ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी का कहना है कि सऊदी अरब में करीब 4000 भारतीय नागरिक फंसे हैं। उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और विदेश मंत्रालय से मदद मांगी, ताकि सभी यात्रियों को वहां से निकाला जा सके।

 

इसके अलावा ओवैसी ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से भारतीय एयरलाइंस को उड़ान भरने की अनुमति देने का अनुरोध किया। दरअसल, यमन के हूती विद्रोही सऊदी अरब के हवाई अड्डों को बार-बार निशाना बना रहे हैं। सुरक्षा कारणों से भारतीय एयरलाइंस ने अपना ऑपरेशन निलंबित कर रखा है। 

 

यह भी पढ़ें: फ्रांस में हिंसक प्रदर्शन, भारतीय दूतावास ने प्रदर्शनों से दूर रहने की दी सलाह

बेहद मुश्किल में उमराह यात्री: ओवैसी

असदुद्दीन ओवैसी का कहना है कि पिछले दो से तीन हफ्तों से करीब 4000 भारतीय उमराह यात्री मदीना, जेद्दा और मक्का में फंसे हैं। वे बेहद मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। उनके ट्रैवल एजेंटों ने उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया है। सभी 4,000 यात्री इंडिगो एयरलाइंस, आकासा एयर और एयर इंडिया की फ्लाइट से गए थे। फिलहाल भारत का नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) इन तीनों एयरलाइंस को जेद्दा के लिए उड़ान भरने की मंजूरी नहीं दे रहा है। 

 

 

 

विशेष विमान भेजे भारत सरकार

ओवैसी ने डीजीसीए से भारतीय एयरलाइंस के बड़े विमानों को उड़ान भरने की मंजूरी देने का अनुरोध किया, ताकि 4000 भारतीय यात्रियों को वापस लाया जा सके। उन्होंने कहा कि कुछ यात्रियों को जेद्दा में ठहराया गया है। लेकिन सभी का बुरा हाल है। वहां के हालात बदल रहे हैं। हम उम्मीद करते हैं कि भारत सरकार खासकर अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू , विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू इस मामले का तुरंत संज्ञान लेंगे। ओवैसी ने आगे कहा कि अगर डीजीसीए एयरलाइंस के संचालन की अनुमति नहीं देता है तो भारत सरकार इन उमराह यात्रियों को वापस लाने के लिए विशेष एयरक्राफ्ट भेजे। 

 

यह भी पढ़ें: 'टक्कर मारना, राम ने यादव को मारा', UP में MLC चुनाव में नाम देख सिर पीट लेंगे

 

ओवैसी ने कहा कि यह सभी उमराह यात्रियों का गरीब तबके से ताल्लुक है। वे सऊदी एयरलाइंस की टिकट नहीं खरीद सकते हैं। बहुत परेशान हैं। हम उम्मीद करते हैं कि विदेश मंत्री, नागरिक उड्डयन मंत्री और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री इस मामले पर ध्यान देंगे। फौरन मदद करेंगे और इन्हें सुरक्षित भारत वापस लाएंगे।

सऊदी अरब में भारतीय समुदाय की कितनी आबादी?

हूती विद्रोहियों से जंग की वजह से सऊदी अरब के एयरपोर्ट खतरे से खाली नहीं है। सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हमले एक भारतीय नागरिक की जान गई। दो अन्य घायल हैं। बुधवार को विद्रोहियों ने सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र को ड्रोन से निशाना बनाया। इस हमले में भी एक भारतीय नागरिक घायल हुआ था। हूती विद्रोहियों ने पिछले 15 दिनों में रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट पर तीन बार अटैक किया। इन हमलों में भी एक भारतीय ने अपनी जान गंवाई थी। सऊदी अरब में बिगड़ते हालात सीधे तौर पर भारत के हितों से जुड़े हैं, क्योंकि वहां भारतीय समुदाय की आबादी 27.4 लाख है।