हर साल ब्रिटिश मैगजीन 'द इकोनॉमिस्ट' (The Economist) एक खास एनुअल एडिशन जारी करती है। इसमें बताया जाता है कि अगले साल दुनिया में क्या-क्या हो सकता है। साथ ही उन मुद्दों की भी चर्चा होती है, जिनका असर पूरी दुनिया पर पड़ सकता है। इसे 'द वर्ल्ड अहेड' (The World Ahead) कहा जाता है। इसमें आने वाले साल की राजनीति, युद्ध, अर्थव्यवस्था, तकनीक और पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों को तस्वीरों के जरिए दिखाया जाता है। अगले साल के लिए मैगजीन ने अपना नया अंक जारी किया है। इसके कवर पर कई तरह के इमेज और सिंबल्स बनाए गए हैं, जिनमें युद्ध, वैश्विक नेता, बैंकिंग व्यवस्था, इलेक्ट्रिक वाहन और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दे नजर आते हैं।
कवर सामने आने के बाद इसकी अलग-अलग व्याख्याएं की जा रही हैं। कोई इसमें दुनिया की बदलती राजनीति के संकेत देख रहा है, तो कोई इसे आने वाले आर्थिक संकट और पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों से जोड़कर समझ रहा है। ये तस्वीर आने वाले साल के संभावित मुद्दों और चुनौतियों को समझाने का एक तरीका हैं। भारत के नजरिए से भी इस कवर में कई ऐसे मुद्दे दिखाई देते हैं, जिनका असर देश की अर्थव्यवस्था, आम लोगों की जेब, खेती, ऊर्जा और अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर पड़ सकता है।
1. ईरान युद्ध का भारत पर असर
कवर के एक हिस्से में लाल सागर में सैन्य तनाव और युद्ध जैसी स्थिति दिखाई गई है। यह पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और समुद्री रास्तों पर बढ़ते खतरे की ओर इशारा करता है। द इकोनॉमिस्ट ने भी 2027 के अपने अंक में ईरान युद्ध के बाद पैदा होने वाली चुनौतियों और खाद की कमी को अहम मुद्दा बताया है।
भारत के लिए यह चिंता की बात हो सकती है, क्योंकि देश अपनी जरूरत का करीब 88 फीसदी कच्चा तेल दूसरे देशों से खरीदता है। अगर ईरान से जुड़ा संघर्ष लंबा खिंचता है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे अहम समुद्री रास्तों पर आवाजाही प्रभावित होती है, तो तेल और गैस की सप्लाई पर असर पड़ सकता है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ सकती हैं। 2027 में इसका असर भारत में पेट्रोल-डीजल, माल ढुलाई, खेती और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर पड़ सकता है।
2. विश्व नेतृत्व में भारत की भूमिका बढ़ेगी
कवर के सबसे ऊपरी हिस्से में दुनिया के कई बड़े नेताओं की कतार दिखाई गई है। इसमें एक तस्वीर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जोड़कर देखा जा सकता है। इस कतार में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और चीन के राष्ट्रपति की तस्वीर भी शामिल है। अगर यह तस्वीर वास्तव में नरेंद्र मोदी को दर्शाती है, तो इसे वैश्विक राजनीति में भारत की बढ़ती भूमिका के संकेत के रूप में समझा जा सकता है।
भारत दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और अमेरिका, चीन, रूस तथा यूरोपीय देशों के साथ उसके संबंध अंतरराष्ट्रीय राजनीति में अहम हैं। 2027 में अमेरिका और चीन के बीच प्रतिस्पर्धा, पश्चिम एशिया का संघर्ष और वैश्विक व्यापार जैसे मुद्दों पर भारत की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। इससे अंतरराष्ट्रीय फैसलों में भारत की भागीदारी और अहम हो सकती है।
3. 2027 में दुनिया पर बढ़ेगा कर्ज का बोझ
तस्वीर के बीच में स्तंभों वाली एक बड़ी इमारत दिखाई गई है, जिससे कुछ लोग हाथों में ब्रीफकेस लेकर बाहर निकल रहे हैं। इसके ऊपर नीचे की ओर जाता हुआ ग्राफ भी नजर आता है। इसे दुनिया की बैंकिंग व्यवस्था, बढ़ते सरकारी कर्ज और बॉन्ड बाजार पर दबाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
भारत पर भी सरकारी कर्ज का बोझ है। केंद्र सरकार के 2026-27 के बजट दस्तावेज के मुताबिक, मार्च 2026 के अंत तक केंद्र सरकार की देनदारियां करीब 200 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान था। अगर दुनिया के बड़े देशों में कर्ज बढ़ता है और ब्याज दरें ऊंची बनी रहती हैं, तो इसका असर भारत पर भी पड़ सकता है। विदेशी निवेशक सुरक्षित बाजारों की ओर रुख कर सकते हैं। इससे भारत में निवेश, रुपये की कीमत और सरकार के लिए कर्ज जुटाने की लागत पर दबाव बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: कैप्टन रहमान गुल कौन हैं, BLA की कमान मिलते ही पाकिस्तान की क्यों बढ़ी चिंता?
4. इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ेगा
तस्वीर में एक इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज करते हुए दिखाया गया है। यह आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल से चलने वाली गाड़ियों की जगह इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल का संकेत हो सकता है। भारत में भी इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है।
नीति आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 2018 में कुल वाहनों की बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी करीब 0.5 फीसदी थी, जो 2025-26 में बढ़कर 8.25 फीसदी हो गई। 2027 में भी इसके बढ़ने की संभावना है। इससे पेट्रोल-डीजल के आयात पर भारत की निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही प्रदूषण घटाने, बैटरी बनाने और चार्जिंग स्टेशन लगाने जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली ट्रेड फेयर आज से आम लोगों के लिए खुला, टिकट ₹100 से शुरू; जानें डिटेल
5. पानी की कमी बढ़ाएगी परेशानी
कवर के बाईं ओर जंगल में आग लगी हुई दिखाई गई है। आसपास सूखी जमीन, पेड़ और एक हिरण भी नजर आ रहा है। ये तस्वीरें जंगलों में आग, बढ़ती गर्मी और वन्यजीवों पर मंडराते खतरे की ओर इशारा करती हैं। इसे जलवायु परिवर्तन और पानी की कमी जैसी समस्याओं से भी जोड़कर देखा जा सकता है।
भारत में भी पानी की कमी एक बड़ी चुनौती है। केंद्रीय भूजल बोर्ड के 2025 के आकलन के मुताबिक, देश में भूजल के इस्तेमाल का स्तर 60.63 फीसदी तक पहुंच गया है। वहीं, देश के 730 आकलन क्षेत्रों में भूजल का इस्तेमाल उसके दोबारा भरने की मात्रा से ज्यादा पाया गया। अगर 2027 में गर्मी बढ़ती है और बारिश का पैटर्न अनियमित रहता है, तो खेती और पीने के पानी की उपलब्धता पर दबाव बढ़ सकता है।
