हरियाणा में रोहतक-दिल्ली हाइवे पर संपाला बस स्टैंड के पास एक ब्लैक सूटकेस नजर आया। यह बैग लावारिस पड़ा था। जब लोगों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को इस लावारिस बैग की सूचना दी। मौके पर आनन-फानन में पुलिस पहुंची। जब सूटकेस खुला तो लोगों के होश उड़ गए। सूटकेस में एक 22 साल की लड़की की लाश पड़ी है।
लाश की नाक के पास खून के थक्के जमे थे। ऐसा लग रहा था कि लाश ज्यादा पुरानी नहीं है। पुलिस खुद हैरान रह गई कि इस तरह कौन कत्ल कर सकता है। पुलिस के बैग खोलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जब तस्वीरें वायरल हुईं तो लोगों के होश उड़ गए।
यह लाश हरियाणा कांग्रेस के युवा नेताओं में शुमार हिमानी नरवाल की थी। वह सोनीपत के कथूरा गांव की रहने वाली हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ वह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई हैं। वह अलका लांबा और कांग्रेस के अन्य बड़े नेताओं के साथ मुलाकात कर चुकी हैं। उन्हें दीपेंद्र हुड्डा भी जानते थे। दोनों की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर हैं।
यह भी पढ़ें: भारत कैसे भाषा पर लड़ने लगा? पढ़ें हिंदी विरोध की पूरी कहानी
कौन थीं हिमानी नरवाल?
हिमानी नरवाल लोक कलाकार भी थीं। वह हरियाणा के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। उनकी मौत की खबर सुनकर कांग्रेस नेताओं ने दुख जताया है। उनकी लाश रहस्यमयी परिस्थितियों में मिली है।
बस स्टैंड से 200 मीटर की दूरी पर मिली लाश
संपाला बस स्टैंड से सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर एक लावारिस सूटकेस पड़ा था। स्थानीय लोगों ने ही पुलिस को इस सूटकेस के बारे में सूचना दी। रोहतक पुलिस प्रवक्ता सनी लौरा ने कहा, 'सूटकेस खोलने पर पुलिस को हिमानी नरवाल की लाश मिली। गले पर चोट के निशान हैं। उनका गला घोटा गया है।'

क्या कर रही है पुलिस?
संपाला पुलिस सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीमों की मदद ले रही है। पुलिस को शक है कि हिमानी की हत्या कहीं और की गई है, लाश संपाला में फेंकी गई है। सीसीटीवी फुटेज तलाशे जा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा?
हिमानी नरवाल की हत्या ने सियासी तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस नेताओं की मांग है कि इस वारदात की निष्पक्षता के साथ जांच हो। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने रोहतक के पुलिस अधीक्षक से SIT गठन की अपील की है। उन्होंने कहा है कि आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, 'NCRB और केंद्र सरकार के सामाजिक प्रगति सूचकांक के अपराध आंकड़ों से पता चलता है कि हरियाणा महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित राज्यों में से एक बन गया है। बीजेपी सरकार सुरक्षा सुनिश्चित करने में बुरी तरह विफल रही है।'
यह भी पढ़ें: 12 राज्य-UT की 5% जनता भी नहीं बोलती हिंदी, समझिए भाषा का गुणा गणित
किन धाराओं के तहत दर्ज केस?
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संपाला थाने अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) और 238 (ए) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस हिमानी की कॉल डिटेल भी निकाल रही है।