ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अपने पड़ोसी देशों से माफी मांगी है। यह माफी पड़ोसी देशों पर हाल ही में किए गए मिसाइल और ड्रोन हमले के बाद मांगी गई है। 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका के साथ युद्ध के बीच ईरान ने खाड़ी के कई देशों पर बड़ी संख्या में मिसाइल और ड्रोन से हमला किया था। सबसे अधिक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को निशाना बनाया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान अब क्षेत्रीय तनाव कम करने में जुटा है। ईरान की अंतरिम नेतृत्व परिषद ने शनिवार को पड़ोसी देशों पर हमला न करने की अनुमति दे दी है। राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा कि ईरान अमेरिका और इजरायल के सामने सरेंडर नहीं करेगा। मैं ईरान की तरफ से उन पड़ोसी देशों से माफी मांगता हूं, जिन पर ईरान ने हमला किया है।
'अपनी कब्र में ले जाए बिना शर्त सरेंडर की ख्वाहिश'
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि ईरान को बिना शर्त सरेंडर करना होगा। उसके बिना कुछ स्वीकार्य नहीं होगा। एक दिन बाद शनिवार को पेजेश्कियन ने ट्रंप को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बिना शर्त आत्मसमर्पण की मांग एक ऐसा सपना है, जिसे उन्हें अपने साथ कब्र में ले जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'सिर से गुजर रहे जेट, गिरी मिसाइलें', दुबई में फंसे हिंदुस्तानियों का हाल क्या?
कब तक पड़ोसी देशों पर हमला नहीं करेगा ईरान?
सरकारी टीवी में प्रसारित अपने भाषण में पेजेश्कियन ने कहा, 'मैं उन पड़ोसी देशों से माफी मांगता हूं, जिन पर ईरान ने हमला किया था। अंतरिम नेतृत्व परिषद ने कल सहमति जताई कि पड़ोसी देशों पर अब और हमले नहीं किए जाएंगे। हमला तभी किया जाएगा, जब हमले उन देशों से किए जाएंगे।'
माफी के कुछ समय बाद तीन देशों पर हमला
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के बयान के कुछ देर बाद ही ईरान ने सऊदी अरब, यूएई और बहरीन पर ड्रोन से हमला किया। शनिवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक ड्रोन गिरा है। इस बीच अमेरिका अपना तीसरा एयरक्रॉप्ट कैरियर मध्य पूर्व की तरफ भेज रहा है। उधर, इजरायल की वायुसेना ने तेहरान और इस्फहान में कई ईरानी ठिकानों पर जबरदस्त बमबारी की है।
यह भी पढ़ें: इजरायल ने मोसाद की मदद ईरान को घेरकर मारा, तेहरान के बंकरों का नरक जैसा हाल
अब तक किन-किन देशों पर हमला?
28 फरवरी की सुबह इजरायल-अमेरिका ने एक साथ मिलकर ईरान पर हमला किया था। इसमें सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की जान चली गई थी। शासन के टॉप अधिकारी भी मारे जा चुके हैं। इजरायली-अमेरिकी हमले के जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों पर हमलों की शुरुआत की। अभी तक सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, बहरीन, इराक, जॉर्डन, ओमान, सीरिया, तुर्की और अजरबैजान पर हमले हो चुके हैं। उधर, इजरायल ईरान के अलावा लेबनान पर बमबारी कर रहा है।
