भारत इस साल 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस सम्मेलन पर पूरी दुनिया की नजरें हैं और इसके लिए पूरी दिल्ली में तैयारी की गई हैं। इससे पहले दिल्ली को सजाने-संवारने और प्रमुख सड़कों के आसपास की झुग्गियों व गरीब बस्तियों को पर्दे, स्क्रीन और दूसरे तरीकों से ढकने की कोशिश भी की गई। अब इस पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि विदेश से आ रहे मेहमानों से दिल्ली की असली तस्वीर छिपाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी का कहना है कि बस्ती को छिपाने से वहां की समस्या हल नहीं हो जाएगी।
AAP ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पर एक कार्टून शेयर किया, जिसमें एक शीशे पर विजन 2027 लिखा हुआ है और पीएम मोदी को शीशे में देखते हुए दिखाया गया है जीडीपी सुपरहिट लिखा हुआ है। शीशे में विकसित दिल्ली और भारत मंडपम की तस्वीर दिखाई गई है, जबकि शीशे के बाहर झुग्गी, कचरा और कच्चे मकान नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: पैनिक में सऊदी अरब, MBS ने ट्रंप को 2 बार मिलाया फोन; US का सैन्य दखल से इनकार
AAP ने कसा तंज
AAP ने इस तस्वीर के साथ तंज कसते हुए कहा, 'झुग्गियों को पर्दे से ढकने से हकीकत नहीं बदलेगी, ठीक वैसे ही जैसे 2.6 प्रतिशत GDP ग्रोथ को 7.8 प्रतिशत कहना।' AAP ने यह तंज बीते दिनों GDP पर हुई बहस से जोड़कर कसा है। बीते दिनों भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट 7.8 प्रतिशत रहा लेकिन विपक्ष और कुछ जानकारों ने इसे सराकर की ओर से परोसा गया झूठ कहा था। तर्क दिया गया था कि सरकार ने आधार बदल कर यह आंकड़े पेश किए हैं और वास्तव में जीडीपी ग्रोथ 2.6 प्रतिशत है। इसी को तस्वीर में दिखाया गया है जिसमें पीएम मोदी के कार्टून की पीठ पर फटा हुआ कमीज और सामने से जीडीपी ग्रोथ यानी चीजों को छिपाने की ओर इशारा किया जा रहा है।
पहले भी उठता रहा है मुद्दा
दिल्ली में प्रमुख सड़कों और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के गुजरने वाले रास्तों के आसपास झुग्गियों और अनधिकृत बस्तियों को स्क्रीन, हरे कवर या दूसरे अस्थायी ढांचों से ढकने का मुद्दा पहले भी विवादों में रहा है। बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से पहले शहर की बाहरी तस्वीर को बेहतर दिखाने के लिए इस तरह के इंतजाम किए जाने पर सवाल उठते रहे हैं। अब जब ब्रिक्स समिट के लिए दुनिया के कई देशों से मेहमान दिल्ली में जुटे हैं तो एक बार फिर से यह मुद्दा गरमा गया है। AAP ने इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
यह भी पढ़ें: भारत आने से पहले ही शी चिनफिंग का विरोध, पुलिस ने तिब्बतियों को हिरासत में लिया
दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन
भारत की मेजबानी में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित हो रहा है। सम्मेलन में BRICS के सदस्य देशों के नेता दिल्ली पहुंच रहे हैं। शिखर सम्मेलन की शुरुआत कल शनिवार को होगी। कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 2:35 बजे BRICS सदस्य देशों के नेताओं की बंद कमरे में बैठक होगी। इसके साथ ही इस सम्मेलन से पहले ही कई नेता दिल्ली पहुंच चुके हैं। आज पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की है और अगले दो दिनों में कई देशों के राष्ट्राअध्यक्षों के साथ पीएम मोदी मुलाकात करेंगे।
