दुनिया की सबसे बड़ी अदालत इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (ICJ) ने म्यांमार को साल 2017 में रोहिंग्या अल्पसंख्यक के मानवसंहार का दोषी ठहराया है। यह पहली बार है जब आईसीजे ने किसी देश को मानवसंहार का दोषी ठहराया है। पिछले सात साल से आईसीजे में यह कानूनी लड़ाई चल रही थी। विश्लेषकों का मानना है कि यह केस इजरायल के खिलाफ गाजा में मानवसंहार को साबित करने की अहम कड़ी बन सकता है।

 

नीदरलैंड के द हेग में स्थित इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में गुरुवार को 9 जजों की पीठ ने मामले की सुनवाई की। अपने फैसले में अधिकांश जजों ने माना कि 2017 में म्यांमार ने रोहिंग्या के खिलाफ मानवसंहार को अंजाम दिया था। आईसीजे अध्यक्ष युजी इवासावा ने फैसला पढ़ते वक्त कहा, 'अदालत को पूरा यकीन है कि म्यांमार ने रोहिंग्या आबादी के एक बड़े हिस्से को खत्म करने के इरादे से काम किया था।' अदालत ने म्यांमार से मुआवजा और भरपाई की मांग की। इसके अलावा रोहिंग्या मुस्लिमों की संपत्ति वापस देने और सुरक्षित वापसी की भी मांग की।

 

यह भी पढ़ें: दुनिया में घटेगी हिंदुओं की आबादी, मुसलमान होंगे नंबर 1; भारत में क्या होगा?

बांग्लादेश में लेनी पड़ी थी शरण

साल 2016-17 में म्यांमार सेना की ज्यादती और निशाना बनाने के बाद लाखों रोहिंग्या मुस्लिमों को पड़ोसी देश बांग्लादेश में शरण लेनी पड़ी थी। बांग्लादेश के कॉक्स बाजार में दुनिया की सबसे बड़ी रिफ्यूजी बस्ती है। यहां लगभग 10 लाख रोहिंग्या मुस्लिम रहते हैं। बचकर आने वाले रोहिंग्याओं ने खुलासा किया कि सेना ने गांव के गांव जला डाले। महिलाओं के साथ रेप किया। बच्चों और बूढ़ों को मौत के घाट उतार दिया। गुरुवार को कॉक्स बाजार में रोहिंग्या लोगों ने जश्न मनाकर आईसीजे के फैसले का स्वागत किया। 

बच्चे पैदा करने से भी रोका 

एक अनुमान के मुताबिक बौद्ध बहुल म्यांमार में लगभग 6 लाख रोहिंग्या बचे हैं। उनकी तरफ से अफ्रीकी देश गांबिया ने आईसीजे में यह मामला दायर किया था। जांच करने वाला का आरोप है कि म्यांमार के सैनिकों ने न केवल महिलाओं के साथ गैंगरेप किया, बल्कि उनके प्राइवेट पार्ट को भी नुकसान पहुंचाया, ताकि व्यवस्थित तरीके से रोहिंग्याओं को बच्चा पैदा करने से रोका जा सके। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान यह बात स्वीकार की और कहा कि रोहिंग्या परिवारों पर दो बच्चों की सीमा लगाना भी इसी का उदाहरण है।

 

यह भी पढ़ें: अब ब्रिटेन को क्यों धमका रहा ईरान, कैसे दोनों देशों के बीच बढ़ी दुश्मनी?

म्यांमार की सेना क्या कहती है?

म्यांमार की सेना मानवसंहार के आरोपों का खंडन करती रही है। उसका तर्क है कि रखाइन प्रांत में रोहिंग्या आतंकवादी ग्रुप गुरिल्ला हमले करते हैं। सेना की कार्रवाई इन्हीं ग्रुप को टारगेट करके की गई थी। रोहिंग्या मानवसंहार के दौरान म्यांमार के वर्तमान राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग सेना प्रमुख थे। उन पर ही मानवसंहार का नेतृत्व करने का आरोप है। उनके खिलाफ इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट अरेस्ट वारंट भी जारी कर चुका है। मिन आंग ह्लाइंग ने 2021 में आंग सान सू के खिलाफ तख्तापलट को अंजाम दिया था। तब से म्यांमार गृह युद्ध की चपेट में है।