अगर आप अपने ऑफिस के या पर्सनल कंप्यूटर या लैपटॉप पर WhatsApp Web चलाते हैं तो आपके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी गृह मंत्रालय के तहत आने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) की ओर से जारी की गई है। एजेंसी ने चेताया है कि कुछ हालात में पहले से लॉग-इन सेशन का गलत इस्तेमाल कर कोई दूसरा व्यक्ति आपके अकाउंट तक पहुंच सकता है। इससे आपकी प्राइवेट चैट और डिजिटल पहचान खतरे में पड़ सकती है।

 

एडवाइजरी के मुताबिक, चालू सेशन तक पहुंच मिलने पर कोई व्यक्ति आपके मैसेज पढ़ सकता है, आपके नाम से मैसेज भेज सकता है और कॉन्टैक्ट्स व ग्रुप्स में बातचीत देख सकता है। वह आपकी पहचान बनाकर दोस्तों या सहकर्मियों को धोखा देने की कोशिश भी कर सकता है।

 

यह भी पढ़ें: बोतलबंद पानी में अलग-अलग केमिकल, ब्रोमेट और PAHs कैसे पहुंचे?

 

अपराध का खतरा बढ़ा

एडवाइजरी में कहा गया है कि इस तरीके से फिशिंग, ठगी और सोशल इंजीनियरिंग जैसे अपराध किए जा सकते हैं। यानी खतरा केवल आपकी बातचीत लीक होने का नहीं, बल्कि आपके नाम का इस्तेमाल कर दूसरों को नुकसान पहुंचाने का भी है। एजेंसी ने ऑफिस और सार्वजनिक कंप्यूटर पर सावधानी बरतने को कहा है।

क्या गलती करते हैं लोग?

I4C ने अपनी एडवाइजरी में एक आम गलती की ओर ध्यान दिलाया है। कई लोग काम खत्म होने पर WhatsApp Web का टैब या ब्राउजर बंद कर देते हैं और समझते हैं कि अकाउंट लॉगआउट हो गया। लेकिन सिर्फ विंडो बंद करना लॉगआउट नहीं माना जाना चाहिए। सेशन चालू रह सकता है और उसी कंप्यूटर को बाद में इस्तेमाल करने वाला व्यक्ति अकाउंट खोल सकता है। इसलिए हर बार काम पूरा होने पर WhatsApp Web में जाकर खुद लॉगआउट करें। बिना जरूरत अकाउंट को लॉग-इन न छोड़ें, खासकर ऑफिस या साझा कंप्यूटर पर।

गोपनीय जानकारी शेयर करने से बचें

एडवाइजरी में कहा गया है कि सरकारी, संगठन से जुड़ी, वित्तीय या गोपनीय जानकारी कंप्यूटर पर WhatsApp Web के जरिए साझा करने से बचें। अगर इस्तेमाल जरूरी हो, तो भरोसेमंद कंप्यूटर पर Incognito या Private Browsing मोड अपनाएं। हालांकि, इसे पूरी सुरक्षित ना समझें। एजेंसी ने इसे केवल अतिरिक्त सावधानी बताया है। प्राइवेट मोड में WhatsApp Web चलाने के बाद भी ब्राउजर बंद करने से पहले मैन्युअली लॉगआउट करना जरूरी है। संगठनों को संवेदनशील काम के लिए ऑफिस कंप्यूटर पर WhatsApp Web का इस्तेमाल टालने की सलाह दी गई है।

अनजान सिस्टम पर ना करें लॉग-इन

I4C ने साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर, उधार लिए गए कंप्यूटर और दूसरे अनजान सिस्टम पर WhatsApp Web लॉग-इन न करने को कहा है। ऐसे डिवाइस पर दूसरे लोगों की पहुंच हो सकती है। अपने अकाउंट की गतिविधियों पर भी नजर रखें। अगर आपके अकाउंट से ऐसा मैसेज भेजा गया है जिसे आपने नहीं भेजा, कॉन्टैक्ट्स की ओर से असामान्य जवाब आ रहे हैं या कोई अनजान गतिविधि दिख रही है, तो उसे गंभीरता से लें। यह अकाउंट तक किसी और की पहुंच का संकेत हो सकता है।

 

यह भी पढ़ें: 'न्याय नहीं मिला तो हाई कोर्ट जाएंगे', MLC के शपथ ग्रहण के बाद बोले तेजस्वी यादव

कैसे सुरक्षित रखें डिवाइस?

डिवाइस सुरक्षित रखने के लिए ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें। संदिग्ध डाउनलोड, अनजान फाइलों, क्रैक सॉफ्टवेयर और अविश्वसनीय सोर्स से दूरी बनाकर रखें। I4C की सलाह है कि WhatsApp Web का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक करें, संवेदनशील जानकारी शेयर ना करें और हर सेशन के बाद खुद लॉग-आउट करें। WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बरतें।