ब्रिटेन के नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज (NATS) एयर ट्रैफिक कंट्रोल में सोमवार को खराबी आने से कई एयरपोर्स्ट और फ्लाइट्स पर असर पड़ा। इसमें बताया गया है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल में एक नई खराबी के बाद ब्रिटेन के कई एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स पर असर पड़ा।

 

एयर ट्रैफिक कंट्रोल में आई खराबी के बाद ब्रिटेन में करीब 200 फ्लाइट्स में देरी हुई, जबकि एक दर्जन ब्रिटिश एयरवेज और 50 EasyJet फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं।

मैनचेस्टर, ग्लासगो और बेलफास्ट एयरपोर्ट पर असर

इसके अलावा मैनचेस्टर, ग्लासगो और बेलफास्ट एयरपोर्ट से आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर भी असर पड़ा। NATS ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि यह दिक्कत स्कॉटलैंड में उसके प्रेस्टविक सेंटर में हुई खराबी से जुड़ी थी।

 

यह भी पढ़ें: वेबफ्लो CTO उत्कर्ष सेंगर से Meta के अलेक्जेंडर वांग ने क्यों मांगी माफी?

 

ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सर्विस देने वाली कंपनी NATS कहा कि तकनीकी दिक्कत ठीक कर दी गई है। उसने कहा, 'हम एयरपोर्ट्स और एयरलाइंस के साथ मिलकर एयर ट्रैफिक नियमों को जल्द से जल्द सुरक्षित रूप से हटाने के लिए काम कर रहे हैं ताकि आगे कोई दिक्कत कम से कम हो।'

किन एयरपोर्ट पर असर पड़ा?

NATS ने एक बयान में कहा है कि उन्हें सोमवार सुबह स्कॉटलैंड में अपने प्रेस्टविक सेंटर पर टेक्निकल दिक्कत की जानकारी मिली। NATS ने कहा, 'सुरक्षा बनाए रखने के लिए, हमारे इंजीनियरों के जांच करने के दौरान ट्रैफिक मांग को प्रबंधित करने के लिए एयर ट्रैफिक रेगुलेशन लागू किए गए।'

 

हालांकि, बयान में साफ किया गया कि यह उनके सिस्टम नेटवर्क के एक हिस्से के साथ एक कनेक्टिविटी दिक्कत थी और इसका इस महीने की शुरुआत में ब्रिटेन में फ्लाइट में देरी से कोई लेना-देना नहीं था।

 

ब्रिटेन के एयरपोर्ट पर सोमवार को अलग-अलग स्तर की दिक्कतें सामने आईं। ग्लासगो और एबरडीन एयरपोर्ट पर फ्लाइटों में देरी हुई। इसकी वजह से मैनचेस्टर और न्यूकैसल एयरपोर्ट पर भी कुछ देरी हुई। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिस्टल और लंदन सिटी एयरपोर्ट पर भी कुछ दिक्कतें आईं, बेलफास्ट सिटी ने भी देरी की चेतावनी दी।

 

यह भी पढ़ें: अगर हूती विद्रोहियों से भिड़ा पाकिस्तान तो किन-किन मोर्चों पर खड़ी होगी चुनौती?

UK ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी ने क्या कहा?

ब्रिटेन के परिवहन मंत्री हेइडी एलेक्जेंडर ने कहा कि इंजीनियरों ने समस्या ठीक कर दी है और सिस्टम फिर से काम कर रहे हैं। वहीं, ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी ने कहा, 'मुझे पता है कि पिछली समस्या के बाद यात्रियों के लिए यह बहुत निराशाजनक होगा। चीजें रीसेट होने पर कुछ देरी हो सकती है। कृपया अपडेट के लिए अपनी एयरलाइन से संपर्क करें।'

 

बता दें कि ब्रिटेन में आई पिछली दिक्कत से 2,000 से ज्यादा फ्लाइट्स पर असर पड़ा था।