अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में पुलिस ने 11वें आरोपी को हिरासत में लिया है। उस पर बदमाशों को दूसरी पिस्टल, पैसा और लॉजिस्टिक उपलब्ध कराने का आरोप है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि वह सीक्रेट मैसेजिंग एप से बात करता था, ताकि पुलिस की ट्रैकिंग से बच सके।
आरोपी की पहचान प्रांजल ठकराल के रूप में हुई है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से शुक्रवार को उसे उठाया। प्रांजल ने हरियाणा के पानीपत में एक बिजनेसमैन पर हमला किया। मार्च महीने में इस मामले में उसे जमानत मिली।
यह भी पढ़ें: इजरायल में सत्ता परिवर्तन की आहट, कौन हैं नेतन्याहू को चुनौती देने वाले चेहरे?
पुलिस की जांच में पता चला है कि प्रांजल ठकराल गैंगस्टर अनिल पंडित के संपर्क में थे। उसके ही इशारे पर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले शूटर को दूसरा पिस्टल और पैसा उपलब्ध कराया। अनिल पंडित ने प्रांजल को ही टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग का पूरा काम सौंपा था। दोनों सीक्रेट मैसेजिंग एप से एक-दूसरे से बात करते थे, ताकि पुलिस ट्रैक न कर सके।
पुलिस ने प्रांजल को अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे 31 अक्टूबर तक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस को उम्मीद है कि प्रांजल के मोबाइल फोन और चैट जांच से इंटरनेशनल नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
यह भी पढ़ें: ए.आर रहमान ने 'रामायण' के गाने 'मंगल रंग' में दिया कव्वाली का ट्विस्ट, भड़के लोग
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर की शाम दो शूटरों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। किस्मत अच्छी थी कि टाइगर श्रॉफ को एक भी गोली नहीं लगी। हालांकि उनके ड्राइवर और एक ऑटो चालक को चोट आई थी। यह घटना पुष्पा नरसी पार्क के पास की है। टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे।
वारदात के अगले दिन तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया। इसके अलावा दो महिलाओं को भी पकड़ा गया। इन पर शूटर तक पिस्टल पहुंचाने का आरोप है। फायरिंग की घटना के कुछ देर बाद ही अनिल पंडित ने फेसबुक पर घटना की जिम्मेदारी ली। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है।
