगर वे ऐसा कर रहे हैं, तो उन्हें अभी ऐसा करना बंद कर देना चाहिए!'

 

यह भी पढ़ें: पूर्व PM नफ्ताली बेनेट की हत्या की साजिश नाकाम, ईरान ने इजरायली को दी थी सुपारी

आर्थिक नुकसान की भरपाई कैसे होगी? 

डोनाल्ड ट्रंप की यह बात कुछ रिपोर्टों के बाद आई है, जिनमें कहा गया था कि दरअसल, कई मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया है कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से टोल के रूप में पैसे ले सकता है। बताया जा रहा है कि ईरान को इस युद्ध में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर फीस लगाकर अपनी पोजिशन का फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है।

ईरान क्रिप्टो में टोल लेगा?

फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान शिपिंग कंपनियों से उनके तेल टैंकरों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने देने के लिए क्रिप्टोकरेंसी के जरिए चार्ज करेगा। रिपोर्ट में ईरान के ऑयल, गैस और पेट्रोकेमिकल प्रोडक्ट्स एक्सपोर्टर्स यूनियन के प्रवक्ता हामिद हुसैनी के हवाले से कहा गया है कि ईरान स्ट्रेट से गुजरने वाले हर जहाज से फीस लेना चाहता है और यह भी मॉनिटर करने की जरूरत है कि जहाज क्या ले जा रहे हैं। इससे पहले, ईरान ने यह भी सुझाव दिया था कि वह ऐसी फीस से जमा हुए पैसे का इस्तेमाल देश के विकास के लिए करेगा।

 

यह भी पढ़ें: तो टूट जाएगा युद्ध विराम? हिजबुल्लाह का इजरायल पर बड़ा हमला

 

हुसैनी ने कहा, 'ईरान को यह मॉनिटर करने की जरूरत है कि स्ट्रेट में क्या आता-जाता है ताकि यह पक्का हो सके कि इन दो हफ्तों का इस्तेमाल हथियार ट्रांसफर करने के लिए न किया जाए।' रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि ईरान तेल के हर बैरल पर 1 डॉलर की फीस की मांग करेगा।

'ईरान बहुत खराब काम कर रहा है'

ट्रुथ सोशल पर एक और पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट से तेल गुजरने देने में बहुत खराब काम कर रहा है और यह उनके एग्रीमेंट के मुताबिक नहीं है। उन्होंने कहा, 'ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल गुजरने देने में बहुत खराब काम कर रहा है, कुछ लोग इसे बेईमानी कहेंगे। हमारा एग्रीमेंट ऐसा नहीं है!'