अमेरिका, इजरायल और ईरान का थमा हुआ संघर्ष एक बार फिर शुरू हो सकता है। अमेरिका और इजरायल मिलकर एक बार फिर ईरान को निशाना बना सकते हैं। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव की प्रक्रिया चल रही है, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप राजनीतिक संकट से जूझ रहे हैं, तब भी अमेरिका हमलों की शुरुआत कर सकता है। ईरान इस बार सतर्क है।ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने बुधवार को संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ से मुलाकात की।

मोहम्मद गालिबाफ कतर और पाकिस्तान जैसे मध्यस्थ देशों के जरिए अमेरिका से होने वाली बातचीत की अगुवाई कर रहे हैं। ईरानी मीडिया का दावा है कि बैठक में अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई से जुड़े ताजा हालात की समीक्षा की गई है। बैठक में ईरान ने अपनी ताकत बढ़ाने की कवायद भी शुरू की है।

यह भी पढ़ें: अमेरिका से दूरी या नई रणनीति? ईरान, रूस, भारत और UAE के हितों को समझिए

क्यों फिर बढ़ सकता है पश्चिम एशिया में तनाव?

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ वॉर पीट हेगसेथ ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। इसके बाद दोनों देशों की सेनाओं ने नए हमलों की योजना तैयार की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि संभावित निशानों में ईरान का ऊर्जा ढांचा, परमाणु ठिकाने और मिसाइल और ड्रोन का जखीरा शामिल हो सकते हैं।

मोजतबा खामेनेई ने राष्ट्रीय एकता बनाए रखने में सांसदों की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने इस्लामी गणराज्य और सशस्त्र बलों के समर्थन में होने वाली सार्वजनिक सभाओं में लोगों की लगातार भागीदारी की भी सराहना की। उन्होंने इसे 'डेटरेंट' बताया है। उनका कहा है कि यही रोकने वाली ताकत है, जो ईरान पर दुश्मनों को हावी नहीं होने देगी। मुलाकात की कोई आधिकारिक तस्वीर जारी नहीं की गई।

यह भी पढ़ें: 'हमारे भी कुछ काम अधूरे हैं', ट्रंप की धमकी पर क्या बोले ईरान के विदेश मंत्री?

पहले से ज्यादा खतरनाक होगा ईरान जंग?

ईरान ने साफ कहा है कि किसी भी नए हमले का जवाब पिछले दौर से कहीं ज्यादा तगड़ा होगा। ईरानी मीडिया के मुताबिक सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसेन रेजाई ने कहा कि ईरानी सशस्त्र बलों ने एक 'ज्यादा विनाशकारी योजना' तैयार की है। उनके अनुसार यह योजना उन नियमों पर नहीं चलेगी जिनसे दुश्मन परिचित हैं।

नई जंग के लिए तैयार है ईरान?

ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि ईरान ने हर स्तर पर युद्ध की तैयारी कर ली है। अधिकारी के मुताबिक ईरान का फैसला अंतिम है। किसी भी नए सैन्य हमले का जवाब हमलावरों और क्षेत्र में उनके समर्थकों के हितों और ठिकानों को निशाना बनाकर दिया जाएगा।

अमेरिका और इजरायल की ओर से संभावित हमले और ईरान की तैयारी के चलते पश्चिम एशिया फिर अनिश्चितता के दौर में है। नया टकराव शुरू हुआ तो वैश्विक बाजार में ईंधन की कीमतें बढ़ने की आशंका है।