दिल्ली में 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने प्रोटेस्ट का कॉल दिया है। वहीं, राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद भी हर रोज अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच अब दिल्ली में 9 और 10 अक्टूबर को शराब की सभी रिटेल दुकानें बंद रखने की घोषणा की गई है। दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग ने आज इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट और मौजूदा हालात को देखते हुए सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है।
आबकारी विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अलग-अलग लाइसेंस के तहत चलने वाली सभी रिटेल शराब की दुकानें इन दोनों दिनों में पूरी तरह बंद रहेंगी। यानी 9 और 10 अक्टूबर को इन लाइसेंस के तहत शराब की बिक्री नहीं होगी। विभाग ने यह फैसला एहतियाती कदम के तौर पर लिया है।
यह भी पढ़ें: 12 साल से सूनापन, अब सड़कों पर संग्राम, कैसे कांग्रेसियों में जोश भर रहे राहुल?
दिल्ली में प्रदर्शन जारी
दरअसल, राजधानी दिल्ली में इन दिनों चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन चल रहा है। विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर सवाल उठा रहे हैं और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है।
प्रदर्शन की अनुमति नहीं
प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। पुलिस के मुताबिक, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है और लोगों से किसी भी अनधिकृत सभा में शामिल नहीं होने की अपील की गई है। अधिकारियों के अनुसार, राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 20 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि बिना मंजूरी के अगर कोई प्रदर्शन में शामिल होता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: GST काउंसिल की 57वीं बैठक में कौन-कौन से बड़े फैसले हुए? 5 प्वाइंट्स में समझिए
10 अक्टूबर को बड़ा प्रदर्शन
एक तरफ विपक्ष दिल्ली में हर रोज प्रदर्शन कर रहा है। वहीं, अब कॉकरोच जनता पार्टी भी 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रही है। इसको लेकर पार्टी की ओर से पुलिस को पहले ही जानकारी दे दी गई है लेकिन पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में अब दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव देखने को मिल सकता है। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता लगातार आरोप लगा रहे हैं कि प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली आ रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस अलग-अलग राज्यों में रोक रही है।
