अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब बने अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलेगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश की सीमा के 15 किमी के भीतर अवैध निर्माण के खिलाफ एक्शन लेने का आदेश दिया है। राजस्थान के बीकानेर में मंगलवार को सुरक्षा समीक्षा बैठक में शाह ने अधिकारियों को पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय सीमा के करीब बनी अवैध इमारतों को ध्वस्त करने और जीरो टॉलरेंस की नीति को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देश के सीमावर्ती जिलों को अपराधों और नशीली दवाओं के खतरे के पीछे के स्रोत, पैटर्न और नेटवर्क का अध्ययन करने और स्थायी समाधान खोजने का निर्देश दिया गया है। मंत्रालय ने देश की सीमा के भीतर 0 से 15 किमी के दायरे में स्थित अवैध निर्माणों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को सख्ती से लागू करने और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें: 'V D सतीशन और V D सावरकर में कोई अंतर नहीं', विजयन के घर छापेमारी पर भड़का लेफ्ट
अमित शाह की बैठक में कौन-कौन था शामिल
- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
- प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी
- बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, श्री गंगानगर और फलौदी के डीएम और एसपी
बैंक लेनदेन पर रखेंगी निगाह
अधिकारियों के मुताबिक गृह मंत्रालय ने सीमावर्ती क्षेत्रों के सभी बैंकों को बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का वेरिफिकेशन, आय के स्रोत की जांच, म्यूल अकाउंट की पहचान, नकली आधार कार्ड और जाली कंपनियों को ट्रैक करने का निर्देश दिया है। सीमावर्ती इलाके में तस्करी को रोकने की खातिर जिला मजिस्ट्रेटों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें: जयंत चौधरी गए, अब जाटों को साधने के लिए अखिलेश यादव ने खेला बड़ा दांव
अमित शाह ने नागरिकों, राज्य मशीनरी और सुरक्षा एजेंसियों को मिलाकर सीमावर्ती जिले के लिए 360 डिग्री सुरक्षा कवर तैयार करने पर अधिक बल दिया। सीमावर्ती गांवों में सभी सरकारी योजनाओं को 100 फीसदी पहुंचाने का निर्देश दिया। इसके अलावा साइबर अपराधों से निपटने की खातिर '1930' कॉल सेंटर के इस्तेमाल की अपील की। शाह ने दो महीने बाद इन मुद्दों पर दोबारा समीक्षा और फीडबैक लेने की बात कही और यह भी कहा कि सभी जिलों को परिणामोन्मुख कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
