साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन शादी के बंधन में बंध गए हैं। सोशल मीडिया पर लंबे समय से दोनों के अफेयर को लेकर खबरें चल रही थी लेकिन अब दोनों ने 11 नवंबर को ग्रीस में एक शानदार डेस्टिनेशन वेडिंग कर ली है। इस शादी में फिल्म, राजनीति और बिजनेस जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। शादी की एक इनसाइड तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। इस तस्वीर को तमिल फिल्म प्रोड्यूसर एवी सुरेश ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। तस्वीर में काव्या मारन अपने पिता दयानिधि मारन के साथ सेल्फी लेती नजर आ रही हैं।
शादी की इस तस्वीर में सुपरस्टार रजनीकांत और उनकी पत्नी लता रजनीकांत भी दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन भी शादी में शामिल हुए। तस्वीर में रजनीकांत और एमके स्टालिन पारंपरिक कपड़ों में नजर आ रहे हैं। दोनों ने वेश्टी के साथ कुर्ता पहना हुआ था। इस शादी में दिग्गज हस्तियों के पहुंचने से शादी सुर्खियों में आ गई है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा: टीबी नियंत्रण पर स्वास्थ्य विभाग का फोकस, हर साल 90 हजार मरीज डिटेक्ट
अनिरुद्ध ने शेयर की फोटो
अनिरुद्ध ने भी शादी के बाद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पत्नी काव्या मारन के साथ कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, 'मेरे जीवन का एक खास पल, जो हमेशा के लिए है।' रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने 10 नवंबर को सगाई की थी और अगले दिन शादी कर ली। शादी का समारोह काफी प्राइवेट रखा गया है, जिसमें परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों को ही शामिल किया गया।
कौन हैं अनिरुद्ध?
अनिरुद्ध रविचंदर का जन्म 16 अक्टूबर 1990 को एक फिल्मी परिवार में हुआ था। वह अभिनेता रवि राघवेंद्र के बेटे और रजनीकांत के भतीजे हैं। अनिरुद्ध रविचंदर ने फिल्मों में संगीत देने का पेशा चुना। अपनी पहली फिल्म '3' में उन्होंने एक ऐसा गाना दिया, जिसे पूरे देश में गाया गया। कई रिपोर्टों में उसे पहला वायरल गाना करार दिया गया। इसके बाद उन्होंने तमाम तमिल और तेलुगु फिल्मों में काम किया है। उन्होंने तीन फिल्मफेयर पुरस्कार, 9 SIIMA पुरस्कार, छह एडिसन पुरस्कार और पांच विजय पुरस्कार जीते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल अनिरुद्ध रविचंदर की नेट वर्थ 60 करोड़ रुपये है।
कौन हैं काव्या मारन?
काव्या मारन का जन्म 6 अगस्त 1992 को हुआ था। वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की CEO हैं। इसके साथ ही वह सन ग्रुप के कारोबारी कामकाज में भी अहम भूमिका निभाती हैं। काव्या, सन ग्रुप के प्रमुख कालनिधि मारन की बेटी हैं। सन ग्रुप के पास सन टीवी, सन पिक्चर्स, कई क्षेत्रीय टीवी चैनल और IPL की टीम सनराइजर्स हैदराबाद का मालिकाना हक है। काव्या मारन सनराइजर्स हैदराबाद का समर्थन करने के लिए हमेशा ग्राउंड पर मौजूद रहती हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल पुलिस की नई पहल, नशे के खिलाफ उतरेंगे इन्फ्लुएंसर
चेन्नई में होगी रिसेप्शन
ग्रीस में शादी के बाद अब अनिरुद्ध और काव्या चेन्नई में रिसेप्शन देने की तैयारी कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रिसेप्शन 21 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में राजनीति, सिनेमा, क्रिकेट और बिजनेस जगत की कई बड़ी हस्तियों को बुलाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों को भी न्योता भेजे जाने की खबर है। ऐसे में चेन्नई में होने वाले इस रिसेप्शन पर भी सबकी नजरें टिकी हुई हैं। देश के कई दिग्गज इस समारोह में पहुंच सकते हैं।
