बॉम्बे हाई कोर्ट ने टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन के रूप में एन चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को चुनौती देने वाली टाटा ट्रस्ट की याचिकाओं पर शुक्रवार को तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया। हाई कोर्ट ने कहा कि टाटा संस के निदेशक मंडल की 30 नवंबर को होने वाली बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार हो सकती है।
जस्टिस अभय आहूजा की बेंच ने कहा, 'हम आज कोई राहत नहीं दे रहे हैं। 30 नवंबर की बैठक निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप होने दीजिए। बैठक में लिए गए किसी भी फैसले का भविष्य हमारे अंतिम आदेश पर निर्भर करेगा।'
यह भी पढ़ें: जिस सिंगूर में टाटा को छोड़ना पड़ा था बंगाल, वहां फिर से उद्योग लगाने की तैयारी
ट्रस्ट ने याचिकाओं में क्या मांग की थी?
टाटा ट्रस्ट से जुड़े सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और आरडी टाटा ट्रस्ट (RDTT) ने दो याचिकाएं दायर की हैं। ये याचिकाएं टाटा संस और उसके 6 निदेशकों के खिलाफ हैं। इनमें चंद्रशेखरन को तीसरी बार चेयरमैन नियुक्त करने के फैसले को चुनौती दी गई है।
समाचार एजेंसी भाषा की एक न्यूज के मुताबिक दोनों ट्रस्ट ने अदालत से बोर्ड की बैठक टालने या उस पर रोक लगाने का अनुरोध किया था। उन्होंने यह भी मांग की थी कि चंद्रशेखरन को कार्यकारी चेयरमैन के रूप में अपना मत देने से रोका जाए। तत्काल राहत के तौर पर यह अनुरोध भी किया गया था कि नामित निदेशकों के बीच मतभेद होने पर चेयरमैन अपने निर्णायक मत का इस्तेमाल न कर सकें।
यह भी पढ़ें: टाटा ट्रस्ट का जिक्र कर राहुल गांधी ने किया पोस्ट, भड़क गईं निर्मला सीतारमण
पुनर्नियुक्ति को अमान्य क्यों बताया गया है?
याचिकाओं के मुताबिक, 17 सितंबर को चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के बारे में टाटा संस के निदेशक मंडल का प्रस्ताव अमान्य था। इसका कारण यह बताया गया है कि प्रस्ताव को कंपनी के अंतर्नियमों के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी समर्थन मत नहीं मिले थे।
यह विवाद टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराने के मुद्दे पर टाटा ट्रस्ट और कंपनी प्रबंधन के बीच मतभेदों के बीच सामने आया है। टाटा संस में करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट कंपनी को गैर-सूचीबद्ध रखने के पक्ष में हैं। वहीं टाटा संस का शीर्ष नेतृत्व सूचीबद्धता की वकालत कर रहा है।
सुनवाई में दोनों पक्षों ने क्या दलीलें दीं?
शुक्रवार की सुनवाई में दोनों ट्रस्ट के वकीलों ने बोर्ड बैठक स्थगित करने का अनुरोध किया, लेकिन टाटा संस ने इसका विरोध किया। टाटा संस की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 12 दिसंबर की समयसीमा तय की है। तब तक कंपनी को केंद्रीय बैंक को बताना है कि वह अनिवार्य सूचीबद्धता के निर्देश का पालन करेगी या नहीं। इसलिए बोर्ड की बैठक होना जरूरी है।
हरीश साल्वे ने यह भी कहा कि बैठक में पारित कोई भी प्रस्ताव हाई कोर्ट के आदेशों के अधीन होगा। वहीं सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि टाटा संस RBI के निर्देश का इस्तेमाल बैठक कराने की बनावटी जल्दबाजी दिखाने के लिए कर रही है।
यह भी पढ़ें: टाटा संस को शेयर बाजार में लाने पर जोर क्यों दे रहा RBI, समझें पूरा मामला
मामले में अब आगे क्या होगा?
बॉम्बे हाई कोर्ट ने टाटा संस और मामले के अन्य प्रतिवादियों को दोनों याचिकाओं पर जवाबी हलफनामे दाखिल करने का निर्देश दिया है। प्रतिवादियों में निदेशक मंडल के सदस्य भी शामिल हैं।
