आज के समय में लोग परफेक्ट दिखने के लिए तरह-तरह के मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। हाल ही में एक खबर आई थी जिसमें 17 साल की लड़की लगातार गोर होने वाली क्रीम का इस्तेमाल कर रही है। इस क्रीम को लगाने की वजह से उसे किडनी संबंधित गंभीर बीमारी हो गईं। जब क्रीम की जांच की गई तो उसमें मरकरी की मात्रा ज्यादा पाई गई। ऐसे कई मामले हैं जिनमें ब्यूटी प्रोडक्ट्स में लेड और मरकरी की मात्रा ज्यादा मिलती है। इसलिए किसी भी प्रोडक्ट्स को लगाने से पहले उसके लेबल, एक्सपायरी डेट और तमाम जानकारियों को सही तरीके से देख लेना चाहिए।

 

कई ऐसे ब्यूटी प्रोडक्ट्स हैं जिनका इस्तेमाल हम रोजमर्रा के जीवन में करते हैं। इसमें लिपस्टिक, काजल, आई लाइनर जैसे प्रोडक्ट्स है। इन प्रोडक्ट्स को बनाने के लिए लेड का इस्तेमाल होता है। आइए जानते हैं ये लेड हमारे शरीर के लिए कितना नुकसानदायक होता है? इसके बारे में हमने मुलुंड के फोर्टिस अस्पताल की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉक्टर स्मृति नसवा सिंह से बात की।

 

यह भी पढ़ें: सर्दियों में छोड़ें मोटे जैकेट्स पहनना, फॉलो करें ये स्टाइलिंग टिप्स

लेड शरीर के लिए कितना खतरनाक है?

लेड (सीसा) एक जहरीली भारी धातु है, जिसका शरीर में कोई उपयोगी कार्य नहीं होता। इसके संपर्क में लंबे समय तक रहने से शरीर के कई महत्वपूर्ण अंग प्रभावित हो सकते हैं। लेड का लगातार संपर्क मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र, किडनी तथा रक्त निर्माण की प्रक्रिया को नुकसान पहुंचा सकता है। यह बच्चों के लिए विशेष रूप से खतरनाक है, क्योंकि उनके शरीर और मस्तिष्क का विकास हो रहा होता है। गर्भवती महिलाओं में लेड का संपर्क गर्भस्थ शिशु के विकास को भी प्रभावित कर सकता है।

 

यह समझना जरूरी है कि हमारी त्वचा केवल शरीर का बाहरी आवरण नहीं है, बल्कि यह एक महत्वपूर्ण अंग है, जिसमें रक्त वाहिकाएं भी मौजूद होती हैं। त्वचा पर लगाए जाने वाले कुछ पदार्थ त्वचा के माध्यम से शरीर में अवशोषित हो सकते हैं। इसलिए यह मानना गलत होगा कि लेड केवल तभी शरीर में पहुंच सकता है, जब हम किसी दूषित उत्पाद को गलती से निगल लें। त्वचा के संपर्क से भी हानिकारक पदार्थों के शरीर में पहुंचने की आशंका हो सकती है। लेड शरीर में जमा हो सकता है, इसलिए लंबे समय तक इसके संपर्क में रहना स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है।

लेड वाले प्रोडक्ट्स का रोजाना इस्तेमाल कैसे नुकसानदायक?

कुछ ब्यूटी प्रोडक्ट्स को बनाने में लेड जानबूझकर मिलाया जा सकता है, जबकि कुछ उत्पादों में यह निर्माण प्रक्रिया या कच्चे माल के कारण अशुद्धि के रूप में मौजूद हो सकता है। खासतौर पर कुछ पारंपरिक काजल, सिंदूर और अन्य रंगीन सौंदर्य उत्पादों में लेड की मौजूदगी की आशंका रहती है।

 

जब हम रोजाना ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं, तो त्वचा के लगातार संपर्क में आने के कारण हानिकारक पदार्थों के शरीर में अवशोषित होने की आशंका बढ़ सकती है। हमारी त्वचा में रक्त वाहिकाएं होती हैं और यह केवल बाहरी सुरक्षा कवच नहीं है। त्वचा पर लगाए गए कुछ रसायन और धातुएं त्वचा की परतों में प्रवेश कर सकती हैं। इस तरह लेड का संपर्क केवल उत्पाद को गलती से निगलने तक सीमित नहीं है।

 

लंबे समय तक लेड के संपर्क में रहने से मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र, किडनी तथा रक्त निर्माण की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा, कुछ धातुएं त्वचा पर सीधे जलन और अन्य प्रतिक्रियाएं भी पैदा कर सकती हैं। इसलिए रोजाना इस्तेमाल किए जाने वाले सौंदर्य उत्पादों की गुणवत्ता और उनमें मौजूद तत्वों को लेकर सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

किन बातों का ध्यान रखें?

ब्यूटी प्रोडक्ट्स खरीदते समय हमेशा विश्वसनीय और प्रतिष्ठित ब्रांड का चुनाव करें। उत्पाद की पैकेजिंग पर इस्तेमाल की गई सामग्री, निर्माण की तारीख, एक्सपायरी डेट और निर्माता की जानकारी जरूर जांचें। ऐसे उत्पादों से बचें जिन पर सामग्री की पूरी जानकारी न दी गई हो या जिनकी गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर कोई प्रमाण उपलब्ध न हो।

 

यह भी पढ़ें: साफ-सफाई रखने के बावजूद क्यों हो जाता है UTI? डॉक्टर से समझें

 

बिना लेबल वाले, खुले में बिकने वाले या अनधिकृत स्रोतों से खरीदे गए काजल, सिंदूर और अन्य सौंदर्य प्रसाधनों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। केवल प्राकृतिक या हर्बल होने का दावा करने वाले उत्पाद को सुरक्षित न मानें, क्योंकि उनमें भी हानिकारक अशुद्धियां हो सकती हैं। आंखों और त्वचा के आसपास इस्तेमाल होने वाले उत्पादों के मामले में विशेष सावधानी बरतें।

क्या सावधानियां बरतनी चाहिए?

सबसे जरूरी सावधानी यह है कि बिना गुणवत्ता और सुरक्षा की पुष्टि वाले सौंदर्य उत्पादों का इस्तेमाल न करें। आंखों के आसपास इस्तेमाल किए जाने वाले काजल और सिंदूर या बिंदी जैसे उत्पादों को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। कुछ उत्पादों में मौजूद धातुएं त्वचा पर जलन और सूजन जैसी प्रतिक्रियाएं पैदा कर सकती हैं।

 

ऐसी प्रतिक्रियाओं के शुरुआती संकेतों में त्वचा पर लालिमा, खुजली, जलन और छोटे-छोटे दाने दिखाई देना शामिल हो सकता है। कुछ मामलों में त्वचा पर एक्जिमा (Eczema) भी हो सकता है, जिसमें प्रभावित हिस्से पर सूजन, खुजली, त्वचा का लाल होना और यहां तक कि पानी या तरल पदार्थ का रिसाव भी हो सकता है। यह विशेष रूप से चेहरे, पलकों और उन हिस्सों में दिखाई दे सकता है जहां उत्पाद नियमित रूप से लगाया जाता है।

 

अगर किसी उत्पाद के इस्तेमाल के बाद इस तरह के लक्षण दिखाई दें, तो उसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें और त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें। बच्चों और गर्भवती महिलाओं को ऐसे उत्पादों से विशेष रूप से दूरी रखना चाहिए जिनमें लेड की मौजूदगी की आशंका हो। यह भी समझना जरूरी है कि लेड का संपर्क हमेशा त्वचा पर तुरंत दिखाई देने वाले लक्षण पैदा नहीं करता। इसलिए किसी उत्पाद के इस्तेमाल से कोई प्रतिक्रिया न होने का अर्थ यह नहीं है कि वह पूरी तरह सुरक्षित है। जागरूकता, सही उत्पादों का चुनाव और नियमित सावधानी ही इससे बचाव के सबसे प्रभावी तरीके हैं।