दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट को बुधवार को हाईजैक करने की कोशिश की गई। ऐसा इजरायली मीडिया और अधिकारियों का दावा है। रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने भी माना कि को-पायलट का इरादा विमान पर नियंत्रण हासिल करके उसे हादसे का शिकार बनाया था। विमान में दर्जनों इजरायली नागरिकों समेत 180 यात्री सवार थे।  लेकिन एक भारतीय पायलट के साहसिक कदम ने 180 लोगों की जान बचा ली। एक वायरल वीडियो में भारतीय पायलट की खूब तारीफ हो रही है।

 

उधर, फ्लाइट हाईजैक की थ्योरी पर फ्लाईदुबई का कहना है कि अभी तक की जांच के मुताबिक को-पायलट के मकसद के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। अभी तक की जानकारी में सामने आया है कि विमान के कॉकपिट में दो पायलटों के बीच हाथापाई हुई। ओमानी मूल के को-पायलट ने विमान पर नियंत्रण हासिल करने का प्रयास किया। 

 

यह भी पढ़ें: ‘नकली जैसा लगता है’, ट्रंप ने AI का नाम बदलकर ‘सुपर इंटेलिजेंस’ क्यों किया?

 

आरोपी ने कॉकपिट में खिड़की तोड़ने वाली कुल्हाड़ी से साथी पायलट पर हमला किया और विमान के सिस्टम को तबाह करने का प्रयास किया। तभी शौचालय गई एक महिला को कॉकपिट में कुछ असामान्य लगा। बाद में चालक दल के साथ एक इजरायली नागरिक भी कॉकपिट में घुसने में कामयाब रहा। माना जा रहा है कि संघर्ष के दौरान भारतीय पायलट ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया था।

 

इजरायल मीडिया वाईनेट ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि भारतीय मूल के पायलट ने विमान को बचाने में मदद की और अपने साथी का डटकर मुकाबला। बाद में इजरायली नागरिक की मदद से आरोपी ओमानी नागरिक को हेडफोन की वायर की मदद से बंधक बना लिया गया। 

कौन हैं कैप्टन स्मित माछर?

भारतीय पायलट की पहचान कैप्टन स्मित माछर के तौर पर हुई है। स्मित ने लगभग 10 साल तक स्पाईजेट में काम किया और पिछले चार साल से फ्लाईदुबई से जुड़े हैं। कैप्टन स्मित के पास बोइंग 737 विमान उड़ाने का लगभग 13 वर्ष का अनुभव है। हमलावर के हमले में वह खून से लथपथ हो गए। एक वीडियो में यात्री उनकी तारीफ करते दिख रहे हैं। आपने बहुत अच्छा काम किया। आपने विमान को बचा लिया। 

 

यह भी पढ़ें: 'दिखावा खत्म हुआ...', अमेरिका की दादागिरी पर एस. जयशंकर ने दिया करारा जवाब

सऊदी अरब ने नहीं उतरने दिया इजरायली प्लेन

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बताया कि सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर विमान के सुरक्षित उतरने पर आरोपी संदिग्ध पायलट को हिरासत में ले लिया गया है। सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ करने में जुटे हैं। फ्लाईदुबई ने तुरंत अपना एक विमान सऊदी अरब भेजा, ताकि यात्रियों को तेल अवीव पहुंचाया जा सके। लेकिन कुछ यात्रियों ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट से यात्रा करने से मना कर दिया। इसके बाद इजरायल ने सैन्य विमान भेजने का प्लान तैयार किया, लेकिन सऊदी अरब ने इजरायल को विमान उतारने की इजाजत नहीं दी।