इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अपने खिलाफ चल रहे भ्रष्टाचार के मुकदमों को कानूनी समझौते यानी 'प्ली बार्गेन' के जरिए खत्म कर सकते हैं। लेकिन इस राहत के बदले उन्हें अपना अपराध स्वीकार करना पड़ सकता है और उनके राजनीतिक भविष्य पर भी तलवार लटक सकती है। 25 नवंबर को यरुशलम की एक अदालत ने इस मामले में बेहद अहम टिप्पणी की है। 

 

तीन जजों की बेंच ने नेतन्याहू पर लगे दो गंभीर मामलों में सरकारी वकीलों के सबूतों पर संदेह जताया है और तीसरे मामले में समझौते की सलाह दी है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नेतन्याहू खुद को कानूनी शिकंजे से बचाने के लिए अपनी कुर्सी और सियासत की कीमत चुकाने को तैयार होंगे।

 

यह भी पढ़ें: ईरान में महिला सिंगर के लिए कड़े नियम, 1979 से परस्तू अहमदी तक क्या बदला?

क्या हैं नेतन्याहू पर लगे तीनों मामले?

नेतन्याहू के खिलाफ भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और विश्वास तोड़ने के तीन अलग-अलग मुकदमे चल रहे हैं। हालांकि उन्होंने इन सभी आरोपों को गलत बताया है। पहला, केस 1000 में उन पर बड़े कारोबारियों से महंगे तोहफे लेने और बदले में उन्हें सरकारी फायदा पहुंचाने का आरोप है। दूसरा, केस 2000 में एक बड़े न्यूज पेपर के पब्लिकेशन से अपने पक्ष में खबरें छपवाने के बदले सरकारी मदद देने की बातचीत का आरोप है।

 

तीसरा, केस 4000 में एक टेलीकॉम कंपनी के मालिक को सरकारी नियमों में ढील देने और बदले में उनकी न्यूज वेबसाइट पर अपने लिए पॉजिटिव खबरें चलवाने का आरोप है। 25 नवंबर की सुनवाई में जजों ने साफ कहा कि केस 4000 में रिश्वत का आरोप साबित होना मुश्किल है और केस 2000 में भी अपराध बनता है या नहीं, इस पर शक है। कोर्ट ने सरकारी वकीलों को केस 1000 में नेतन्याहू के वकीलों के साथ मिलकर समझौता करने की सलाह दी है। ध्यान रहे कि यह जजों की शुरुआती राय है, आखिरी फैसला नहीं।

कैसे काम करता है यह कानूनी समझौता?

आसान भाषा में 'प्ली बार्गेन' आरोपी और सरकारी वकील के बीच एक डील होती है। इसमें आरोपी अपना कुछ गुनाह कबूल कर लेता है और बदले में सरकारी वकील उसके ऊपर से गंभीर धाराएं हटाने या कम सजा की मांग करने पर राजी हो जाते हैं। इससे सालों तक चलने वाला मुकदमा जल्दी खत्म हो जाता है। लेकिन इजरायली कानून में इस समझौते को तभी मंजूरी मिलती है जब जज इससे संतुष्ट हों। कोर्ट यह देखती है कि आरोपी ने बिना किसी दबाव के अपनी गलती मानी है या नहीं। जज चाहें तो इस डील को ठुकरा भी सकते हैं या अपनी तरफ से अलग सजा सुना सकते हैं।

राजनीति से छुट्टी का डर

इस पूरी डील में सबसे बड़ा पेच 'मोरल टर्पिट्यूड' यानी नैतिक पतन के नियम को लेकर फंसा है। इजरायल के कानून के मुताबिक, अगर किसी नेता को ऐसे अपराध में दोषी पाया जाता है जिसमें नैतिक पतन शामिल हो तो उसकी संसद सदस्यता जा सकती है। इसके अलावा, अगर तीन महीने से ज्यादा की जेल होती है तो सजा पूरी होने के बाद 7 साल तक चुनाव लड़ने पर भी रोक लग सकती है।

 

अटॉर्नी जनरल का मानना है कि अगर नेतन्याहू के साथ कोई समझौता होता है तो उसमें उनके अपराध की गंभीरता दिखनी चाहिए। इसके अलावा नैतिक पतन के पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। नेतन्याहू इसी शर्त पर अड़े हैं क्योंकि इसका मतलब सीधे तौर पर सियासत से बाहर होना हो सकता है।

क्या राष्ट्रपति हर्जोग उन्हें बचा सकते हैं?

इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने की पूरी कोशिश जरूर की है। उन्होंने कहा था कि किसी भी अन्य कदम से पहले समझौते का रास्ता तलाशा जाना चाहिए। लेकिन राष्ट्रपति किसी सरकारी वकील को डील करने के लिए मजबूर नहीं कर सकते।

 

जहां तक राष्ट्रपति के पास मौजूद माफी देने के अधिकार की बात है तो नेतन्याहू ने बिना गुनाह कबूले देश में शांति के नाम पर माफी मांगी थी। लेकिन न्याय मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि मुकदमा चलते हुए और बिना अपराध स्वीकार किए माफी देना नियमों के खिलाफ और एक बेहद असामान्य कदम होगा। आमतौर पर राष्ट्रपति सजा पूरी होने या कानूनी प्रक्रिया खत्म होने के बाद ही माफी पर विचार करते हैं।

 

यह भी पढ़ें: मिस्र में भीषण हादसा: तेल के टैंकर में लगी आग, जिंदा जले 31 लोग

 

कोर्ट की ताजा टिप्पणियों के बाद अब समीकरण बदल गए हैं। चूंकि जजों ने खुद दो बड़े मामलों में सरकारी पक्ष के दावों को कमजोर बताया है इसलिए अब नेतन्याहू पर पहले जैसा दबाव नहीं रहा। मुमकिन है कि अब सारा ध्यान सिर्फ 'केस 1000' में समझौता करने पर केंद्रित हो जाए। लेकिन अगर दोनों पक्षों में बात नहीं बनती है, तो मुकदमा आगे बढ़ेगा और दोनों तरफ के वकीलों को अपने सबूतों के साथ कोर्ट में लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी होगी।