कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने समर्थकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में दिल्ली के जंतर मंतर पर फिर सरकार की घेराबंदी करें। पार्टी ने एलान किया है कि मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा। पुलिस ने इस प्रदर्शन की भी अनुमति नहीं दी है।

एक दिन पहले शनिवार को दिल्ली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई में करीब 3,000 से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए थे। इनमें चार पूर्व मुख्यमंत्री भी शामिल थे। हिरासत में लिए गए लोगों में AAP के अरविंद केजरीवाल , तृणमूल कांग्रेस की संस्थापक ममता बनर्जी , वाम दलों के नेता पिनराई विजयन और माणिक सरकार शामिल हैं।

ज्यादातर हिरासत में लिए गए लोगों को शनिवार रात तक छोड़ दिया गया। CJP के शीर्ष नेता अभिजीत दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका अब भी हिरासत में हैं। यूट्यूबर ध्रुव राठी भी हिरासत में हैं। अब दिल्ली मेट्रो को आम जनता के लिए खोल दिया गया है लेकिन निगरानी तेज है। पढ़ें पल-पल की खबर।  

पढ़ें लाइव अपडेट-

8:23 am

मजिस्ट्रेट के सामने पेश होंगे अभिजीत दीपके और उनकी टीम 

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके, आशुतोष रंका और सौरव दास को रविवार सुबह 9 बजे दिल्ली कैंटोनमेंट पुलिस स्टेशन में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने उन्हें रविवार सुबह इस घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। वे पार्टी का प्रतिनिधित्व करने वाले अन्य वकीलों के साथ पुलिस स्टेशन में मौजूद रहेंगे।

8:06 am

दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट की अवमानना की है? सुनवाई आज

सुप्रीम कोर्ट में तृणमूल कांग्रेस की सांसद और वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी ने दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शनिवार को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं और अन्य लोगों की निवारक हिरासत को चुनौती देते हुए याचिका दायर की है, जिस पर अदालत रविवार (11 अक्टूबर) को विशेष सुनवाई करेगी। न्यायमूर्ति जॉयमल्या बागची और वी मोहना की बेंच इस मामले के साथ-साथ एक अवमानना याचिका पर भी सुनवाई करेगी, जिसमें आरोप है कि अधिकारियों ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया और मेट्रो व ट्रेनों पर व्यापक प्रतिबंध लगाए।

यह विरोध जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी और अन्य दलों द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें चुनावी रोल के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं के चलते ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी, लेकिन दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से अनुमति नहीं दी थी। गुरुस्वामी का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार को रोकने के लिए निवारक हिरासत का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, खासकर उन नेताओं के खिलाफ जो पहले राज्य सरकारों का नेतृत्व कर चुके हैं। अवमानना याचिका में वकील शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी ने आरोप लगाया है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद 57 मेट्रो स्टेशन बंद रहे, कई ट्रेनें रद्द हुईं और कोई ट्रैफिक सलाह जारी नहीं की गई।

7:54 am

जंतर मंतर पर सख्ती, कैसे जुटेंगे CJP समर्थक?

जंतर मंतर पर कई स्तर की बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस पत्रकारो को भी इलाके में घुसने से मना कर रही है। कड़ी पहरेबंदी है। पुलिस ने कई स्तर पर घेराबंदी की है, हैवी बैरेकेडिंग की गई है।

7:15 am

दिल्ली के जंतर मंतर पर पुलिस का पहरा

दिल्ली के जंतर मंतर पर पुलिस तैनात है। शनिवार देर रात तक यहां पुलिस मुस्तैद रही है।

7:09 am

हिरासत में कौन, ट्रैफिक पर क्या असर?

ज्यादातर हिरासत में लिए गए लोगों को शनिवार रात तक छोड़ दिया गया। CJP के शीर्ष नेता अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका अब भी हिरासत में हैं। यूट्यूबर ध्रुव राठी भी हिरासत में हैं। शनिवार को दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के प्रवेश और निकास गेट बंद रहे। इनमें राजीव चौक, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और कश्मीरी गेट शामिल हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार देर रात एडवाइजरी जारी की। इसके मुताबिक लगातार दूसरे दिन यातायात पाबंदियां रहेंगी। रविवार सुबह 6 बजे से हालात के हिसाब से दिल्ली के करीब 30 अहम स्थानों पर डायवर्जन लागू किए जाएंगे। जंतर मंतर, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, पटेल चौक और मध्य दिल्ली के कई चौराहों के आसपास आवाजाही प्रभावित हो सकती है।