अमेरिका में 2026 के मिडटर्म चुनाव में कई राज्यों की सीटों पर कड़ा मुकाबला होने वाला है। कुछ उम्मीदवारों के नतीजे वॉशिंगटन में सत्ता का संतुलन तय कर सकते हैं। इनमें डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रगतिशील चेहरे और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे रिपब्लिकन नेता शामिल हैं।
कई सीटों पर विवादों और घोटालों ने मुकाबला कड़ा कर दिया है। इन नतीजों का असर 2028 के राष्ट्रपति चुनाव पर भी पड़ेगा। यह डोनाल्ड ट्रंप का आखिरी कार्यकाल है लेकिन यह चुनाव तय कर सकता है कि रिपब्लिकन या डेमोक्रेट्स, किसकी सत्ता में वापसी होने वाली है।
यह भी पढ़ें: ईरान पर अमेरिका का नया हमला, केशम द्वीप से क्या हासिल करना चाहता है?
सीनेट की किन सीटों पर सबसे ज्यादा है चर्चा?
- मिशिगन में डेमोक्रेट अब्दुल अल-सैयद का मुकाबला रिपब्लिकन पूर्व सांसद माइक रोजर्स से है। अल-सैयद पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी हैं। उन्होंने प्राइमरी में एक मध्यमार्गी सांसद को हराया था। मिशिगन ने 2024 में ट्रंप को कम अंतर से जिताया था।
- मेन में रिपब्लिकन सीनेटर सुसान कॉलिन्स (73) छठे कार्यकाल के लिए मैदान में हैं। वे 1997 से सीनेट में हैं। डेमोक्रेट ग्राहम प्लैटनर पर रेप के आरोप लगने के बाद वे दौड़ से हट गए। अब पूर्व लकड़हारे और राज्य विधायक ट्रॉय जैक्सन उनके सामने हैं। मेन में 2024 में कमला हैरिस जीती थीं।
- कंसास में डेमोक्रेट एडम हैमिल्टन मेगाचर्च के पादरी हैं। उनका मुकाबला रिपब्लिकन सीनेटर रोजर मार्शल से है। कंसास ने 1932 के बाद किसी डेमोक्रेट को सीनेट नहीं भेजा है। रिपोर्ट के मुताबिक मार्शल पर मरीजों पर बकाया बिलों के मुकदमे करने के आरोप सामने आए हैं।
- जॉर्जिया में 39 साल के डेमोक्रेट सीनेटर जॉन ओसॉफ दूसरे कार्यकाल के लिए लड़ रहे हैं। उनके सामने रिपब्लिकन सांसद माइक कॉलिन्स हैं। रिपोर्ट के मुताबिक पोल में ओसॉफ आगे बताए जा रहे हैं।
- टेक्सास में 37 साल के डेमोक्रेट जेम्स तालारिको का सामना राज्य के रिपब्लिकन अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन से है। पैक्सटन ने ट्रंप के समर्थन से प्राइमरी में सीनेटर जॉन कॉर्निन को हराया। तालारिको ने डेमोक्रेटिक प्राइमरी में जैस्मीन क्रॉकेट को हराया था।
- अलास्का में डेमोक्रेट मैरी पेल्टोला का मुकाबला रिपब्लिकन सीनेटर डैन एस सुलिवन से है। आखिरी दौर में पेल्टोला पर स्टाफ से बदसलूकी के आरोप लगे। उनके कैंपेन ने इस घटना को तनाव का नतीजा बताया है।
- फ्लोरिडा में डेमोक्रेट एंजी निक्सन का मुकाबला रिपब्लिकन सीनेटर एश्ले मूडी से है। निक्सन डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट हैं। प्राइमरी में उनकी जीत चौंकाने वाली मानी गई। यह सीट बहुत कड़े मुकाबले वाली नहीं मानी जा रही।
- साउथ कैरोलिना में रिपब्लिकन सीनेटर डार्लिन ग्राहम को भाई लिंडसे ग्राहम के निधन के बाद सीनेट में नियुक्त किया गया। पोल के मुताबिक इस बार मुकाबला कांटे का है। उनके सामने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एनी एंड्रयूज हैं।
यह भी पढ़ें: अमेरिका के अरबों डॉलर के हथियार लेकिन ईरान के ड्रोन के आगे क्यों मुश्किल?
हाउस की किन सीटों पर कड़ी टक्कर होने वाली है?
- ओहियो (सीट नंबर 7): यहां से रिपब्लिकन पार्टी के 37 वर्षीय सांसद मैक्स मिलर चुनाव लड़ रहे हैं। निजी और राजनीतिक, दोनों वजहों से चर्चा में हैं। उनकी पूर्व पत्नी एमिली मोरेनो ने उन पर मारपीट का आरोप लगाया है, जिसे मिलर ने पूरी तरह गलत बताया है। इस सीट पर उनका मुकाबला डेमोक्रेटिक पार्टी के ब्रायन पॉइंडेक्स्टर से है।
- एरिजोना (सीट नंबर 6): रिपब्लिकन पार्टी के 44 वर्षीय सांसद जुआन सिस्कोमानी यहां से मैदान में हैं। वे 2022 और 2024 के चुनावों में बहुत कम वोटों के अंतर से जीते थे। इस बार उनके सामने डेमोक्रेटिक पार्टी की जोएना मेंडोजा चुनाव लड़ रही हैं।
- न्यूजर्सी (सीट नंबर 7): यहां रिपब्लिकन पार्टी के 58 वर्षीय सांसद टॉम कीन जूनियर चुनाव लड़ रहे हैं, जो पिछले तीन महीनों से अधिक समय से जनता और काम-काज से दूर रहे हैं। उन्हें डेमोक्रेटिक पार्टी की 39 वर्षीय रेबेका बेनेट से सीधी चुनौती मिल रही है।
