अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पिछले महीने तुर्की से ब्रिटेन की यात्रा के दौरान बेहद सीक्रेट तरीके से एक विमान से दूसरे विमान में शिफ्ट किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, सुरक्षा कारणों से ट्रंप को कथित तौर पर एक कैटरिंग ट्रक के जरिए विमान से बाहर निकाला गया और फिर दूसरे सैन्य विमान में बैठाया गया। इस विमान में बैठाकर उन्हें ब्रिटेन रवाना किया गया। बीबीसी की रिपोर्ट में बताया गया है कि यह पूरा ऑपरेशन ईरान की ओर से संभावित हत्या के खतरे की आशंका के बीच किया गया था लेकिन अभी तक व्हाइट हाउस ने इसको लेकर कोई बयान नहीं दिया था। अब ट्रंप ने इस पर चुप्पी तोड़ दी है।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप तुर्की में नाटो शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद ब्रिटेन के लिए रवाना होने वाले थे। उनकी यात्रा के लिए एयर फोर्स वन तैयार था। ट्रंप विमान में सवार भी हो चुके थे, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद उन्हें गुपचुप तरीके से विमान से बाहर निकाला गया। इसके लिए कैटरिंग ट्रक का इस्तेमाल किया गया और उन्हें दूसरे विमान तक पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें: स्कूल तक नहीं थी सड़क, तिरंगा लिए डीएम ऑफिस में घुसकर बच्चों ने किया प्रदर्शन
ट्रंप ने क्या कहा?
ट्रंप से जब इस असाधारण सुरक्षा व्यवस्था के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा कि वह सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों का पालन करते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं वही करता हूं जो सीक्रेट सर्विस कहती है।' उन्होंने आगे कहा कि यह सब सीक्रेट सर्विस पर निर्भर है। मैं वही करता हूं जो वे करना चाहते हैं। मैं सीक्रेट सर्विस और सेना की बात मानता हूं।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा अधिकारियों ने उन्हें अलग फ्लाइट से जाने को कहा था। ट्रंप के मुताबिक, सुरक्षा की दृष्टि से वह विमान भी उतना ही सुरक्षित था, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें उस विमान से जाने के लिए कहा और उन्होंने ऐसा ही किया। ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि उनके खिलाफ कोई खतरा था। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें काफी सारी धमकियां मिलती रहती हैं।
पत्रकारों से क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दूसरे विमान में सवार होने के बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। पत्रकारों ने सवाल किया कि तुर्की से आ रहे विमान में पत्रकारों को खिड़की के पर्दे नीचे करने के लिए क्यों कहा गया था। इस सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा था कि जिन घटिया लोगों से हमें निपटना है, उनकी वजह से आप शायद एक ख़तरनाक उड़ान पर हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी जान को हमेशा खतरा बना रहता है क्योंकि वह ईरान की लिस्ट में नंबर 1 पर हैं। इसके साथ ही उन्होंने पत्रकारों से कहा कि शायद किसी दिन वे अपना प्रोफेशन बदलना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें: विधवा और अनाथ सेस क्या है जिससे हिमाचल प्रदेश में महंगा हुआ डीजल-पेट्रोल?
ईरान पर क्या कहा?
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह लास्ट व्यक्ति होंगे जो ईरान पर विश्वास करेंगे। उन्होंने कहा, 'मुझे ईरान पर भरोसा नहीं है। मैं उन आखिरी लोगों में से हूं जो ईरान पर भरोसा करेंगे। उन्होंने लगातार मुझसे झूठ बोला है। इस समय होर्मुज पर हमारा पूरा कंट्रोल है। ईरान का इस पर कंट्रोल नहीं है। यह हमारे कब्जे में है और किसी समय अगर उन्होंने कुछ करने की कोशिश की, तो शायद उन्हें पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा।' ट्रंप ने आगे कहा कि फिलहाल, हम बहुत अच्छी स्थिति में हैं।
