पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज क्रिकेटर इमरान खान की बहन अलीमा खान को हिरासत में लिया गया है, जबकि इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने अपने एक एक्स पोस्ट में दावा किया कि अलीमा खान को लाहौर स्थित उनके घर से अगवा किया गया है। पीटीआई ने उन्हें जल्द अदालत में पेश करने की अपील की। 

 

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लाहौर के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के आदेश के बाद यह एक्शन लिया गया। इसमें अलीमा खान और मोहम्मद अमीर को 30 दिनों तक गिरफ्तार करने या हिरासत में रखने का आदेश दिया गया। सिविल लाइंस डिवीजन के पुलिस अधीक्षक और जिला खुफिया शाखा के प्रभारी ने यह सिफारिश की थी, ताकि लाहौर में कानून-व्यवस्था को बरकरार रखा जा सके।

 

यह भी पढ़ें: स्वीडन के स्टॉकहोम की नई सांसद नीला विखे पाटिल कौन हैं, भारत से क्या है नाता?

किस कानून के तहत लिया गया एक्शन

अलीमा खान के खिलाफ पंजाब लोक व्यवस्था रखरखाव अध्यादेश- 1960 के तहत यह कार्रवाई की गई है। लाहौर डीसी मुहम्मद अली एजाज ने आज ही यह आदेश जारी किया था। बता दें कि इस अध्यादेश के तहत किसी भी शख्स को हिरासत में लिया जा सकता है। यहां तक की आदेश को अदालत में भी चुनौती नहीं दी जा सकती है।

 

 

 

लाहौर प्रशासन ने अलीमा को बताया खतरा

लाहौर डीसी ने अपने आदेश में पुलिस जांच का हवाला दिया और अलीमा खान और मोहम्मद अमीर को जन सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा बताया। यह भी कहा गया कि दोनों के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। 9 मई 2023 को इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद भड़के दंगों में अलीमा और अमीर ने सड़क पर उतरकर भूमिका निभाई थी। दोनों ने श्रमिकों को सार्वजनिक और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की खातिर सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काया था।

 

यह भी पढ़ें: इरिट्रिया से अल्जीरिया तक, कैसे अफ्रीकी देश UAE की दखल से परेशान?

इस्लामाबाद में बढ़ाई गई सुरक्षा

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान सेना प्रमुख आसिम मुनीर से दुश्मनी के बाद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। उन्हें भ्रष्टाचार के आरोप में साल 2023 से जेल में रखा गया है। पीटीआई के कार्यकर्ता और उनके समर्थक लंबे समय से रिहाई की मांग उठा रहे हैं। 27 सितंबर को एक बड़ा देशव्यापी विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित है। उससे पहले ही राजधानी इस्लामाबाद को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। डी-चौक समेत तमाम रास्तों को कंटेनर से सील किया गया है।