चीन के दौरे पर गए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने ही शी जिनपिंग ने कह दिया कि अमेरिका ढलान पर है। इस बार डोनाल्ड ट्रंप के तेवर काफी ढीले नजर आए और वह जिनपिंग की बातों में हां में हां मिलाते दिखे। अब उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट किया है जो वायरल हो गया है। इस पोस्ट में देखा जा सकता है कि डोनाल्ड ट्रंप ने जिनपिंग पर पलटवार करने के बजाय उनकी बातों से सहमति जताई है। इतना ही नहीं, जिनपिंग की बातों को सही साबित करने के लिए वह पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल की याद दिलाने लगे और उन्हें 'Sleepy बाइडेन' बता दिया।

 

डोनाल्ड ट्रंप ने जो बाइडेन के कार्यकाल के बहाने उन्हें घेरते हुए लिखा है कि उस समय टैक्स ज्यादा थे, बॉर्डर खुले थे, महिलाओं के खेल में मर्द खेल रहे थे और अपराध बढ़ गया था। ट्रंप ने यह भी कहा कि दो साल पहले तो सच में अमेरिका ढलान पर था। उन्होंने कहा कि लेकिन अब अमेरिका दुनिया में सबसे हॉट देश है और उम्मीद है कि अमेरिका और चीन के रिश्ते पहले की तुलना में सबसे बेहतर होंगे।

जिनपिंग ने क्या कहा था?

इन दिनों डोनाल्ड ट्रंप दो दिन के चीन दौरे पर हैं। उनके दौरे के पहले ही दिन उनकी मुलाकात चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से हुई। इस मौके पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका चीन का विरोधी नहीं सहयोगी है। इससे पहले शी जिनपिंग ने कहा था कि अमेरिका ढलान पर है। उन्होंने यह भी कहा कि चीन और अमेरिका साथ मिलकर काम कर सकते हैं और इसमें दोनों का ही फायदा है।

अब इसी मामले पर डोनाल्ड ट्रंप ने सफाई देते हुए कहा है कि जिनपिंग असल में जो बाइडेन के कार्यकाल की बात कर रहे थे। उन्होंने X पर लिखा है, 'जब राष्ट्रपति शी जिनपिंग अमेरिका के ढलान की बात कर रहे थे तब वह स्लीपी जो बाइडेन के चार साल की बात कर रहे थे। बाइडेन प्रशासन के बारे में उनकी बात 100% पर सही है।  उस समय हमारा देश जूझ रहा था। बॉर्डर खुले हुए थे, टैक्स ज्यादा थे, ट्रांसजेंडर थे, महिलाओं के खेल में पुरुष खेल रहे थे और अपराध बढ़ा हुआ था।'

चीन पर नरम पड़ गए ट्रंप

ट्रंप ने आगे लिखा है, 'राष्ट्रपति जिनपिंग ट्रंप प्रशासन के 16 महीनों के दौरान हुई शानदार प्रगति के बारे में बात नहीं कर रहे थे। इस दौरान स्टॉक मार्केट ने सबसे ऊंचे स्तर को छुआ है, सेना को जीत मिली है, वेनेजुएला में रिश्ते सुधरे हैं और ईरान की सेना कमजोर की गई है। राष्ट्रपति जिनपिंग ने तो इतने कम समय में शानदार कामयाबी के लिए मुझे बधाई दी है। 2 साल पहले सच में अमेरिका ढलान पर था और मैं इस बात पर जिनपिंग से सहमत हूं लेकिन अब अमेरिका दुनिया का सबसे हॉट देश बन चुका है।'

 

बता दें कि आज ट्रंप के चीन दौरे का दूसरा दिन है और वह राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ मुलाकात कर रहे हैं। दोनों की इस मीटिंग में लाखों करोड़ के समझौते हो सकते हैं। भारत के लिए इस मीटिंग को चुनौती के रूप में देख रहा है। बीते कुछ महीनों में भारत और अमेरिका के संबंधों को धक्का लगा है और अमेरिका अब भारत के जवाब में चीन से अपनी नजदीकी बढ़ा रहा है।