संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में बुधवार को कई धमाकों की आवाज सुनी गई। ईरानी मीडिया के मुताबिक ये धमाके बुधवार तड़के दक्षिणी दुबई के जेबेल अली औद्योगिक क्षेत्र और बंदरगाह के आसपास हुए हैं। धमाकों के बाद धुएं का गुबार उठते देखा गया है। ईरान की अर्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी ने 20 मिनट में सात धमाकों का उल्लेख किया। उसका दावा है कि अमीराती अधिकारियों ने इन धमाकों की पुष्टि की। हालांकि अभी तक हताहतों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। 

 

सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो वायरल है। इसमें धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। घटना का वीडियो बनाने वाले दो लोगों को अमीराती अधिकारियों ने गिरफ्तार किया है। अमीराती मीडिया ने कई धमाकों की पुष्टि की, लेकिन अभी तक इसके पीछे की वजह का खुलासा नहीं किया है। बता दें कि युद्ध के पहले चरण में ईरान ने सबसे अधिक यूएई को ही निशाना बनाया था। दुबई और अबू धाबी समेत पूरे यूएई में मिसाइल और ड्रोन ने कहर बरपाया था।

 

 

 

यह भी पढ़ें: 'ट्रंप की मौत हुई तो फ्री बीयर पिलाऊंगा', ऐसा एलान करने वाले का लाइसेंस कैंसल

 

बंदरगाह के पास गोदाम में लगी आग

इराकी मीडिया ने दावा किया कि यमन से मिसाइलों को दागे जाने के बाद यूएई में धमाकों की आवाज सुनी गई। उधर, नासा की थर्मल इमेजिंग रिपोर्ट से पता चला है कि बंदरगाह के बगल में स्थित एक गोदाम में आग लगी थी। इसका इस्तेमाल ईंधन के भंडारण और स्थानांतरण में किया जाता था। उधर, ईरान के सहनेह शहर में एक सीएनजी स्टेशन पर धमाके की खबर है। ईरानी मीडिया के मुताबिक हादसे में एक व्यक्ति की जान गई है और तीन अन्य घायल है। 

 

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में रैली में बड़ा बम धमाका, अब तक 14 की मौत; 20 घायल

लाल सागर पर और बढ़ा तनाव

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बाद लाल सागर पर तनाव बढ़ता जा रहा है। हूती विद्रोहियों ने बुधवार को सऊदी अरब के बंदरगाह शहर यानबू के तट पर एक सऊदी तेल टैंकर पर मिसाइलों से हमला किया। हूती विद्रोही इससे पहले भी सऊदी अरब के दो तेल टैंकरों पर हमला कर चुके हैं। जवाब में सऊदी सेना ने हूतियों के सैन्य ठिकानों पर बमबारी की थी। अमेरिका ने ईरान और हूती विद्रोहियों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।