इजरायल में नई सरकार के गठन की कवायद तेज हो गई है। गाजी आइजेनकोट ने बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी को गठबंधन पर बातचीत की खातिर बुलाया है। हिब्रू मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बेंजामिन नेतन्याहू चाहते हैं कि अगर याशर पार्टी के साथ गठबंधन में यूनिटी सरकार का गठन होने पर सिर्फ वही प्रधानमंत्री बने। 22 नवंबर यानी आज दोनों पार्टी के बीच एक और दौर की बैठक होने वाली है।

 

बेंजामिन नेतन्याहू ने यूनिटी सरकार बनाने की अपील की। उनका दावा है कि इजरायल की किस्मत दांव पर है। आइजेनकोट ने भी अपने वार्ताकारों को लिकुड पार्टी के एक मैराथन बैठक करने का निर्देश दिया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर गठबंधन बनाने की कोशिश नाकाम होती है तो वह इमरजेंसी सरकार का गठन करेंगे। 

 

यह भी पढ़ें: हसीना और BNP समर्थक भिड़े, दर्जनों घर फूंके; भारत सीमा पर ढाका का अलर्ट

गठबंधन बनाने की ईमानदार कोशिश करेंगे

गाजी आइजेनकोट कई बार कह चुके हैं कि वह नेतन्याहू का समर्थन नहीं करेंगे। उन्होंने अपनी टीम को लिकुड से बातचीत करने का निर्देश दिया। अपने बयान में याशर पार्टी ने कहा कि यह कदम सबसे बड़ी सरकार बनाने की ईमानदार और सच्ची कोशिश है। टीम कोई कसर नहीं छोड़ेगी। कामयाबी हासिल करने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उधर, लिकुड पार्टी ने याशर से नेतन्याहू और उनकी सरकार पर निजी हमले और सियासी बहिष्कार को खत्म करने की अपील की।

गठबंधन से क्या चाहती नेतन्याहू की पार्टी?

  • लिकुड के मुताबिक कोई रोटेशनल प्रधानमंत्री की व्यवस्था नहीं होगी। चार साल तक नेतन्याहू ही प्रधानमंत्री रहेंगे। गाजी आइजेनकोट बतौर प्रीमियर काम करेंगे।
  • दो अरब पार्टियों को छोड़कर सभी दल सरकार का हिस्सा होंगे। 
  • 7 अक्टूबर के आतंकी हमले की जांच स्टेट कमीशन की जगह राजनीतिक आयोग करेगा।
  • ईरान के खिलाफ एक और हमले का पूरा समर्थन गठबंधन में शामिल होने वाले सभी दलों को देना होगा।

नेतन्याहू के खिलाफ, लेकिन गठबंधन के पक्ष में बेनेट

उधर, बी'याचद पार्टी के मुखिया और पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने भी गादी आइजेनकोट की अगुवाई में यूनिटी सरकार और लिकुड को गठबंधन में शामिल करने का समर्थन किया। हालांकि उन्होंने प्रधानमंत्री के तौर पर बेंजामिन नेतन्याहू का विरोध किया। बेनेट ने कहा, 'मैं यह सुनिश्चित करने के लिए तैयार हूं कि नेतन्याहू अगले प्रधानमंत्री नहीं होंगे। बी'याचद "किसी भी हालत में उनका (नेतन्याहू) या उनके गुट में शामिल नहीं होगा।'

 

यह भी पढ़ें: ड्रोन निगरानी, खुफिया जाल और डायवर्जन, 'एल चापो' की गिरफ्तारी से US क्यों खुश?

क्या है इजरायली संसद का गणित?  

इजरायल की संसद यानी नेसेट में कुल 120 सदस्य होते हैं। बहुमत का आकंड़ा 61 है। किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है। नेतन्याहू के गठबंधन को सबसे अधिक 53 सीटों पर जीत मिली है। विपक्षी आइजेनकोट गठबंधन को 48 सीटें मिली हैं। अरब पार्टियों ने 19 सीटों पर कब्जा किया है। नेतन्याहू की लिकुड पार्टी 27 पर जीती है और आइजेनकोट की याशर पार्टी को 21 सीटें मिली हैं। नफ्ताली बेनेट की बी'याचद पार्टी के खाते में 12 सीटें आई हैं। तीनों मिलकर सरकार बनाने की स्थिति में है, लेकिन बेनेट ने नेतन्याहू के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।