पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने बीते दिन पीएम मोदी और बीजेपी सरकार पर सवाल उठाते हुए विदेश सहायता के सहारे सरकार चलाने का आरोप लगाया था। उनके इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण ने उन्हें नसीहत दी कि कम से कम इस विषय पर उन्हें बोलने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश के आंतरिक मामलों पर अपनी बात रखने के लिए दूसरे देशों का उदाहरण देने के बजाय भारतीय लोकतंत्र और संसद पर भरोसा करना चाहिए।

 

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को अमेरिका, बांग्लादेश, नेपाल और पाकिस्तान के नजरिये से भारत को देखने की आदत छोड़नी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनके साथ जुड़े लोग लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते, इसीलिए वे भारत के मुद्दों पर चर्चा करते समय कभी अमेरिका का जिक्र करते हैं तो कभी बांग्लादेश में हो रही घटनाओं का। कभी नेपाल और पाकिस्तान के नजरिये से देश को देखने की कोशिश करते हैं। उनके मुताबिक, देश के मुद्दों को देश के भीतर ही उठाया जाना चाहिए और उनकी चर्चा भारतीय लोकतांत्रिक संस्थाओं के मंच पर होनी चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: 26 नवंबर को होगा विधानसभा का विशेष सत्र, हरियाणा कैबिनेट में हुआ फैसला

संसद में चर्चा की बात कही

बृजभूषण शरण सिंह ने आगे कहा कि अगर राहुल गांधी को किसी मुद्दे पर अपनी बात रखनी है या सरकार से सवाल पूछना है तो इसके लिए संसद सबसे उपयुक्त मंच है। बृजभूषण ने कहा, 'आप इन सभी मुद्दों को संसद में क्यों नहीं उठाते? संसद का गठन इसलिए किया गया है, ताकि आप वहां अपने मन की बात कह सकें।' उन्होंने अपनी बात फिर दोहराई की राहुल गांधी को इन मुद्दों पर बोलने से बचना चाहिए। 

राहुल ने क्या कहा था?

राहुल गांधी ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश से झूठ बोलते हैं और धांधली की वजह से वह सत्ता हैं। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी की वित्तीय व्यवस्था पर पूरी तरह विदेशियों का नियंत्रण है और विदेशी सोशल मीडिया उनका पूरा साथ देता है।

 

उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, 'मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने। और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं। आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में और समर्थन से है। विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है। मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए। आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं आप उससे डरते हैं।'

 

यह भी पढ़ें: जहरीली शराब से मौतों पर फूटा महिलाओं का गुस्सा, ठेके पर धावा बोल बोतलें फोड़ीं

बीजेपी ने किया पलटवार

राहुल गांधी के इस बयान के बाद से भारतीय जनता पार्टी के तमाम नेता उन पर निशाना साध रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी देश में अराजकता फैलाने वाली ताकतों का नेतृत्व कर रहे हैं। बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी और उनके परिवार की विदेश यात्राओं को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि जब राहुल गांधी लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की बात करते हैं तो उन्हें विदेशी मदद और विदेशी नैरेटिव का सहारा लेने की जरूरत क्यों पड़ती है।