इजरायल में राजनीतिक गतिरोध को खत्म करने और गठबंधन सरकार बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। 22 नवंबर को कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की 'लिकुड' पार्टी और उनके विरोधी गादी आइजनकोट की 'यशर' पार्टी के प्रतिनिधियों के बीच तेल अवीव के पास हर्जलिया के एक होटल में चार घंटे तक लंबी बैठक चली। पिछले रविवार को हुई पहली बातचीत के बाद यह दोनों दलों की दूसरी बड़ी मुलाकात थी। इस बातचीत के बाद भी सरकार बनाने को लेकर कोई भी अंतिम फैसला नहीं लिया गया। 

 

बैठक के बाद दोनों पार्टियों ने एक बयान जारी कर कहा कि गठबंधन को लेकर बातचीत का यह दौर पूरा हो गया है। इसमें कई बुनियादी मुद्दों पर चर्चा हुई और दोनों पक्षों ने अपनी स्थिति साफ की। बयान में यह भी बताया गया कि जल्द ही आगे की बातचीत के लिए एक और बैठक होगी। हालांकि इसकी तारीख या बैठक के अंदर की किन मुद्दों पर बातचीत हुई इस बारे में कोई खुलासा नहीं हुआ है। 

 

यह भी पढ़ें: हूती विद्रोहियों के साथ सऊदी अरब की जंग की इतनी चर्चा क्यों नहीं?

बहुमत का गणित और आइजनकोट के सामने चुनौतियां

अक्टूबर में हुए चुनावों में किसी भी पक्ष को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के कारण सरकार बनाने को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। पूर्व सेना प्रमुख रह चुके आइजनकोट के पास सरकार बनाने के लिए 6 दिसंबर तक का समय है। इसे जरूरत पड़ने पर 14 दिन और बढ़ाया जा सकता है। आइजनकोट की पार्टी के पास फिलहाल 48 सांसद हैं, जबकि बहुमत के लिए 61 का आंकड़ा चाहिए। उनका गुट इस बात को लेकर बंटा हुआ है कि सरकार बनाने के लिए अति-रूढ़िवादी पार्टियों का साथ लिया जाए। अरब पार्टियों के साथ तालमेल बिठाया जाए या फिर नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के साथ मिलकर 'राष्ट्रीय एकता सरकार' बनाई जाए।

 

आइजनकोट ने अपना पूरा चुनाव अभियान नेतन्याहू के खिलाफ चलाया था और वह उनके नेतृत्व वाली कैबिनेट में शामिल होने से साफ इनकार कर चुके हैं। उनके सहयोगी और पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने भी दोहराया कि वह किसी भी हालत में नेतन्याहू या उनके गुट के साथ गठबंधन नहीं करेंगे।

 

आइजनकोट के दक्षिणपंथी सहयोगी एविग्डोर लिबरमैन अरब पार्टियों के साथ काम करने के सख्त खिलाफ हैं और अति-रूढ़िवादी यहूदी पार्टियों के साथ गठबंधन की वकालत कर रहे हैं। वहीं 19 सीटें जीतने वाली अरब पार्टियों के समर्थन से अल्पमत की सरकार बनाने के विकल्प की भी चर्चा तेज है।

नेतन्याहू ने क्या रखी शर्त?

बेंजामिन नेतन्याहू एक 'राष्ट्रीय एकता सरकार' बनाने पर जोर दे रहे हैं। इसमें दोनों नेताओं के बीच बारी-बारी से प्रधानमंत्री पद साझा करने का फॉर्मूला शामिल हो सकता है। इस तरह की व्यवस्था से नेतन्याहू को भ्रष्टाचार के आरोपों से राजनीतिक सुरक्षा मिल सकती है और वह 7 अक्टूबर, 2023 के हमास हमले से पहले हुई सुरक्षा चूक की स्वतंत्र जांच के लिए आयोग बनाने का विरोध भी जारी रख सकेंगे।

 

हालांकि, लिकुड पार्टी ने इस एकता सरकार में शामिल होने के लिए कई कड़ी शर्तें रख दी हैं। लिकुड की मांग है कि नेतन्याहू और उनकी सरकार के खिलाफ होने वाले सभी व्यक्तिगत हमलों और बयानबाजी को तुरंत बंद किया जाए। लिकुड चाहता है कि इस गठबंधन में केवल वही पार्टियां शामिल हों जो इजरायल को यहूदी लोगों के राष्ट्र-राज्य के रूप में स्वीकार करती हैं और इसमें अरब पार्टियों की कोई भागीदारी न हो। गौरतलब है कि अरब पार्टियों ने इस बार रिकॉर्ड 19 सीटें जीती हैं और वह नेतन्याहू को सत्ता से बाहर रखने के पक्ष में हैं।

 

लिकुड ने फिलिस्तीनी राज्य के गठन को खारिज करने और सीरिया, लेबनान व गाजा पट्टी के इलाकों पर इजरायली नियंत्रण बनाए रखने जैसी बड़ी नीतियों पर सहमति की मांग की है। इसके साथ ही, सेना में अति-रूढ़िवादी यहूदियों की अनिवार्य भर्ती जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भी बीच का रास्ता निकालने का दबाव बनाया जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: एलिस हुआंग ने जेन्सेन के साथ कैसे किया खेल, चीन तक कैसे पहुंचाई Nvidia चिप्स?

'आपातकालीन सरकार' की चेतावनी

इस बीच, 20 नवंबर को गादी आइजनकोट ने साफ चेतावनी दी थी कि वह इस बातचीत को बहुत लंबा खिंचने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि संसद में एक आपातकालीन राष्ट्रीय सरकार का प्रस्ताव पेश करने के लिए तैयार हैं। हालांकि उन्होंने इसका पूरा खाका साफ नहीं किया लेकिन उनके बयानों से दो चरणों वाली योजना के संकेत मिलते हैं। इसमें पहले प्रमुख विपक्षी दलों के साथ मिलकर तेजी से एक अल्पमत सरकार बनाई जाए और बाद में उसका विस्तार किया जाए।