लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर को अमेरिका के कैलिफोर्निया से हिरासत में लिया गया है। हैरी बॉक्सर ने फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। उसका असली नाम हरिचंद जाट है। भारत की सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं। हैरी विदेश में बैठकर लॉरेंस गैंग के लिए काम करता था। उस पर भारत में कारोबारियों और फिल्मी सितारों से रंगदारी मांगने का आरोप है। इससे पहले अमेरिकी एजेंसियां नीरज बवाना गैंग के हिमांशु भाऊ और बंबीहा गैंग के सरगना नीरज फरीदपुरिया को भी गिरफ्तार कर चुकी हैं।
हरिचंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर-नारायणपुर का रहने वाला है। अपराध की दुनिया में आने से पहले वह जयपुर में बॉक्सिंग सिखाता था। बॉक्सिंग कोच होने की वजह से ही उसे बॉक्सर नाम मिला। उसके पिता गिरधारी जाट किसान हैं। हैरी बॉक्सर साल 2022 से फरार है। बताया जाता है कि साल 2024 में वह नेपाल के रास्ते अमेरिका पहुंचा था। वहां से वह फोन के जरिए लॉरेंस गैंग की गतिविधियों को संचालित करता था।
कभी सरकारी नौकरी की तैयारी करता था हैरी
हैरी बॉक्सर ने 12वीं तक की पढ़ाई बानसूर के गांधी स्कूल से की थी। इसके बाद उसने बानसूर के ही एक कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरी की। पढ़ाई के बाद वह पुलिस, सेना और SSC जैसी सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसकी दिलचस्पी बॉक्सिंग में बढ़ी। वह जयपुर पहुंचा और वहां बॉक्सिंग की ट्रेनिंग लेने के बाद कोच के तौर पर भी काम करने लगा। उस समय तक उसकी पहचान एक खिलाड़ी और कोच के रूप में थी, लेकिन बाद में वह अपराध की दुनिया में चला गया।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग में कैसे बना अहम सदस्य?
हैरी बॉक्सर का नाम लॉरेंस बिश्नोई गैंग के उन सदस्यों में शामिल है, जो विदेश में रहकर भारत में गैंग का नेटवर्क चलाने में मदद करते हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह गैंग के लिए रंगदारी मांगने, कारोबारियों को धमकाने और फायरिंग जैसी घटनाओं में भूमिका निभाता रहा है। आरोप है कि वह विदेश में बैठकर भारत में गैंग के दूसरे सदस्यों के संपर्क में रहता था। उसके जरिए धमकियां देने और रंगदारी मांगने जैसी गतिविधियों को अंजाम दिया जाता था।
यह भी पढ़ें: वीडियोकॉन के पूर्व मालिक वेणुगोपाल दिवालिया घोषित, कैसे कर्ज में डूबे?
रोहित शेट्टी- रणवीर सिंह को दी धमकी
हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड से जुड़ी कई चर्चित घटनाओं में सामने आ चुका है। मुंबई में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद भी उसका नाम चर्चा में आया था। कथित तौर पर उसने इस घटना की जिम्मेदारी लेने के साथ रोहित शेट्टी को धमकी भी दी थी।
फरवरी 2026 में अभिनेता रणवीर सिंह की टीम को कथित तौर पर एक वॉयस नोट भेजा गया था। इसमें 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की बात सामने आई थी। इस मामले में भी हैरी बॉक्सर का नाम सामने आया। इसके अलावा कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे के बाहर हुई फायरिंग के बाद भी उसका नाम सामने आया था। जांच एजेंसियां इन घटनाओं में उसकी भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद पुलिस चौकी ब्लास्ट की तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने ली जिम्मेदारी, एक घायल
नेपाल के रास्ते अमेरिका पहुंचा था हैरी
हैरी बॉक्सर साल 2022 से फरार बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह 2024 में नेपाल के रास्ते अमेरिका पहुंचा था। इसके बाद वह वहीं रहकर अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा था। फरवरी 2026 में भी अमेरिकी इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे हिरासत में लिया था। उस समय उसने अमेरिका में शरण लेने के लिए आवेदन किया था। हालांकि, बाद में उसे छोड़ दिया गया था। अमेरिका में हिरासत में लिए जाने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल है कि हैरी बॉक्सर को भारत कब लाया जाएगा। इसके लिए दोनों देशों की एजेंसियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। भारत को उसके प्रत्यर्पण की मांग करनी पड़ सकती है।
