दिल्ली पुलिस ने सोमवार को जंतर-मंतर पर सुरक्षा कारणों और नए नियमों का हवाला देते हुए धरना-प्रदर्शन पर पूरी तरह से रोक लगा दी। इसकी जगह पुलिस ने तीन जगहों पर विरोध-प्रदर्शन करने के लिए तीन स्थान तय किए हैं। सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट ग्राउंड यानी CBD इन्हीं तीनों जगहों में से एक है। इसके अलावा बुराड़ी मैदान और सेंट्रल दिल्ली का रामलीला मैदान भी प्रदर्शन के लिए चिन्हित किए गए हैं।
CBD ग्राउंड दिल्ली के शाहदरा में कड़कड़डूमा कोर्ट के पास स्थित है। 12 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले इस ग्राउंड की हालत बद-से-बदतर है। चुनाव आयोग, सीईसी ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों के दबाव के चलते दिल्ली पुलिस ने आनन-फानन में इस ग्राउंड को प्रदर्शन करने के लिए भले ही चिन्हित कर लिया हो लेकिन यहां पर बैठकर धरना देना तो दूर यहां बैठना भी मुश्किल है।
यह भी पढ़ें: IndiGo ने सऊदी अरब के 4 शहरों की फ्लाइट्स रद्द की, क्यों लेना पड़ा फैसला?
CBD ग्राउंड पर क्या दिखा?
‘खबरगांव’ CBD ग्राउंड की हकीकत जानने के लिए मौके पर पहुंचा। कड़कड़डूमा कोर्ट मेट्रो स्टेशन से होते हुए हम ग्राउंड पहुंचे। रास्ते में तंग सड़कें और घनी आबादी पड़ी, भविष्य में प्रदर्शन करने के लिए अगर लोग यहां आते हैं तो ट्राफिक को संभालना पुलिस के लिए चुनौती पैदा कर सकती है। साथ ही यहां के स्थानीय लोगों की परेशानी भी बढ़ सकती है।
CBD ग्राउंड की हालत बद-से-बदतर
CBD ग्राउंड के एक हिस्से की हालत इतनी खराब है कि यहां धरना और विरोध-प्रदर्शन करना तो दूर यहां बैठना भी मुश्किल है। ग्राउंड में 5-6 फीट ऊंची घास उगी हुई हैं, जगह-जगह कूड़े का अम्बर लगा हुआ है, कूड़े के सड़ने और मारे हुए जानवरों की बदबू इतनी है कि यहां खड़ा हो पाना कठिन है। ग्राउंड में मौजूदा समय में असामाजिक तत्व खुलेआम अवैध नशा करते हुए दिखाई दिए। CBD के अगल-बगल में बसों, ऑटो आदि की पार्किंग, क्रॉस राइव मॉल, बैंक्वेट हॉल और होटल हैं।
यह भी पढ़ें: CJP और कांग्रेस को जोड़ने वाली कड़ी या सबकी पसंद, आखिर क्या हैं नेहा बोरा?
ग्राउंड में ही तीन रामलीलाओं का मंचन
CBD ग्राउंड काफी बड़े क्षेत्र में है। इसमें अभी तीन-तीन रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। बालाजी रामलीला कमेटी, श्री हनुमंत धार्मिक रामलीला कमेटी और श्री बालाजी रामलीला कमेटी का आयोजन किया जा रहा है। इसी ग्राउंड में दहशरा का मेला लगा हुआ है।
दिल्ली पुलिस ने किस आधार पर CBD ग्राउंड को धरना-प्रदर्शन के लिए मुफीद पाया है, यह कह पाना मुश्किल है लेकिन यहां मौके पर ग्राउंड की हालत ठीक नहीं है। साफ-सफाई का यहां भयानक आभाव है। बता दें कि CBD ग्राउंड का रखरखाव दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) करता है।
