अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिए गए कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयानों पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी की ओर से भारतीय अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की थी लेकिन अब उनके बयान को लेकर बीजेपी उन पर हमलावर है। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश की धरती पर जाकर भारत की छवि खराब करने और देश की उपलब्धियों को नकारात्मक तरीके से पेश करने का काम करते हैं।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी वह विदेश यात्रा पर जाते हैं, भारत की छवि धूमिल करने का एक हानिकारक सिलसिला शुरू कर देते हैं। उन्होंने राहुल के बयानों को झूठ और देश के खिलाफ राजनीति करार दिया। अमेरिका में राहुल गांधी ने भारत के युवाओं की स्थिति और देश की आर्थिक चुनौतियों से जुड़े सवाल पर उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की।
यह भी पढ़ें: जालंधर से काशी तक 2000 KM की यात्रा, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन दिखाएंगे हरी झंडी
राहुल ने क्या कहा था?
एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा, 'सीधी बात यह है कि भारत आर्थिक तबाही के मुहाने पर बैठा है। यही सच्चाई है।' उन्होंने आगे कहा कि देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी की समस्या है और शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है। राहुल के मुताबिक, युवाओं में निराशा की एक बड़ी वजह यह है कि उन्हें अपने भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट संभावना दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आर्थिक व्यवस्था का मौजूदा मॉडल अपेक्षित परिणाम देने में विफल रहा है।
बीजेपी ने बोला हमला
राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें लीडर ऑफ एंटी इंडिया प्रोपेगेंडा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को भारत की प्रगति और लोकतंत्र से परेशानी है और वह हर बार विदेश जाकर देश के बारे में नकारात्मक बातें करते हैं।
वहीं, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा कि राहुल गांधी विदेश यात्रा के दौरान भारत की छवि खराब करने के लिए झूठे और भ्रामक बयान देते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्वाड शिखर सम्मेलन के दौरान तिरंगे के प्रति सम्मान का उदाहरण देते हुए राहुल गांधी के व्यवहार से इसकी तुलना भी की। केसवन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने ऐसे विदेशी प्रतिनिधियों का समर्थन किया था, जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र की आलोचना की थी।
राहुल को बताया मीर जाफर
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी के अमेरिका में दिए बयान को लेकर उन्हें भारत का मीर जाफर करार दिया। उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी को लोग बचकानी हरकतें करने वाला और अपरिपक्व नेता कहते हैं, लेकिन जब नेता प्रतिपक्ष के पद पर बैठा व्यक्ति विदेशी धरती से ऐसे बयान देता है, तो यह उसके भारत विरोधी होने को दर्शाता है। राहुल गांधी भारत के मीर जाफर हैं।' गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अमेरिका में निराधार टिप्पणियां और झूठे आरोप लगाकर भारत को बदनाम करने की सुनियोजित कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके इस आचरण से पूरा देश शर्मिंदा है।
यह भी पढ़ें: पटना में STF का बड़ा एक्शन, तीन अपार्टमेंट में एक साथ रेड; 32 लोग हिरासत में
रामचंदर राव ने भी उठाए सवाल
बीजेपी के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कहा कि राहुल गांधी एक बार फिर विदेशी धरती पर भारत की अर्थव्यवस्था और देश के खिलाफ बयान दे रहे हैं। रामचंदर राव ने आरोप लगाया कि पहले राहुल गांधी ने भारत की धरती पर विदेशी प्रतिनिधियों को बुलाकर देश की आलोचना करवाई और अब खुद विदेश जाकर भारत के बारे में नकारात्मक बातें कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी के शिक्षा व्यवस्था संबंधी बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भारत की शिक्षा व्यवस्था इतनी खराब है, तो फिर विदेशी विद्यार्थी यहां के विश्वविद्यालयों में पढ़ने क्यों आते हैं? राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए बयान पर अब लगातार बवाल हो रहा है।
