ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (होर्मुज जलडमरूमध्य) में तनाव बहुत बढ़ गया है। एक तरफ ईरान मिसाइलें दाग रहा है तो दूसरी तरफ अमेरिकी बमवर्षक तेहरान पर हमले कर रहे हैं। इसी बीच दुनिया भर में ईरान के दूतावासों से हास्य और व्यंग्य से भरी पोस्ट्स के जरिए भी एक अनोखी जंग चल रही है।

 

हाल ही में जिम्बाब्वे में ईरान के दूतावास ने मजाकिया अंदाज में सुझाव दिया – 'Be polite and pass' । साथ में फ्रांस और स्पेन के हैशटैग लगाए। इसका मतलब था कि शांति की बात करने वाले देशों को सुरक्षित गुजरने की अनुमति दी जा रही है। यह पोस्ट होर्मुज जलडमरूमध्य की तनावपूर्ण स्थिति पर व्यंग्य था।

 

यह भी पढ़ें: क्या ईरान मचा देगा तबाही, उसके जैविक और रासायनिक हथियारों की चर्चा क्यों?

दूतावास ने किया पोस्ट

दक्षिण अफ्रीका के प्रिटोरिया में ईरान के दूतावास ने और भी तीखा पोस्ट किया। उसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिकी झंडे से ढके ताबूतों से भरा दिखाया गया। कैप्शन था – 'होर्मुज से गुजरने वाली एकमात्र अमेरिकी चीज'। यह पोस्ट काफी विवादास्पद रहा लेकिन ईरान इसे युद्ध के दौरान अपने संदेश को दुनिया तक पहुंचाने का तरीका बता रहा है।

 

कम हुई है जहाजों का आवाजाही

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया का बहुत महत्वपूर्ण जलमार्ग है, जहां से दुनिया का एक बड़ा हिस्सा तेल लेकर गुजरता है। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान ने इसे लगभग बंद कर दिया। अब यहां से जहाजों की आवाजाही बहुत कम हो गई है। पहले रोजाना कई जहाज गुजरते थे लेकिन अब सिर्फ मुट्ठी भर ही निकल पा रहे हैं।

 

जो जहाज गुजर रहे हैं, वे ज्यादातर ईरान के दोस्त देशों से जुड़े हैं। हाल ही में फ्रांस की बड़ी कंपनी CMA CGM का एक कंटेनर जहाज पहला पश्चिमी यूरोपीय जहाज बना जो इस जलडमरूमध्य से गुजरा। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने युद्धविराम की अपील की थी, जिसके बाद यह संभव हुआ।

भारत के जहाज भी निकले

भारत भी यहां से अपने जहाजों को सुरक्षित निकालने में कामयाब रहा है। 28 फरवरी के बाद कम से कम आठ भारतीय जहाज इस रास्ते से गुजर चुके हैं। पाकिस्तान ने भी द्विपक्षीय समझौते से सुरक्षित गुजरने का इंतजाम किया है। कुछ जहाज ओमान की तट रेखा से सटकर निकल रहे हैं।

 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह होर्मुज को फिर से खोल देंगे और बातचीत चल रही है। लेकिन ईरान का कहना है कि हमले शुरू होने तक सब कुछ सामान्य था।

ईरान का नया प्लान

ईरान अब सिर्फ युद्ध नहीं लड़ रहा, बल्कि लंबे समय की योजना भी बना रहा है। खबरों के मुताबिक, तेहरान होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर टोल (टैक्स) लगाने की सोच रहा है। अगर ऐसा हुआ तो ईरान दुनिया के इस महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्ग पर अपना लंबा नियंत्रण मजबूत कर सकता है।

 

यह भी पढ़ें: अमेरिका के हौसले तोड़ रहा ईरान, ट्रंप घिरे, कैसे 'फुस्स' हुई अमेरिकी वायुसेना? 

सोशल मीडिया पर जंग जारी

इस युद्ध में सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ सोशल मीडिया पर हास्य और व्यंग्य की जंग भी पूरी तेजी से चल रही है। ईरान के दूतावास अपनी इन मजाकिया लेकिन तीखी पोस्ट्स से दुनिया का ध्यान अपनी तरफ खींच रहे हैं।


विश्व भर के देश अब इस जलडमरूमध्य को जल्द से जल्द खुलवाने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि इससे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं और वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है।