देश की राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन को दबाने के लिए पुलिस ने बड़ी घेराबंदी की है। दिल्ली-NCR के सिंघू बॉर्डर से लेकर चिल्ला बॉर्डर तक, पुलिस का कड़ा पहरा है, चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। विपक्ष के साथ-साथ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थक भी जंतर मंतर पर जुटने वाले हैं। दिल्ली आने वाले कई अहम ट्रेनों को रद्द किया गया है, मेट्रो गेट बंद है, गाड़ियों को रोका जा रहा है, लोगों को ट्रेन से ही अलग-अलग राज्यों में हिरासत में लिया गया है।
दिल्ली में ही 1 हजार से ज्यादा लोग पुलिस हिरासत में हैं। मेट्रो स्टेशनों से बाहर आने की कोशिश कर रहे लोगों को दिल्ली पुलिस दौड़ा-दौड़ाकर पीट रही है, पकड़ रही है। लोग पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए भाग रहे हैं। पुलिस इस विरोध प्रदर्शन को अवैध बता रही है और कानूनी कार्रवाई की चेतवानी दे रही है। पुलिस ने मीडिया के लिए भी नियम तय किए हैं।
CJP का प्रदर्शन शनिवार, 10 अक्टूबर को सुबह 10 बजे दिल्ली के जंतर मंतर पर तय है। CJP ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के 40,000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं।
पढ़ें हर जरूरी अपडेट-
11:10 pm
सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट रविवार को एक अवमानना याचिका पर विशेष सुनवाई करेगा। यह याचिका जंतर-मंतर पर शनिवार होने वाले सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन से पहले पब्लिक ट्रांसपोर्ट को पूरी तरह बंद करने के कोर्ट के 9 अक्टूबर के आदेश की जानबूझकर अनदेखी करने के आरोप में दायर की गई है।
जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच 11 अक्टूबर यानी रविवार को सुबह 10:30 बजे मामले की सुनवाई करेगी। याचिका में आरोप लगाया गया कि 45 मेट्रो स्टेशनों के गेट को बंद रखा गया। इसमें केंद्रीय गृह सचिव, दिल्ली पुलिस कमिश्नर और डीएमआरसी चेयरमैन के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग की गई है।
11:03 pm
दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन खुले
डीएमआरसी ने बताया कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अब खुल गए हैं। संबंधित सभी मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध है।
7:46 pm
पुलिस ने ममता बनर्जी को छोड़ा
दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी को रिहा कर दिया है। ममता बनर्जी ने पुलिस पर गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लेने का आरोप लगाया।
7:25 pm
सीजेपी को मिला AIUDF का समर्थन
AIUDF अध्यक्ष मोहम्मद बदरुद्दीन अजमल ने सीजेपी के प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'दिल्ली में कई संगठनों ने इस विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। यह बिल्कुल सही है। AIUDF की तरफ से मैं इस विरोध प्रदर्शन का समर्थन करता हूं। ज्ञानेश कुमार को अपने पद से हट जाना चाहिए। उन्होंने बहुत बड़ी गलती की है। बीजेपी के साथ मिलकर वोटर लिस्ट से 13 करोड़ लोगों के नाम हटा दिए गए। मेरी पार्टी और मैं इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का समर्थन करते हैं।'
6:40 pm
कल तक रिहा नहीं किया तो अनशन करेंगे: सोनम वांगचुक
प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ सोनम वांगचुक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा भारत अघोषित इमरजेंसी की स्थिति में है। कल जब मैंने आज के विरोध प्रदर्शन में एकता और शांति की अपील करते हुए एक मैसेज पोस्ट किया था तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र अघोषित इमरजेंसी की चपेट में होगा।
उन्होंने आगे लिखा- मुझे खुशी थी कि आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए कई नेता मौजूद थे लेकिन अब मुझे पता चला है कि उन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुझे उम्मीद है कि गिरफ्तार किए गए लोगों को जल्द ही रिहा कर दिया जाएगा। अगर कल तक उन्हें रिहा नहीं किया गया तो मुझे अनशन या पदयात्रा करने पर विचार करना पड़ेगा।
5:52 pm
इमरान खान हिरासत में
मुंबई पुलिस ने अमीर खान के भांजे अभिनेता इमरान खान को हिरासत में लिया है। वह मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे।
6:28 pm
कांग्रेस शासित कर्नाटक में प्रदर्शनकारी हिरासत में
बेंगलुरु में चुनाव आयोग के खिलाफ अखिल भारतीय छात्र संघ (AISF), भारतीय छात्र संघ (SFI) और अखिल भारतीय लोकतांत्रिक छात्र संगठन(AIDSO) जैसे छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्र संगठनों ने चुनाव आयोग कार्यालय की तरफ कूच किया तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
संगठनों यह भी आरोप है कि बसों से भी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। आरोप लगाया कि फ्रीडम पार्क के आसपास पुलिस की भारी तैनाती की गई। कुछ कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने बल प्रयोग किया।
आइसा कर्नाटक ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर लिखा, 'कर्नाटक में कांग्रेस की अगुवाई वाली सरकार उन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले रही है, जो ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध कर रहे थे और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे।'
5:07 pm
'जितनी पुलिस बुलानी हो, बुला लो...', राहुल गांधी की केंद्र को चुनौती
राहुल गांधी ने एक भावुक वीडियो जारी किया है। उन्होंने कहा कि वह नरेंद्र मोदी, आरएसएस और उनसे जुड़े नेताओं के खिलाफ एक दशक से संघर्ष कर रहे एक व्यक्ति ने कहा है कि ये लोग कायर हैं और अब धीरे-धीरे चारों तरफ से घिरते जा रहे हैं। उन्होंने अमित शाह, मोहन भागवत, ज्ञानेश कुमार और अजीत डोभाल का जिक्र करते हुए चुनौती दी कि जितनी पुलिस बुलानी हो बुला लें, नेताओं और युवाओं को गिरफ्तार कर लें, लेकिन विरोध करने वाले पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने दावा किया कि जरूरी जानकारी उनके पास पहले से है, वह संविधान और जनता की आवाज की रक्षा करेंगे तथा पिछले 10-15 सालों में हुए गलत कामों को दोबारा नहीं होने देंगे। युवाओं से विरोध जारी रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे सरकार और संविधान पर हमला करने वालों को शिकस्त दिलाने के लिए युवाओं के साथ खड़े हैं।
4:57 pm
प्रदर्शन करने जा रहे थे दिल्ली, गिरफ्तार हो गए, आ गई अन्ना आंदोलन की याद
अरविंद केजरीवाल को दिल्ली पुलिस ने वैसे ही हिरासत में लिया है, जैसे कभी वह अपने आंदोलन के दिनों में गिरफ्तार होते थे। नई दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को सुरक्षा बलों ने हिरासत में ले लिया। अरविदं केजरीवाल अपने घर से निकलकर जंतर मंतर की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोका और हिरासत में ले लिया। साथ में AAP नेता संजय सिंह भी थे। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पुलिस ने उन्हें रोक लिया है, लेकिन वह डरे नहीं हैं और युवाओं से अपील की कि वे इस मुद्दे पर आवाज उठाएं। इस दिन दिल्ली में भारी सुरक्षा थी। पुलिस ने जंतर मंतर पहुंचने से पहले ही कई लोगों को हिरासत में लिया। ममता बनर्जी, पिनराई विजयन समेत कई विपक्षी नेता और कार्यकर्ता भी गिरफ्तार किए गए। सैकड़ों से लेकर हजारों तक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
3:24 pm
गुरुद्वारे में छिपे प्रदर्शनकारी, पुलिस की बढ़ी मुश्किल
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान शनिवार को दिल्ली में कई अनोखे नजारे देखने को मिले। कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस से बचने के लिए गुरुद्वारे में छिप गए, तो कुछ लोगों ने सिर पर कॉकरोच के एंटीना जैसा हेलमेट पहना हुआ था। पुलिस ने भारी सुरक्षा के बीच करीब 500 लोगों को हिरासत में लिया। प्रदर्शन सुबह साढ़े 10 बजे जंतर-मंतर पर होना था, लेकिन पुलिस ने वहां पहुंचने नहीं दिया। निषेधाज्ञा लागू होने के कारण कनॉट प्लेस के रीगल सिनेमा के पास और दूसरे कई जगहों से प्रदर्शनकारियों को पकड़कर ले जाया गया। शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन के पास भी कुछ लोग इकट्ठा हुए और नारेबाजी की। 10 से 20 लोगों का एक समूह सड़क पर चलते हुए नारे लगा रहा था। एक व्यक्ति जब सड़क के बीच में आकर नारा लगाने लगा, तो पुलिस उसे पकड़ने दौड़ी। हिरासत में लिए गए लोगों को बस से ले जाया जा रहा था। कुछ लोग बस के अंदर से इंकलाब जिंदाबाद” के नारे लगा रहे थे और अपने प्रेस कार्ड दिखा रहे थे।
3:21 pm
'आपकी दादी मर गईं...', अभिजीत दीपके से पुलिस ने कहा
दिल्ली पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को उनकी दादी के निधन की जानकारी दी है। अब यह उन पर निर्भर है कि वह हिरासत में रहते हुए विरोध-प्रदर्शन जारी रखना चाहते हैं या अंतिम संस्कार के लिए वापस जाना चाहते हैं।
3:19 pm
CJP के साथ आए अखिलेश यादव, कहा- इस्तीफा दें ज्ञानेश कुमार
3:18 pm
SFI और लेफ्ट के नेता पुलिस हिरासत में
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और वामपंथी पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने INA पर विरोध प्रदर्शन किया। SIR को वापस लेने और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
3:16 pm
अरविंद केजरीवाल पुलिस हिरासत में, जंतर मंतर जा रहे थे
दिल्ली पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लिया है। वह जंतर मंतर प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। ममता बनर्जी भी पुलिस हिरासत में हैं।
2:48 pm
AAP-कांग्रेस में गुत्थमगुत्थी..., संबित पात्रा ने CJP आंदोलन पर क्या कहा?
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कहा, 'कुछ दिन पहले कांग्रेस पार्टी ने एक बंद बुलाया था। कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन था। आज कुछ दूसरे तत्वों ने प्रदर्शन किया है। फिर 12 तारीख को एक प्रदर्शन बुलाया गया है। एक कालखंड में किस तरह से भारत में स्थितियों को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मगर उसके पीछे के नीयत को भी समझिए। अराजकतत्वों के अंदर भी अराजकता है कि किसे श्रेय मिले। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच में गुत्थमगुत्थी चल रही है। कल कुछ राजनेता राष्ट्रपति भवन गए थे। वहां से बाहर निकलने के बाद राहुल गांधी का बयान एक नालायक नेता के बयान के बराबर है। कभी भी ऐसा नहीं हुआ कि राष्ट्रपति को सड़क की लड़ाई में घसीटने की कोशिश हुई हो मगर एक नालायक नेता ने राष्ट्रपति महोदया को सड़क की लड़ाई में घसीटने की कोशिश की।'
2:46 pm
कनॉट प्लेस की किलेबंदी, माजरा क्या है?
CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले कनॉट प्लेस में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया है।
2:44 pm
'सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल हैं'
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नेहा बोरा की अगुवाई में आंदोलन तेज हो गया है।
2:43 pm
लेफ्ट के लिए दिल्ली हाट बना नया जंतर मंतर
दिल्ली हाट पर लेफ्ट की अगुवाई में प्रदर्शन हो रहा है। नेहा बोरा सरकार के खिलाफ नारे लगा रही हैंँ।
2:38 pm
ममता बनर्जी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है
दिल्ली पुलिस ने ममता बनर्जी और उनके गुट के तृणमूल कांग्रेस के सांसदों को हिरासत में लिया है।
2:30 pm
प्रदर्शनकारी वकीलों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया
शनिवार को CJP के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने एसएफआई और अन्य छात्र संगठनों के 400 से अधिक सदस्यों और सुप्रीम कोर्ट से जंतर-मंतर की ओर मार्च कर रहे वकीलों को हिरासत में ले लिया। CJP ने SIR के दौरान मतदाता सूची में हेरफेर और फॉर्म-6 से जुड़ी गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन का आह्वान किया था। पुलिस ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर अनुमति देने से इनकार कर दिया था। एसएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदर्श एम. साजी के अनुसार पूर्वाह्न करीब 10 बजे मार्च शुरू करने के बाद करीब 11 बजे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जबकि एसएफआई और डीवाईएफआई के नेताओं ने गोल मार्केट स्थित एके गोपालन भवन से जंतर-मंतर तक रैली निकालने की योजना बनाई थी। उच्चतम न्यायालय के पास भगवान दास रोड पर वकीलों को भी अवरोधक लगाकर रोका गया, जिन्होंने नारे लगाए और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर लहराए थे। हिरासत में लिए गए एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे लोकतंत्र बचाने आए हैं और यह तानाशाही व लोकतंत्र के बीच की लड़ाई है, जो अभी खत्म नहीं हुई है।
2:23 pm
जंतर मंतर आंदोलन को अराजकों का फ्लॉप शो क्यों बता रहे संबित पात्रा?
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने कहा, 'जंतर-मंतर की कहानी भारत की कहानी नहीं है। जंतर-मंतर पर जो हो रहा है, जो आप टीवी और कुछ सोशल मीडिया हैंडल पर देख सकते हैं, वह भारत की कहानी नहीं है। भारत शांत है और अच्छे शासन के तहत आगे बढ़ रहा है। हम देख रहे हैं कि कुछ अराजक ताकतें पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के एक कोने में अराजकता फैला रही हैं। आज अराजकतावादी विफल हो गए हैं। अराजक तत्वों का फ्लॉप शो पूरी तरह से विफल हो गया है। भारत की राष्ट्रीय राजधानी को बंधक बनाने की कोशिश की गई; कि यहां आगजनी हो, यहां हिंसा हो। लेकिन आज, 'लोकतंत्र' की जीत 'भीड़तंत्र' पर हुई है।'
2:09 pm
'कुर्सी छोड़कर भागना पड़ेगा'
कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा, 'राहुल गांधी ने कहा था कि देश में आर्थिक सुनामी आएंगी और वो परिस्थिति आज देश में पूरी तरह बन चुकी है और देश आज आर्थिक संकट से जूझ रहा है। वैसे ही नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार दोनों जाएंगे; ऐसा कहा तो बिल्कुल इनको जाना है। देश में जनता ही ऐसा दबाव बनाएगी कि इन दोनों को कुर्सी छोड़कर भागना पड़ेगा।'
12:21 pm
AAP ने दिया CJP आंदोलन को समर्थन
12:23 pm
अगर रुकावट आई तो डायवर्जन लागू करेंगे, ACP दिनेश कुमार (ट्रैफिक जोन)
12:21 pm
मोदी सरकार के ताबूत की आखिरी कील...क्या बोले प्रमोद तिवारी?
11:56 am
प्रदर्शन के समर्थन में उतरी आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी (AAP) नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, 'पूरे देश का युवा और मतदाता, ज्ञानेश कुमार की वजह से ठगा हुआ महसूस कर रहा है। ज्ञानेश कुमार ने PM मोदी के कहने पर पूरे देश के मतदाता के साथ गद्दारी की है। ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगने के लिए युवाओं का प्रदर्शन चल रहा है और आम आदमी पार्टी इस प्रदर्शन का समर्थन करती है।'
10:58 am
अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका पुलिस हिरासत में
अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभिजीत दीपके ने कहा है कि ऐसा इंदिरा गांधी के जमाने में भी नहींं हुआ था। 30 साल के बच्चों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डर गए हैं।
10:46 am
अभिजीत, आशुतोष और सौरभ होंगे डिटेन
अभिजीत दीपके और कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं की फ्लाइट दिल्ली में लैंड कर चुके हैं। एयरपोर्ट पर ही पुलिस पहुंच गए हैं। अधिकारी उन्हें समझाएंगे लेकिन अगर वह नहीं माने तो उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।
10:33 am
चोर को बचाने के लिए दिल्ली को छावनी में बदल दिया: संजय सिंह, AAP सांसद
10:32 am
धौला कुआं पर केके क्रिएट हिरासत में
दिल्ली के धौला कुआं इलाक में मशहूर कंटेंट क्रिकेट केके क्रिएटर को हिरासत में लिया है। पुलिस उन्हें आग नहीं बढ़ने दे रही है।
9:52 am
ध्रुव राठी हिरासत में
पुलिस ने ध्रुव राठी को गुरुग्राम से हिरासत में लिया है।
9:48 am
बॉडी कैमरों का कैसे इस्तेमाल कर रही है पुलिस?
दिल्ली पुलिस के जवानों की वर्दी पर बॉडी कैमरे भी फिट हैं। पुलिस की नजर हर प्रदर्शनकारी पर है।
9:47 am
मंडी हाउस का क्या माहौल है?
जंतर मंतर ही नहीं, जंतर मंतर से सड़े पास के इलाकों में भी पुलिस की सख्त घेराबंदी है। मंडी हाउस के पास के इलाके में सैकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मी घूम रहे हैं। जगह-जगह गाड़ियां खड़ी हैं। प्रदर्शनकारियों को पकड़ा जा रहा है।
9:39 am
दिल्ली मेट्रो बंद, ट्रेनें रद्द, लाखों लोग परेशान
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने पहले 57 स्टेशनों के प्रवेश और निकास शुक्रवार रात 9 बजे से बंद करने की घोषणा की थी। बाद में सूची घटाकर 45 स्टेशन कर दी गई। रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों पर शनिवार सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच आने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दीं। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक कुल 250 से ज्यादा ट्रेनें रद्द हुई हैं। सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के नमो भारत स्टेशन 9 अक्टूबर रात 9 बजे से 10 अक्टूबर रात 10 बजे तक बंद रहेंगे। दिल्ली में शराब की खुदरा दुकानें 9 और 10 अक्टूबर को बंद हैं। लाइसेंसी रेस्टोरेंट, बार और क्लब खुले रहेंगे। कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, जनपथ और खान मार्केट जैसे बाजारों के बंद रहने की संभावना है। लाजपत नगर, सरोजिनी नगर और चांदनी चौक के व्यापारियों ने कहा कि उनके बाजार खुले रहेंगे। बाजार यूनियनों के फैसले सिर्फ सलाह के तौर पर हैं।
9:38 am
कहां-कहां हिरासत में लिए गए हैं प्रदर्शनकारी?
हिरासत में लेने की कार्रवाई कई इलाकों में हुई है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस ने शाहीन बाग और जामिया नगर में पहचाने गए 250 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से 100 से ज्यादा लोग पकड़े गए। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और एयरपोर्ट के आसपास से भी लोगों को हिरासत में लिया गया। एक सरकारी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि तीन खेल परिसर अस्थायी हिरासत केंद्र के तौर पर इस्तेमाल हो सकते हैं। ये हैं बवाना का राजीव गांधी स्टेडियम, उत्तरी दिल्ली का छत्रसाल स्टेडियम और इंडिया गेट के पास का मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम। जरूरत पड़ने पर बुराड़ी का निरंकारी समागम ग्राउंड भी इस्तेमाल हो सकता है।
9:36 am
दिल्ली पुलिस क्यों प्रदर्शनकारियों को पकड़ रही है?
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। नई दिल्ली जिले के DCP ने CJP के सह-संयोजक सौरव दास और संयुक्त सचिव बालकृष्ण को पत्र भेजा। इसमें कहा गया कि बड़े जनहित में अनुमति नहीं दी जा सकती। पुलिस ने गंभीर कानून-व्यवस्था की समस्या की आशंका जताई। पुलिस का यह भी कहना है कि CJP का पत्र सिर्फ सूचना था, अनुमति का औपचारिक आवेदन नहीं।
9:37 am
जंतर मंतर जाने वाली सड़कों पर तगड़ी बैरिकेडिंग
जंतर मंतर और वहां जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। तीन प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं पर लाउडस्पीटर से हिंदी और अंग्रेजी में चेतावनी दी जा रही है। चेतावनी में कहा जा रहा है कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत जमावड़ा, जुलूस और रास्ता रोकना मना है। दिल्ली पुलिस के 15,000 से ज्यादा जवान तैनात हैं। शहर में केंद्रीय बलों के करीब 26,000 जवान रहने की उम्मीद है। प्रदर्शन स्थल पर मीडियाकर्मियों को भी जाने नहीं दिया जा रहा। पुलिसकर्मियों को बॉडी कैमरे दिए गए हैं।
9:35 am
दिल्ली में सैकड़ों प्रदर्शनकारी हिरासत में
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक दिल्ली में कम से कम 1,000 लोगों को हिरासत में लिया गया। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके प्रदर्शन का नेतृत्व करने के लिए मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। अभिजीद दीपके 10 बजे तक दिल्ली पहुंच सकते हैं।
9:36 am
क्यों हो रहा है प्रदर्शन और कैसी हैं पाबंदियां?
CJP का आरोप है कि मतदाता सूचियों के SIR में गड़बड़ियां हुई हैं। पार्टी इस मुद्दे पर पहले भी प्रदर्शन कर चुकी है। 2 अक्टूबर को मुंबई में भी प्रदर्शन हुआ था। दिपके का आरोप है कि 2024 से अब तक करीब 13 करोड़ मतदाता सूची से हटाए गए हैं। चुनाव आयोग ने आरोपों को खारिज किया है। आयोग का कहना है कि SIR समेत सभी बड़े फैसले पूरे आयोग ने सर्वसम्मति से लिए थे।
