अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन, डी.सी में स्थिति व्हाइट हाउस के पास अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। उस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी वेनेजुएला का नागरिक है, सुरक्षा अधिकारियों को व्हाइट हाउस के पास उसकी कार मिली, जिसमें से तीन हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।  

 

यह गिरफ्तारी गुरुवार शाम, 5 नवंबर को हुई। शख्स का नाम रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा चिरिनोस बताया जा रहा है, जिसे अधिकारियों ने कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर खड़ी एक कार में संदिग्ध गतिविधियां करते देखा था। अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उसने अधिकारियों को बताया कि उसे कुछ आवाजें आ रही थीं, जो वाशिंगटन जाकर राष्ट्रपति ट्रंप को मारने के लिए कह रही थीं। 

 

यह भी पढ़ें: बैंक डूबा, राष्ट्रपति को इस्तीफा देना पड़ा; पैराग्वे में अब तक क्या-क्या हुआ?

क्या है पूरा मामला? 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में सेंध का यह मामला 5 नवंबर 2026 को सामने आया, अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने व्हाइट हाउस के पास एक वेनेजुएला के नागरिक को तीन बंदूकों और दर्जनों कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर ट्रंप को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 5 नवंबर की शाम वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर एक कार खड़ी थी। सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने कार में मौजूद रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा चिरिनोस को संदिग्ध गतिविधियां करते देखा। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। 

 

अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके दिमाग में आवाजें आ रही थीं। ये आवाजें उसे वाशिंगटन जाकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या करने के लिए कह रही थीं। उसके कार से हथियार मिले, जांच में पता चला कि कार चोरी की थी। तलाशी लेने पर अधिकारियों को AR-15 स्टाइल राइफल, मैक-10 (MAC-10), ग्लॉक-43X पिस्तौल और दर्जनों कारतूस मिला।  

रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के खिलाफ क्या हैं आरोप? 

क्रिनोस पर कई आरोप हैं, जिनमें घर या कारोबार के बाहर राइफल रखना, हथियारों को गैर-कानूनी तरीके से ले जाना, बिना रजिस्ट्रेशन वाले हथियार और गोला-बारूद रखना, बिना लाइसेंस के पिस्तौल रखना और कुछ खतरनाक हथियार अपने पास रखना शामिल है। उस पर मोटर वाहन के अनधिकृत इस्तेमाल, चोरी और चोरी का सामान रखने का भी आरोप है।

DHS (डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी) ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के बाद, US इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने US मार्शल्स सर्विस के पास उनके खिलाफ एक 'डिटेनर' (हिरासत में रखने का आदेश) दर्ज कराया है, जहां उसे अभी रखा गया है।

 

होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने व्हाइट हाउस के पास एक संभावित खतरे को टालने का श्रेय सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों को दिया। मुलिन ने कहा, 'हमारे बहादुर सीक्रेट सर्विस अधिकारियों की बदौलत, इस अवैध विदेशी व्यक्ति को, जिसकी गाड़ी में तीन हथियार थे, व्हाइट हाउस के पास ही गिरफ्तार कर लिया गया, इससे पहले कि वह किसी को नुकसान पहुंचा पाता।

 

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप को धमकी देने के अलावा, वह वेनेजुएला का एक ऐसा अवैध विदेशी है, जिसे हमारे देश में होने का कोई हक ही नहीं था। यह सीक्रेट सर्विस के उन जांबाज पुरुषों और महिलाओं के बेहतरीन काम का एक उदाहरण है, जो हर दिन हमारे देश के नेताओं की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं। डायरेक्टर शॉन कुरन और US सीक्रेट सर्विस के सभी देशभक्तों के साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात है।

अधिकारियों ने क्या बताया? 

DHS का कहना है कि संदिग्ध 2024 में अमेरिका में दाखिल हुआ था। DHS के बयान के अनुसार, क्रिनोस मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था। उसे US बॉर्डर पेट्रोल ने गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में बाइडेन प्रशासन के तहत उसे देश में रहने की अनुमति दे दी गई। सीक्रेट सर्विस के डायरेक्टर शॉन करन ने कहा कि अधिकारियों ने स्थिति को संभालने के लिए अपनी ट्रेनिंग का इस्तेमाल किया।

 

 करन ने कहा, 'यह इस बात का ताजा उदाहरण है कि कैसे सीक्रेट सर्विस के कर्मियों ने अपनी व्यापक ट्रेनिंग और अनुभव का इस्तेमाल करके एक तनावपूर्ण स्थिति को शांत किया। यह स्थिति उन लोगों के लिए, जिनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है, और अन्य अमेरिकियों के लिए एक गंभीर खतरा पैदा कर रही थी।' उन्होंने आगे कहा कि एजेंसी उन लोगों की पहचान करना और उनकी जांच करना जारी रखेगी, जो उनकी सुरक्षा में मौजूद लोगों को धमकी देते हैं।