नीदरलैंड और वेनेजुएला की दो महिलाओं को बंधक बनाकर गैंगरेप करने के मामले में पाकिस्तान की अदालत ने डिप्टी प्राइम मिनिस्टर इशाक डार के पोते समेत 8 के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। 9 दिसंबर से मुकदमे की औपचारिक सुनवाई शुरू होगी। हालांकि पंजाब पुलिस गैंगरेप मामले में इशाक डार के पोते को अपनी रिपोर्ट में बरी कर चुकी है। पुलिस ने कहानी गढ़ी कि डार के पोते के आवास पर काम करने वाले तीन लोगों ने घटना को अंजाम दिया।

 

मंगलवार को लाहौर की अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रफाकत अली गोंडाल ने मामले की सुनवाई की। सभी पक्षों की दलील सुनने के बाद आठों आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए। सभी आरोपी अभी न्यायिक हिरासत में है। मंगलवार को जब उन्हें अदालत में पेश किया गया तो उन्होंने खुद को निर्दोष बताया। लाहौर की अदालत ने अभियोजन पक्ष को 9 दिसंबर को गवाह पेश करने को कहा है। यही से मुकदमे की औपचारिक सुनवाई आरंभ होगी।

 

यह भी पढ़ें: कुलगाम में CRPF कैंप पर हमला, तीन जवान घायल; पूरे इलाके की घेरेबंदी

मेडिकल रिपोर्ट में गैंगरेप का खुलासा

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इसी साल जून महीने में इशाक डार के पोते रजा डार के कहने पर नीदरलैंड और वेनेजुएला की दो महिलाएं पाकिस्तान पहुंचीं। यहां सभी की बिजनेस मीटिंग होने वाली थी। लाहौर पहुंचने पर रजा डार और उसके चार दोनों ने दोनों महिलाओं को बंधक बनाकर गैंगरेप किया। नीदरलैंड के दूतावास के दखल के बाद पुलिस ने एक्शन लिया। मेडिकल जांच में गैंगरेप की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों को उनके वतन वापस भेज दिया गया। 

डराया-धमकाया भी गया

पुलिस की जांच में सामने आया कि पूरी वारदात को लाहौर के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी इलाके के एक मकान में अंजाम दिया गया। घर के बाहर हथियाबंद लोग तैनात थे। वह हर एक हरकत पर निगाह रख रहे थे। विदेशी महिलाओं को चाकू और बंदूक के दम पर धमकाया गया। जबरन साढ़े 19 हजार डॉलर की रकम ट्रांसफर करवाई गई। आरोपियों ने महिलाओं को हत्या करने और बाद में अंगों को बेचने तक की धमकी भी दी। 

एक्सीडेंट ने दोनों महिलाओं को बचाया

इन विदेशी महिलाओं की साल 2025 में सिंगापुर में रजा डार से मुलाकात हुई थी। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के झांसे पर उन्हें पाकिस्तान बुलाया गया। गैंगरेप करने के बाद आरोपी दोनों महिलाओं को एयरपोर्ट ले जा रहे थे। तभी रास्ते में कार का एक्सीडेंट हो गया। दोनों महिलाएं भागने में कामयाब रही। बाद में नीदरलैंड के दूतावास ने दखल दिया तो पुलिस को केस दर्ज करना पड़ा।

 

यह भी पढ़ें: अमेरिका के वित्त मंत्री अंडरग्राउंड, ईरान की धमकियों के बाद घर छोड़ा

डार परिवार का सियासी रुतबा 

पाकिस्तान की पंजाब पुलिस ने अपनी जांच में रजा डार और उसके चारों दोस्तों को क्लीनचिट दे दी है। आरोप लगाया कि रजा डार के घर पर काम करने वाले तीन लोगों ने विदेश महिलाओं से दुष्कर्म किया। पुलिस की जांच और इशाक डार के राजनीतिक प्रभाव को भी समझना जरूरी है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उप प्रधानमंत्री इशाक डार आपस में समधी हैं। शहबाज शरीफ के बड़े भाई नवाज शरीफ की बेटी अस्मा नवाज शरीफ का निकाह इशाक डार के बेटे अली डार से हुआ है। अली डार का बेटा ही रजा डार है। पंजाब में इस वक्त उसकी मौसी मरियम नवाज मुख्यमंत्री हैं।