नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच सोशल मीडिया पर इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है। जहां एक तरफ लोग बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद करने के लिए आगे आ रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग बाढ़ में बह कर आए महिला के शव से सोने की बालियां निकालते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आते ही चितवन जिला पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और मामले में मदन गुरुंग और उमेश चौधरी नाम के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

 

बता दें कि भोटेकोशी में आई बाढ़ के बाद त्रिशूली और नारायणी नदियों के अलग-अलग किनारों पर लगातार शव मिलने का सिलसिला जारी है। इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।

 

यह भी पढ़ें: तिब्बत में फिर टूटा बांध, नेपाल में 'तबाही' का अलर्ट जारी

बाढ़ में बहे शव से बाली निकालता दिखा शख्स

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो लोग एक महिला के शव को लकड़ी के तख्तों की मदद से और बालों से खींचकर ले जा रहे हैं। इसके बाद वे शव के दोनों कानों से सोने की बालियां निकालकर एक तरफ रख देते हैं। यह वीडियो 41 सेकंड का है। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि वे अकेले नहीं थे। आसपास कई लोग खड़े होकर यह सब देख रहे थे, कुछ इसे अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड भी कर रहे थे।

सोशल मीडिया पर भड़के लोग, सख्त कार्रवाई की मांग

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही लोग भड़क गए। कुछ यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए इसकी कड़ी निंदा की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

 

यह भी पढ़ें: नेपाल: मरने वालों की संख्या हुई 469, अभी भी मंडरा रहा है बाढ़ का खतरा

 

नेपाल पुलिस ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि शव से बालियां चुराने वाले लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय मदन गुरुंग और 38 वर्षीय उमेश चौधरी के रूप में हुई है।